By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान (Irrfan Khan) की मौत के सदमे से लोग अभी तक उबर भी नहीं पाए थे कि 67 साल की उम्र में सिनेमा जगत के एक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) 30 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कह गए। इसी के साथ बॉलीवुड का एक और सितारा दुनिया को अलविदा कह गया। खबर सुनते ही उनके लाखों फैंस के दिल टूट गए। वहीं पूरे बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई। सभी सेलिब्रिटी की आंखें नम हो गई हैं। लोग अब उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आइए आपको अभिनेता ऋषि कपूर और उनके बेटे रणबीर कपूर से जुड़ा एक वाकया बताते हैं।
बता दें कि ऋषि कपूर काफी समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। वह पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे। अभिनेता को 2018 में कैंसर का पता चला था और 11 महीने और 11 दिनों तक चलने वाले मज्जा उपचार और रिकवरी से गुजरना पड़ा था। जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में थे, तब उनके बेटे और अभिनेता रणबीर कपूर भी काफी दिनों तक पिता के साथ थे, इस बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने विदेश में इलाज के दौरान ऋषि कपूर से मुलाकात की थी। (ये भी पढ़ें: जब रणबीर को पड़ा जोरदार थप्पड़, जानें आखिर क्यों पिता ऋषि कपूर को उठाना पड़ा था हाथ)
ऋषि कपूर के कैंसर ट्रीटमेंट पर बात करते हुए उनकी पत्नी नीतू कपूर (Neetu Kapoor) ने बताया था कि इस बारे में जानने के बाद बेटे रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) किस कदर परेशान हो गए थे लेकिन उन्होंने फिर भी हिम्मत रखी। (ये भी पढ़ें: बॉलीवुड ने खोया एक और सितारा, 67 साल की उम्र में अभिनेता ऋषि कपूर का हुआ निधन)
ये उस दौरान की बात है जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में कैंसर ट्रीटमेंट के लिए गए हुए थे। वहीं इस बीच नीतू कपूर ने पिंकविला को दिए इंटरव्यू में बताया था कि ऋषि कपूर के बारे में उन्होंने रणबीर कपूर को कैसे बताया था और कैसे उनकी आंखों में उन्होंने आंसू देखे थे। उन्होंने कहा, 'मैंने उसे अपने पास बिठाया और कहा कि मुझे तुमसे कुछ बात करनी है।' नीतू कपूर ने बताया कि मेरी बातें सुनकर रणबीर कपूर की आंखों में आंसू आ गए थे और वो लगभग 1 घंटे तक मान ही नहीं पा रहा था कि ऐसा कैसे हो सकता है।
नीतू कपूर ने आगे बताया कि कुछ घंटों बाद रणबीर कपूर ने खुद को संभाला और कहा- 'चलो इसका सामना करते हैं।' इसके बाद वो खुद ऋषि कपूर को लेने के लिए दिल्ली गए और वहां से इलाज के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे। (ये भी पढ़ें: ऋषि कपूर की लाडली बेटी रिद्धिमा ने इंस्टाग्राम पर पापा की फोटो शेयर कर लिखा इमोशनल मैसेज)
वो ऐसे अभिनेता थे, जिन्हें कैंसर ट्रीटमेंट के दौरान भी अपने काम को लेकर फिक्र थी। इस बात का खुलासा खुद उनके बेटे रणबीर कपूर ने किया था। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक रणबीर ने एक अवॉर्ड ईवेंट में बताया था कि वो न्यूयॉर्क में ट्रीटमेंट के दौरान अक्सर पूछते थे कि वो ठीक होकर घर जाएंगे तो उन्हें कोई काम देगा या वो अब काम कर सकेंगे? रणबीर ने बताया था कि वो अक्सर फिल्म इंडस्ट्री के बारे में पूछते रहते थे। वो बॉलीवुड और भारत में अपनी लाइफ को बहुत मिस करते थे। रणबीर इस बारे में बात करते हुए काफी इमोशनल हो गए थे। ऋषि कपूर आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन कई दशकों तक फिल्मों में दिए गए अपने अमूल्य योगदान से वो हमेशा के लिए अमर हो गए हैं। बॉलीवुडशादीज भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करता है।