By Deeksha Priyadarshi Last Updated:
70 और 80 के दशक की खूबसूरत बॉलीवुड अभिनेत्री स्मिता पाटिल (Smita Patil) किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। स्मिता को कई लोग खूबसूरत अभिनेत्री के तौर पर जानते हैं, तो कई उनके एक्टिंग के दीवाने हैं। 'मंथन', 'आक्रोश', 'चक्र', 'आखिर क्यों', 'नजराना', 'अर्थ' और 'भूमिका' जैसी दमदार फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री पर राज किया था। स्मिता न चाहते हुए फिल्म इंडस्ट्री में आई थीं, मगर उन्होंने फिल्मी दुनिया में अपना नाम इस तरह स्थापित किया कि, उन्हें साल 1985 में उनके बेहतरीन अदाकारी के लिए 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
स्मिता पाटिल का जन्म 7 अक्टूबर 1955 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। 16 साल की उम्र में उन्होंने बतौर न्यूज रीडर नौकरी करना शुरू कर दिया था। वह मुंबई में दूरदर्शन पर मराठी भाषा में समाचार पढ़ा करती थीं। उस समय लड़कियों का जीन्स पैंट पहनना बड़ी बात हुआ करती थी, लेकिन मॉडर्न ख्यालों की स्मिता जीन्स-टॉप पहनकर न्यूजरूम में दाखिल होती थीं और जीन्स के ऊपर ही साड़ी लपेटकर कैमरे पर न्यूज पढ़ती थीं।
(ये भी पढ़ें- जब राज बब्बर ने कबूली थी रेखा से अफेयर की बात, दूसरी पत्नी स्मिता पाटिल की मौत के बाद आए थे करीब)
उस दौरान स्मिता पाटिल बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक थीं। अपने करियर में वो कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ती जा रही थीं। साल 1982 में 'भीगी पलकें' की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात अभिनेता राज बब्बर से हुई। दोनों में दोस्ती हुई और दोस्ती कब प्यार में बदल गई दोनों में से किसी को भी पता नहीं चला। राज बब्बर पहले से शादीशुदा थे। उन्होंने मशहूर थिएटर आर्टिस्ट नादिरा जहीर से शादी की थी। राज और नादिरा के दो बच्चे (आर्य बब्बर और जूही बब्बर) भी थे। जिसके कारण स्मिता को अपने रिश्ते के लिए बहुत सी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
उस समय स्मिता और राज बब्बर के रिश्ते को लेकर कई सवाल उठाए गए। यहां तक कि, उनके बारे में कहा गया था कि, उन्होने राज बब्बर का बसा-बसाया घर तोड़ दिया। कई मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कहा जाता है कि, राज को स्मिता से इस कदर प्यार हो गया था कि, वे अपने पत्नी और बच्चों को छोड़कर स्मिता के साथ लिव इन में रहते थे। उस समय में भारत में लिव इन में रहने को बहुत ही खराब नजरों से देखा जाता था।
स्मिता अपने और राज के रिश्ते को कोई नाम देना चाहती थीं और इसलिए वो चाहती थीं कि, उनकी और राज बब्बर की शादी हो जाए। मगर, उनकी मां इस शादी के खिलाफ थीं। हालांकि स्मिता अपने प्यार के लिए अपनी मां के खिलाफ तक चली गई थीं। स्मिता के लिए उनकी मां रोल मॉडल थीं लेकिन राज बब्बर से प्यार और शादी को लेकर उन्होने अपनी मां की बात भी नहीं मानी। राज ने कहा था, वो अपनी पहली पत्नी को तलाक देकर, उनसे शादी कर लेंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं और समाज के तानों से परेशान होकर स्मिता ने साल 1985 में राज से शादी कर ली थी।
(ये भी पढ़ें: इन स्टार वाइव्स ने अपने पतियों को दिया दूसरा मौका, शादी के बाद भी चला रहे थे चक्कर)
शादी के एक साल को अंदर ही स्मिता ने 28 नवंबर 1986 को अपने बेटे प्रतीक बब्बर को जन्म दिया था। स्मिता पाटिल की प्रेग्नेंसी को लेकर कुछ समस्याएं थीं और प्रतीक के पैदा होने के 15 दिनों के बाद 13 दिसंबर 1986 को उनकी मौत हो गई थी। स्मिता ने मात्र 31 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया, मगर उनके द्वारा फिल्मी पर्दे पर निभाए गए कई किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं।
(ये भी पढ़ें: राज बब्बर-स्मिता पाटिल और नादिरा: ऐसा लव ट्राएंगल जिसने कई जिंदगियों पर डाला गहरा असर)
फिलहाल, स्मिता पाटिल और राज बब्बर की प्रेम कहानी के बारे में आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।