By Rinki Tiwari Last Updated:
एक दुल्हन के लिए उसकी शादी का जोड़ा सबसे ऊपर होता है और अब तो लहंगों का एक नया ट्रेंड चल पड़ा है, जिसमें सिर्फ लाल रंग का जोड़ा नहीं, बल्कि पेस्टल कलर्स की ड्रेसेस में दुल्हनें परी की तरह लगती हैं। हमने कई दुल्हनों को देखा है, जिन्होंने लाल जोड़े की परंपरा को तोड़ अन्य रंगों की ओर अपना रुख मोड़ा और अपने वेडिंग लुक से सभी को हैरान कर दिया।
हमारी ब्राइड टऑफ द वीकट ने भी कुछ ऐसा ही किया था। हमारी दुल्हन ने अपनी शादी में व्हाइट-ह्यूड लहंगा पहनकर अपनी शादी के जश्न को दोगुना रोशनी से भर दिया था। जैसा कि, हर दुल्हन अपनी शादी में फेमस फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के कलेक्शन से लहंगा पहनना चाहती है और इस दुल्हन ने भी अपने इसी ख्वाब को पूरा किया।
(ये भी पढ़ें- दुल्हन ने शादी की हर रस्म में चुना अलग डिजाइनर, वलीमा पर मनीष मल्होत्रा के लहंगे में दिखीं सुंदर)
मिलिए हमारी 'ब्राइड ऑफ द वीक' जसमीन समरान से, जिन्होंने कैलिफोर्निया में अपने दूल्हे राजा ताज समरान के साथ आनंद-कारज रीति-रिवाज से शादी की थी। दोनों ने अपने खास दिन के लिए यूनिक कलर के आउटफिट पहने थे। दुल्हन ने सफेद रंग का क्लासिक फ्लोरल लहंगा चुना था। जसमीन के फूलों के प्रिंट वाले लहंगे में मोटी-मोटी मोटिफ का काम किया गया था, जिस पर मल्टीकलर ज़री का वर्क था।
जसमीन ने लहंगे को वाइट नेट के दुपट्टे के साथ पेयर किया था, जिस पर मल्टी कलर्ड शिमरी बॉर्डर था। उन्होंने अपने लुक को स्टोन-जड़ित चोली के साथ पूरा किया था, जिस पर फ्लोरल पैटर्न की कढ़ाई की गई थी। दुल्हन ने अपनी शादी में सफेद गुलाब का एक गुलदस्ता भी लिया था, जो उनकी ड्रेस से पूरी तरह मेल खा रहा था।
दुल्हन ने अपनी शादी के लुक को अनकट हीरों और हरी बूंदों के हार, मैचिंग इयररिंग्स, मांग टीका, एक नथ, एक हाथफूल, एक पारंपरिक चूड़ा सेट और ट्रिंकेट वाले सिंगल कलीरे से पूरा किया था। जसमीन ने अपना मेकअप मिनिमल रखते हुए अपने लुक को न्यूड लिपस्टिक, स्मोकी ब्राउन आईज, छोटी बिंदी और हल्के मस्कारा से निखारा था। उन्होंने साफ-सुथरे बन के साथ अपना मेकअप पूरा किया था और उसमें कुछ सफेद गुलाब भी जोड़े थे, जिससे उनका लुक परफेक्ट बन गया था।
जसमीन के दूल्हे ताज ने सफेद रंग की शेरवानी के साथ मैचिंग दोशाला पहन रखी थी। उनके आउटफिट में फूलों के पैटर्न में डिजाइन किए गए पत्थर और मोती थे। उन्होंने ब्लू कलर की पगड़ी के साथ अपने लुक को शाही टच दिया था, जिसमें वह किसी महाराजा से कम नहीं लग रहे थे।
कपल ने अपनी रिसेप्शन पार्टी के लिए भी सब्यसाची के आउटफिट को चुना था। जसमीन ने मॉस-ग्रीन लहंगा पहना था, जिसमें पत्थरों से सजी फूलों की आकृतियां और गोल्डन ज़री बॉर्डर था। उन्होंने अपने लहंगे के साथ नेट दुपट्टा और हैवी एम्बेलिश्ड चोली पेयर की थी। वहीं, ताज ने हरे रंग का शानदार सूट और बेज रंग का वास्कट पहना था। दोनों साथ में परफेक्ट लग रहे थे।
दुल्हन ने अपने लुक को हैवी नेकपीस, अनकट स्टोन्स, मैचिंग झुमका, पासा और चूड़ा सेट के साथ कंप्लीट किया था। अपनी रिसेप्शन पार्टी के लिए उन्होंने अपने लुक को मिनिमलिस्टिक मेकअप के साथ जोड़ना पसंद किया था, जिसमें एक बिंदी, बोल्ड आई और न्यूड लिपस्टिक शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने मेसी बन चुना था। अपने ओवरऑल लुक में वह सुपर क्लासी लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- मनीष मल्होत्रा की इन दुल्हनों ने पहने अलग-अलग ग्रीन शेड्स के लहंगे, दिखीं बेहद खूबसूरत)
फिलहाल, हमें तो दुल्हन का दोनों लुक बेहद पसंद आया। वैसे, आपको कौन सा लुक सबसे ज्यादा पसंद आया? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।