By Shivakant Shukla Last Updated:
किक्रेट के मैदान में अपने दमदार प्रदर्शन से लोगों के दिल में जगह बना चुके टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने जब से अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है, तब से उनके फैंस के मन में एक ही सवाल चल रहा है कि आखिर धोनी किस क्षेत्र में अपना कदम रखेंगे? अब जाकर आखिर फैंस के इस सवाल का जवाब माही की पत्नी साक्षी धोनी (Sakshi Dhoni) ने दे ही दिया है।
दरअसल, 15 अगस्त को 2020 को भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। धोनी ने अपने क्रिकेट करियर की तमाम तस्वीरों वाला वीडियो पोस्ट किया था, इसके साथ ही इस वीडियो के बैकग्राउंड में 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाना बज रहा था। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, 'आपके साथ और सहयोग के लिए शुक्रिया। आज शाम 7 बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर माने।' इस खबर के सामने आने के बाद फैंस काफी निराश हो गए थे। भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को तब दोहरा झटका लगा, जब माही के ऐलान के थोड़ी देर बाद ही क्रिकेटर सुरेश रैना ने संन्यास की घोषणा कर दी। फिलहाल, अभी धोनी आईपीएल खेलने के लिए यूएई के दौरे पर गए हुए हैं। तो आइए अब आपको बताते हैं कि धोनी की पत्नी साक्षी ने क्या कहा है? (ये भी पढ़ें: धोनी ने शेयर किया पत्नी साक्षी का एक्टिंग वाला वीडियो, देखिए हंस-हंसकर दोनों का कैसा हुआ हाल)
साक्षी के मुताबिक एम एस धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया है। माही एक्टर के तौर पर नहीं बल्कि बतौर निर्माता फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। क्रिकेटर की पत्नी साक्षी धोनी ने इस नए प्रोजेक्ट के बारे में सारे राज खोल दिए हैं। साक्षी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट के जरिए इस बात की जानकारी दी है।
धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने 'मिड-डे' से बात करते हुए बताया कि, 'उन्होंने एक युवा लेखक से उनकी अप्रकाशित किताब के राइट्स हासिल किए हैं।' साक्षी ने कहा, ''हम इस किताब को लेकर एक वेब सीरीज बनाएंगे, जिसमें एक पौराणिक विज्ञान की कहानी होगी, इस सीरीज में एक अघोरी साधु की यात्रा के बारे में दिखाया जाएगा।'' (ये भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या की पत्नी नताशा ने शेयर की थ्रोबैक फोटो, रोमांटिक अंदाज में नजर आया कपल)
साक्षी ने बताया कि, 'प्रोडक्शन हाउस में धोनी आंशिक तौर पर ही शामिल रहेंगे। कंपनी के रोजाना वाले काम को मैं ही देखती हूं। हालांकि, किसी को भी लेकर आखिरी निर्णय माही और मैं ही करते हैं और इसमें हमारी टीम के सुझाव और इनपुट भी शामिल रहते हैं। हमारा लक्ष्य है कि अच्छी कहानियों का प्रोडक्शन करना।' बताया जा रहा है कि इस सीरीज के लिए स्टारकास्ट की भी तलाश जारी है। वैसे, इससे पहले धोनी की कंपनी ने एक डाक्यूमेंट्री 'रोर ऑफ द लायन' को प्रोड्यूस किया था। इसमें आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के संघर्ष को दिखाया गया था। (ये भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा ने शेयर की शुभमन गिल की फोटो, उड़ी 'डेटिंग' की अफवाह)
यहां आपकी जानकारी के लिए ये बता दें कि धोनी से पहले भी कई भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं, जिनमें विनोद कांबली, अजय जडेजा जैसे कई नाम शामिल हैं। हालांकि, अब तक किसी को भी सफलता हासिल नहीं हो सकी है। तो अब देखना होगा कि आखिर माही इस फील्ड में कहां तक पहुंचते हैं? तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।