By Deepali Srivastava Last Updated:
जहां एक तरफ साल 2020 में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण लोग काफी परेशान हुए और अपने-अपने घरों में कैद हो गये थे। तो वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड और टीवी के कई सेलेब्स ने साल 2020 में ही अपने फैंस को गुड न्यूज भी दी। कई बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेसेस मां बनने वाली हैं और सभी ने अपने बेबी बंप के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी शेयर की हैं। प्रेंग्नेंसी के दौरान एक्ट्रेसेस के पति उनका खास ख्याल रख रहे हैं और सेलेब्स अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया पर लगातार फोटोज़ शेयर करते रहते हैं। यहां हम आपको उन 14 सेलेब्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो माता-पिता बनने वाले हैं या बन चुके हैं।
एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने रिलेशनशिप के बाद साल 2017 में शादी रचाई थी। कपल ने अपने रिश्ते को एक कदम और आगे बढ़ाने का फैसला किया और वो था माता-पिता बनना। अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम से 27 अगस्त 2020 को फोटो शेयर कर ये गुड न्यूज अपने फैंस को दी थी। फोटो में अनुष्का ब्लैक ड्रेस में बेबी बंप के साथ दिख रही हैं और उनके साथ विराट कोहली भी खड़े हैं। फोटो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, 'और फिर, हम तीन हो गए। जनवरी 2021'। कपल ने जैसे ही ये खुशखबरी साझा की उसके बाद फैंस समेत कई सेलेब्स ने भी उन्हें बधाई दी थी। अब सभी उनके पैरेंट्स बनने का इंतजार कर रहे है।
करीना कपूर खान और सैफ अली खान दोबारा माता-पिता बनने जा रहे हैं। 4 साल पहले करीना-सैफ को बेटा हुआ था, जिसका नाम तैमूर अली खान है। 12 अगस्त को करीना और सैफ ने खुशखबरी देते हुए बताया कि उनका बेटा तैमूर जल्द ही बड़ा भाई बनने वाला है। कपल ने जैसे ही ये गुड न्यूज अपने फैंस को दी थी, सभी ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया था। इसके बाद करीना-सैफ ने सभी का शुक्रिया अदा किया था।
अभिनेता करणवीर बोहरा और टीजे सिद्धू तीसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। पिछले दिनों करणवीर बोहरा ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, 'भगवान ही सबके रचियता है। वह अपने हाथों से छोटी से छोटी चीज का ध्यान रखते हुए एक शिल्प बनाते हैं। हम को इसका एक जरिया है। उसके स्टोर में हमारे लिए क्या है मैं उसे पाने का इंतजार करते हैं। इस खूबसूरत आशीर्वाद के लिए भगवान का बहुत धन्यवाद। हम आभारी हैं कि उसने हमें फिर से माता-पिता बनने के लिए चुना है। आने वाले नन्हें मेहमान के लिए बहुत सारा प्यार'। करणवीर और टीजे की दो बेटियां हैं और कपल सोशल मीडिया पर दोनों की फोटोज़ शेयर करते रहते हैं।
टीवी शो 'नागिन' फेम एक्ट्रेस अनिता हस्सनंदनी भी मां बनने वाली हैं। अनिता के पति रोहित रेड्डी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें अनिता मैजिक से सामने आ जाती हैं। इस वीडियो में अनिता का बेबी बंप दिखाई दे रहा है, जैसे ही ये वीडियो शेयर किया गया फैंस कपल को बधाई देने लगे। अनिता और रोहित फरवरी 2021 में अपने बच्चे का स्वागत करेंगे।
एक्टर नकुल मेहता और उनकी पत्नी जानकी पारेख माता-पिता बनने वाले हैं, ये जानकारी नकुल ने 7 नवंबर 2020 को अपने फैंस के साथ शेयर की। 9 साल एक-दूसरे को डेट करने और 8 साल की शादी निभाने के बाद कपल अब पैरेंट्स बनने जा रहे हैं। नकुल ने पत्नी जानकी की बेबी बंप की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'बेस्ट फ्रेंड, गर्लफ्रेंड, मिसेस और अब यह। हमारा क्वारंटीन बिल्कुल भी बोरिंग नहीं था।'
साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी सरजा ने एक्ट्रेस मेघना राज से साल 2018 में शादी की थी। 7 जून 2020 में एक्टर चिरंजीवी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। चिरंजीवी के इस तरह से चले जाने पर लाखों फैंस के दिल टूट गये। चिरंजीवी पहली बार पिता बनने वाले थे, मेघना राज ने 22 अक्टूबर 2020 को बेटे को जन्म दिया और उसकी पहली फोटो चिरंजीवी की तस्वीर के साथ शेयर की थी। (ये भी पढ़ें: ऐसी 10 टीवी एक्ट्रेसेस जिन्होंने अपने से कम उम्र के लड़कों से की है शादी, जानें इनके बारे में)
