By Rinki Tiwari Last Updated:
बी-टाउन में अफेयर, शादी और तलाक की खबरें आए दिन सामने आती हैं। फैंस जहां अपने फेवरेट सितारों की शादी पर खुश होते हैं, वहीं सालों शादी में रहने के बाद अचानक उनके तलाक की खबर लोगों को हैरान कर देती है। बॉलीवुड का एक और पसंदीदा स्टार कपल जल्द ही अलग होने वाला है। जी हां, हम बात कर रहे हैं अभिनेता सोहेल खान (Sohail Khan) और उनकी पत्नी सीमा सचदेव (Seema Sachdeva) की, जो जल्द ही तलाक लेने वाले हैं।
दरअसल, 13 मई 2022 को सोहेल खान और सीमा सचदेव को मुंबई के फैमिली कोर्ट के बाहर स्पॉट किया गया। दोनों अलग-अलग वहां पहुंचे और अलग-अलग ही वहां से निकले। कहा जा रहा है कि, दोनों वहां तलाक की अर्जी दाखिल करने के लिए पहुंचे थे। दोनों अपनी शादी के 24 साल बाद अलग हो रहे हैं।
(ये भी पढ़ें- सोहेल खान ने फिल्म 'जब प्यार किया तो डरना क्या' की रिलीज के दिन भागकर की थी शादी, ऐसी है लव स्टोरी)
‘ई-टाइम्स’ की रिपोर्ट में एक सोर्स ने सोहेल और सीमा के तलाक की पुष्टि भी की है। सूत्र ने पोर्टल को बताया है कि, “सोहेल खान और सीमा सचदेव आज कोर्ट में मौजूद थे। उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दी है। दोनों एक-दूसरे के प्रति फ्रेंडली थे। सोहेल और सीमा जल्द ही अपने तलाक को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट करने वाले हैं।”
दिल्ली की रहने वाली सीमा सचदेव फैशन डिजाइनर बनने का सपना लिए दिल्ली से मुंबई पढ़ाई करने आई थीं। 1997 में मुंबई शिफ्ट होने के कुछ दिनों बाद ही उनकी मुलाकात सोहेल से एक पार्टी के दौरान हुई थी। उस पार्टी में सोहेल को पहली नजर में ही सीमा से प्यार हो गया था और खान फैमिली के इस छोटे साहबजादे ने उसी वक़्त सीमा को अपना बनाने का ठान लिया था। हालांकि, उनके लिए शादी करना इतना आसान नहीं था।
सीमा और सोहेल जब शादी के लिए राजी हो गए, तो उन्होंने यह बात अपने-अपने घरों में बताई थी। चूंकि, सीमा एक पंजाबी फैमिली से ताल्लुक रखती हैं और सोहेल मुस्लिम समुदाय से, इसलिए दोनों के घरवालों ने साफ इनकार कर दिया था। लेकिन वो कहावत है कि "प्यार और जंग में सब जायज है" तो सोहेल और सीमा ने भी हिम्मत जुटाते हुए इसी राह पर चलने का ठाना और घर से भाग कर शादी करने का फैसला कर लिया था।
शादी करने के लिए सोहेल ने अपनी जिंदगी का स्पेशल दिन चुना था। जब बतौर प्रोड्यूसर 1998 में उनकी पहली फिल्म 'जब प्यार किया तो डरना क्या' रिलीज हुई थी, उसी दिन दोनों ने आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर ली थी। शादी करने के बाद जब सोहेल और सीमा घर पहुंचे, तो 'खान फैमिली' ने दोनों की शादी को कुबूल कर लिया और दोनों का निकाह कराकर उन्हें अपना लिया था। उनके दो बेटे निर्वाण खान और योहान खान हैं।
(ये भी पढ़ें- कोकिलाबेन अंबानी की परपोते पृथ्वी आकाश अंबानी संग प्यारी तस्वीर आई सामने, बेहद खुश दिखे दोनों)
फिलहाल, सोहेल और सीमा ने आखिर शादी के इतने साल बाद तलाक का फैसला क्यों लिया, इस बात के जवाब का उनके फैंस को इंतजार रहेगा। वैसे, आपको ये कपल कैसा लगता था? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।