By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर (Boney Kapoor) ने दो शादियां की हैं, ये बात तो किसी से भी छुपी नहीं है। बोनी कपूर ने अपनी पहली पत्नी मोना शौरी कपूर (Mona Shourie Kapoor) को शादी के 13 साल बाद तलाक देकर अभिनेत्री श्रीदेवी (Sridevi) से शादी कर ली थी। उस समय मोना ने अपने दोनों बच्चे अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) और अंशुला कपूर (Anshula Kapoor) की अकेले परवरिश की। लेकिन उस दौरान अर्जुन कपूर को स्कूल में अपने पापा की दूसरी शादी के चलते ताने सुनना पड़ता था। हाल ही में, एक्टर ने इस दर्द को बयां किया है। साथ ही एक्टर ने सौतेली बहनों जान्हवी खुशी संग रिश्ते पर भी बात की है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
पहले ये जान लीजिए कि, बोनी कपूर ने साल 1983 में अपनी पहली पत्नी मोना शौरी से शादी रचाई थी। शादी के दो साल बाद 1985 में अर्जुन कपूर और साल 1987 में उनकी बहन अंशुला का जन्म हुआ। लेकिन शादी के करीब 13 साल बाद बोनी कपूर का दिल अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी पर आ गया। कुछ दिनों तक चोरी चुपके दोनों का अफेयर चला। इस बीच शादी से पहले ही एक्ट्रेस श्रीदेवी की प्रेग्नेंसी की खबर सामने आई और फिर साल 1996 में एक मंदिर में श्रीदेवी और बोनी कपूर ने सीधे-सादे अंदाज में शादी कर ली। श्रीदेवी से शादी के वक्त अर्जुन कपूर 12 साल के थे। हालांकि, पति बोनी की दूसरी शादी के बाद अर्जुन कपूर की मां ने अपने दोनों बच्चों की अकेले परवरिश की। लेकिन इस दौरान जब अर्जुन स्कूल जाया करते थे, तब क्लास में उनसे उनकी 'नई मां' श्रीदेवी के बारे उनके दोस्त सवाल करते थे। हाल ही में, एक्टर ने उन दिनों को याद किया है।
(ये भी पढ़ें: जब श्रीदेवी के प्यार में 'पागल' होकर बोनी कपूर ने छोड़ दिया था पहली पत्नी और बच्चों का साथ)
दरअसल, 'बॉलीवुड बबल' को दिए एक इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने उन दिनों को याद करते हुए बताया कि, 'मैं व्यक्तिगत दुख, आघात और उथल-पुथल से गुजरा हूं। मैं जब बड़ा हो रहा था, तब मुझे अपने माता-पिता के अलगाव से गुजरना पड़ा था। उस समय मेरे लिए यह बहुत कठिन था, क्योंकि मेरे पिता हाई प्रोफाइल के व्यक्ति थे और उन्होंने जिस महिला के साथ रहने का फैसला किया था, वह भारत की सबसे बड़ी सुपरस्टार थीं।' अर्जुन कपूर ने आगे कहा, 'स्कूल में आपके सबसे अच्छे दोस्तों द्वारा यह पूछा जाना कि, नई मां होने पर कैसा महूसस होता है? यह आसान नहीं है। इससे आप चीजों के बारे में अधिक संवेदनशील हो जाते हैं। यह वास्तविकता है, मैं इससे लड़ा हूं।'
अर्जुन कपूर ने इसी इंटरव्यू में अपनी फैमिली संग इक्वेशन के बारे में बात करते हुए कहा, 'अगर मैं कहूं कि, हम एक आदर्श फैमिली हैं तो यह एकदम गलत होगा। यह अलग-अलग सोच के बारे में नहीं है, बल्कि हम अब भी अलग-अलग परिवार हैं, जो एक होने और साथ जीने की कोशिश कर रहे हैं। हम एक साथ बहुत ही शानदार समय गुजारते हैं, लेकिन हम अब भी एक यूनिट नहीं हैं। मैं झूठ नहीं कहना चाहता कि, सब एकदम सही है। यह एकदम सही नहीं हो सकता, क्योंकि हम अब भी चीजों को समझने की कोशिश कर रहे हैं।'
इसके पहले, मोना कपूर ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि- ''दोनों की शादी का बच्चों पर भी बुरा असर पड़ा। मेरा बेटा अर्जुन और बेटी अंशुला तब स्कूल में थे। स्कूल में मेरे बच्चों को बुरे-बुरे तानों का सामना करना पड़ा, लेकिन वे स्ट्रॉन्ग बने और उन्होंने पूरी कंडीशन को समझा।''
(ये भी पढ़ें: बॉलीवुड के ऐसे 10 'खान' जिन्होंने हिंदू लड़कियों से की शादी, नहीं जानते होंगे आप)
यहां आपको बता दें कि, साल 1996 में शादी करने के बाद बोनी और श्रीदेवी 1997 में बेटी जान्हवी और 2000 में बेटी खुशी के माता पिता बने। श्रीदेवी से शादी करने के बाद बोनी कपूर ने अपनी पहली पत्नी से सारे रिश्ते तोड़ लिए थे। ऐसे में मोना शौरी कपूर ने अकेले ही बेटे अर्जुन और अंशुला की परवरिश की। शायद यही वजह है कि, अर्जुन ने कभी श्रीदेवी को मां का दर्जा नहीं दिया। हालांकि, अर्जुन ने एक बार यह भी कहा था कि, 'उनकी मां ने उन्हें किसी का अपमान करना नहीं सिखाया है और उनके मन में अपने पिता और उनके परिवार के लिए कोई भी दुर्भावना नहीं है।'
25 मार्च 2012 को बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना शौरी कपूर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वहीं, श्रीदेवी भी 24 फरवरी 2018 को दुबई के 5 सितारा होटल में मृत पाई गई थीं। जिसके बाद से बोनी कपूर अपने आप को अकेला महसूस करते हैं। श्रीदेवी के दुखद निधन के बाद अर्जुन कपूर अपने पिता के साथ खड़े रहे, उन्हें भावनात्मक समर्थन दिया। श्रीदेवी की मौत ने भी अर्जुन की सौतेली बहनों जान्हवी कपूर और ख़ुशी कपूर के साथ बंधन को बेहतर बनाने में एक प्रमुख भूमिका निभाई। इन दिनों वह अपनी दोनों बेटियों के साथ रहते हैं। वहीं, अर्जुन और अंशुला भी अक्सर अपनी फैमिली के साथ देखे जाते हैं।
(ये भी पढ़ें: अर्जुन कपूर और अर्पिता खान के ब्रेकअप के बाद एक्टर का हो गया था ये हाल, खुद बताई हकीकत)
अर्जुन कपूर मौजूदा समय में बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता हैं। उन्होंने साल 2012 में फिल्म 'इशकजादे' से डेब्यू किया था। इसके बाद वह अब तक कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। एक्टर के वर्कफ्रंट की बात करें तो, वह अब फिल्म 'एक विलन 2' और फिल्म 'भूत पुलिस' में नजर आएंगे।
फिलहाल, अर्जुन इस समय सभी पुरानी बातों को भूलकर अपनी फैमिली के साथ एंजॉय कर रहे हैं। तो एक्टर के लेटेस्ट इंटरव्यू के बारे में आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।