By Manali Rastogi Last Updated:
बॉलीवुड के मशहूर विलेन की बात हो और इस लिस्ट में शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) का नाम ना आए तो समझिए कि वो लिस्ट अधूरी है। आज शक्ति जिस मुकाम पर हैं, उसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। यही कारण है कि आज भी उनकी गिनती पॉपुलर विलेन के रूप में होती है। 3 सितबंर 1952 को जन्मे इस 67 वर्षीय एक्टर का दीवाना हर कोई है क्योंकि शक्ति को फैंस आज भी उनके दमदार किरदार और एक्टिंग के लिए पसंद करते हैं। वैसे शक्ति फैंस के बीच अपने नेगेटिव रोल्स के साथ-साथ अपनी कॉमेडी के लिए भी काफी मशहूर हैं।
कई फिल्मों में प्रेमी जोड़ियों की लव स्टोरी में विलेन बने शक्ति कपूर की लव लाइफ काफी रोमांटिक और हिट रही हैं। जी हां, बेहद कम लोगों को ये जानकारी है कि शक्ति ने लव मैरिज की थी। हालांकि, कई लोगों को ये भी नहीं पता है कि शक्ति की पत्नी शिवांगी कोल्हापुरे (Shivangi Kolhapure) भी 80 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस रह चुकी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1980 में आई फिल्म 'किस्मत' से की थी। इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती और रंजीता लीड रोल में थे। इस फिल्म में शक्ति कपूर ने भी काम किया था। दोनों की पहली मुलाकात इसी फिल्म के सेट पर हुई थी। (ये भी पढ़ें: Mahesh Babu Namrata Shirodkar Love Story: जब महेश बाबू नम्रता शिरोडकर को पहली नजर में दे बैठे थे दिल)
पहले इस फिल्म के लिए शिवांगी की बहन पद्मिनी कोल्हापुरे को साइन किया गया था, लेकिन दूसरे प्रोजेक्ट्स में बिजी होने की वजह से पद्मिनी ने फिल्म ‘किस्मत’ में काम करने से मना कर दिया था। इसके बाद पद्मिनी की जगह शिवांगी को इस फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया गया, जिसे उन्होंने अपना लिया। इस तरह से शिवांगी फिल्म ‘किस्मत’ का हिस्सा बन गईं। ऐसे में शक्ति और शिवांगी को इस बात का अंदाजा बिल्कुल नहीं था कि यही फिल्म ही दोनों की किस्मत बदलने वाली है। हालांकि, फिल्म के सीन कुछ इस तरह से रखे गए थे, जिसमें शिवांगी और शक्ति का कोई सीन एक दिन में क्लैश ना हो रहा हो।
मगर किस्मत चाहती थी कि दोनों का मिलन हो। ऐसे में कुछ कारणों की वजह से फिल्म की ओरिजिनल डेट्स काफी लेट हो रही थीं, इसलिए देरी ना होने के लिए शक्ति और शिवांगी के शूट्स एक ही दिन रखे गए। एक ही दिन शूट होने की वजह से दोनों की मुलाकातों का दौर शुरू हो गया। इसी क्रम में दोनों अच्छे दोस्त बन गए। जब दोनों की इस फिल्म के सेट पर मुलाकात हुई थी, तब दोनों ही अपने करियर को लेकर स्ट्रगल कर रहे थे, लेकिन वो कहते हैं ना कि बुरा दौर जल्द खत्म हो जाता है। यही दोनों के साथ भी हुआ जब फिल्म ‘किस्मत’ हिट साबित हुई और दोनों का करियर भी हिट हो गया। (ये भी पढ़ें: जब अभिषेक बच्चन असली की बजाए नकली अंगूठी से ऐश्वर्या राय को कर बैठे थे प्रपोज, कई साल बाद हुआ खुलासा)
