By Varsha Kharkhodia Last Updated:
मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला (Sidhu Moosewala) की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी मौत से पूरा देश सदमे में है। कल यानी 31 मई 2022 को उनके पैतृक गांव मूसा में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 28 साल के अविवाहित सि्द्धू को दूल्हे की तरह सजाकर अंतिम विदाई दी गई।
सिद्धू मूसे वाला को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। अस्पताल से मूसा तक, कड़ी सुरक्षा के बीच गायक का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया। इस दौरान उनके घर मातम पसरा हुआ था। उनके मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।
(ये भी पढ़ें- पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसे वाला की होने वाली थी शादी, मां ने शुरू कर दी थी तैयारियां)
अंतिम संस्कार के लिए मूसे वाला को एक दूल्हे की तरह सजाया गया था। उनके सिर पर सेहरा और पगड़ी देखी जा सकती है। बता दें कि, पंजाब में ये रिवाज है, जब कोई अविवाहित नौजवान की मृत्यु हो जाती है, तो उसे दूल्हे की तरह सजाकर अंतिम विदाई दी जाती है।
बताया जा रहा है कि, गायक की मां ने उनके बाल संवारे थे और पिता ने उनके सिर पर सेहरा व लाल रंग की पगड़ी बांधी थी। सिद्धू की 6 महीने बाद शादी होने वाली थी। खबर है कि, जिस लड़की से उनकी शादी होने वाली थी, उनका भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सिद्धू मूसे वाला की अंतिम यात्रा के लिए उनके पसंदीदा पीले रंग के ट्रैक्टर को फूलों से सजाया गया था। उन्होंने इस ट्रैक्टर पर अपने कई गाने फिल्माए थे। मूसे वाला की अंतिम यात्रा में पंजाब से लेकर राजस्थान तक से लोग शामिल हुए थे। ट्रैक्टर पर सिंगर के माता-पिता हाथ जोड़े खड़े थे।
बता दें कि, सिद्धू मूसे वाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले के वक्त वो अपनी जीप से कहीं जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ उनका एक साथी भी था, जो इस हमले में बुरी तरह से घायल हो गया था। ये घटना पंजाब सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के ठीक एक दिन बाद हुई थी। बताया जा रहा है कि, सिंगर की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।
(ये भी पढ़ें- सिद्धू मूसे वाला से जुड़ी अनसुनी बातें: विवादों से रहा है नाता, तय किया सिंगर से नेता बनने तक का सफर)
फिलहाल, हम सिद्धू मूसे वाला के परिवार को इस मुश्किल समय से उबरने की प्रार्थना करते हैं।