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने बिजनेसमैन राज कुंद्रा से 22 नवंबर 2009 को शादी की थी। शिल्पा ने साल 2012 में बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम वियान है। इसी साल 15 फरवरी 2020 को शिल्पा और राज ने अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया। कपल ने सेरोगेसी की मदद से बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम शमीषा शेट्टी कुंद्रा रखा है। शिल्पा ने अपने इंस्टाग्राम से अपनी बेटी के साथ फोटो शेयर की थी और लोगों ने उन्हें खूब शुभकामनाएं दी थी।
टीवी एक्ट्रेस स्मृति खन्ना ने अपने को-स्टार गौतम गुप्ता से साल 2017 में शादी की थी। शादी के दो साल बाद कपल ने साल 2019 में फैंस को अपने माता-पिता बनने की खुशखबरी दी थी। इसके बाद स्मृति ने इसी साल 15 अप्रैल 2020 को बेटी को जन्म दिया था। कपल ने बेटी का बेहद खूबसूरत और अलग नाम रखा अनायका। अनायका का मतलब होता है (शक्तिशाली)। बेटी के जन्म के बाद कपल अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के साथ फोटो शेयर करता रहता है।
टीवी सीरियल 'कुमकुम भाग्य' फेम एक्ट्रेस शिखा सिंह के पति करण शाह ने 22 अप्रैल को अपने माता-पिता बनने की खुशखबरी फैंस को दी थी। शिखा सिंह ने 16 जून 2020 को बेटी को जन्म दिया था और कपल ने उसका नाम अलायना सिंह शाह रखा है। कपल ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर की थी, जिसमें शिखा करण अपने लिटिल परी के साथ नजर आ रहे हैं। (इसे भी पढ़ें: टीवी की 8 फेमस ननद-भाभी की जोड़ियां, जो एक-दूसरे से करती है बहनों जैसा प्यार)
एक्टर सुमित व्यास सोशल मीडिया सेंसेशन हैं और एक्ट्रेस एकता कौल टीवी की दुनिया की रानी हैं। सुमित और एकता की एक्टिंग को लोग जितना पसंद करते हैं, उससे कहीं ज्यादा कपल की जोड़ी को पसंद करते हैं। एकता और सुमित ने इसी साल अप्रैल में अपने पैरेंट्स बनने की गुड न्यूज दी थी। 3 जून को एकता ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम वेद रखा है।
टीवी एक्ट्रेस पूजा बनर्जी ने शादी के 4 महीने बाद ही अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर फैंस को खुशखबरी दी। 9 अक्टूबर को पूजा ने बेटे को जन्म दिया और एक्टर कुणाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपने क्यूट बेबी के साथ फोटो शेयर की थी। (ये भी पढ़ें: 'सुपर मॉम' हैं एक्ट्रेस काजोल, दो बार मिसकैरेज के बाद बनी मां, बेटी के लिए रह रहीं अजय देवगन से अलग)
टीवी सीरियल 'उतरन' फेम एक्ट्रेस परिनीति पंडित ने साल 2014 में एक्टर शिवी पंडित से शादी रचाई थी। इसी साल 10 जून को परिनीता ने 7 महीने की गर्भवती होने की खबर अपने फैंस को दी। एक्ट्रेस ने 7 अगस्त 2020 को अपने इंस्टाग्राम हैंडल से अपने बेबी बंप के साथ फोटो शेयर की थी। इसके बाद 18 सितंबर को एक्ट्रेस ने बेटी को जन्म दिया। कपल ने अपनी क्यूट एंजल का नाम अनायशा रखा है।
क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और उनकी मंगेतर नताशा स्टेनकोविच ने साल 2020 के शुरुआत में ही अपने फैंस को अपनी सगाई की खबर देकर हैरान कर दिया था। इसके बाद कपल ने जल्द ही शादी करने और घर में बच्चे की किलकारी गूंजने की बात अपने फैंस से शेयर की। 30 जुलाई 2020 को नताशा ने बेटे को जन्म दिया था और कपल ने अपने लिटिल बॉय का नाम अगस्त्य पांड्या रखा है।
फ़िल्म 'विवाह' में अपनी सादगी से सभी का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस अमृता राव भी मां बनने वाली है। 13 अक्टूबर को अमृता को अपने पति अनमोल के साथ खार के एक क्लीनिक के पास देखा गया था। उस दौरान अमृता का बेबी बंप साफ नजर आ रहा था। फैंस ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाने शुरु कर दिये थे, इसके बाद अमृता राव ने बताया था कि वो 9 महीने की प्रेग्नेंट हैं। इसके बाद 1 नवंबर को अमृता राव ने बेटे को जन्म दिया और 6 नवंबर को कपल ने बेटे की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
यहां हमने जिन कपल्स के बारे में आपको बताया उनके घर या तो किलकारियां गूंजने वाली है या नन्हा मेहमान आ चुका है। ऐसे में एक्ट्रेसेस के पति उनका खास ख्याल रख रहे हैं। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसे लगी? हमें कमेंट करके ये जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।