इस फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के प्यार में पागल तो हो ही चुके थे और फिर फिल्म भी हिट हो गई, जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। मगर शादी करना इतना आसान नहीं था। शिवांगी के घरवाले इस शादी के खिलाफ थे लेकिन दोनों ने भागकर शादी कर ली। उस वक्त शिवांगी मजह 18 साल की थीं। शिवांगी कोल्हापुरे और शक्ति कपूर के दो बच्चे श्रद्धा कपूर और सिद्धांत कपूर हैं। शादी के बाद शिवांगी ने फिल्मों से किनारा कर लिया और परिवार में व्यस्त में हो गईं। आज दोनों अपने छोटे और सुखी परिवार के साथ एक खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं। (ये भी पढ़ें: Udit Narayan Love Story: जब उदित नारायण ने पहली पत्नी से छुपाकर और बिना तलाक दिए की थी दूसरी शादी)
आपको बताते चलें कि शक्ति और शिवांगी के दोनों बच्चे भी अपनी-अपनी लाइफ में काफी कमाल कर रहे हैं। जहां श्रद्धा कपूर जानी-मानी एक्ट्रेस हैं तो वहीं उनके बड़े भाई सिद्धांत कपूर भी एक एक्टर हैं। हालांकि, उन्हें अभी तक वो शोहरत हासिल नहीं है, जो श्रद्धा के पास है। वैसे सिद्धांत एक एक्टर होने के साथ-साथ एक असिस्टेंट डायरेक्टर भी हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि स्टार किड होने के बावजूद सिद्धांत ने अपने करियर की शुरुआत बतौर डिस्क जॉकी की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में बतौर असिस्टंट डायरेक्टर के तौर पर काम करना शुरू किया था।
यही नहीं, सिद्धांत अपनी बहन श्रद्धा कपूर के साथ भी स्क्रीन शेयर कर चुके हैं, दोनों भाई-बहन फिल्म हसीना पार्कर में एक साथ नजर आए थे, जहां फिल्म में श्रद्धा ने दाऊद की बहन की भूमिका निभाई थी, तो वहीं सिधांत ने फिल्म में दाउद की भूमिका अदा की थी, फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर कुछ कमाल ना दिखा सकी। सिद्धांत हिंदी सिनेमा में फिल्म सत्ते पे सत्ता से डेब्यू करने वाले थे, हालांकि यह फिल्म ठंडे बस्ते में बंद हो गयी। उसके बाद वर्ष 2013 में सिद्धांत ने फिल्म शूटआउट वडाला से डेब्यू किया, इस फिल्म में मुख्य भूमिका में अनिल कपूर, कंगना रानौत और जॉन अब्राहम थे। इसके बाद सिद्धांत अनुराग कश्यप निर्देशित साय्क्लोजिकल थ्रिलर फिल्म अगली में नजर आए। (ये भी पढ़ें: आपके किचन में छुपे ये 5 सामान खूबसूरती को लगाएंगे चार चांद, जानिए क्या हैं वो सौंदर्य सामग्रियां)
वहीं, श्रद्धा कपूर की बात की जाए तो उन्होंने अपने करियर की शुरूआत फिल्म 'तीन पत्ती' से की थी। फिल्म तो ज्यादा नहीं चल पाई थी, लेकिन श्रद्धा के अभिनय को सराहा गया और उन्हें नवोदित अभिनेत्री के तौर पर फिल्मफेयर अवार्ड के लिए भी नामांकित किया गया था। इसके बाद वो फिल्म 'लव का द एंड' में नजर आई थीं, लेकिन फिल्म 'आशिकी 2' ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में असली पहचान दिलाई और फिल्म को हर तरफ से सराहा गया। इसके बाद तो उनके करियर में सब कुछ अच्छा ही होता गया और उन्होंने एक विलेन, हैदर, एबीसीडी 2, बागी, ए फ़्लाइंग जट्ट, हाफ गर्लफ्रैंड, और स्त्री जैसी कई हिट फिल्में की हैं।
दोनों की लव स्टोरी जानने के बाद तो कई लोगों को इस बात पर विश्वास ही नहीं होता कि फिल्मों में विलेन की भूमिका में नजर आने वाले शक्ति कपूर रियल लाइफ में उसके उल्टे हैं। वैसे आपको शिवांगी कोल्हापुरे और शक्ति कपूर की जोड़ी कैसी लगती है, हमें कमेंट करके बताइएगा। साथ ही हमारे लिए कोई सलाह है तो जरूर दें।