टीवी एक्ट्रेस हिना खान (Hina Khan) ने अपने करियर में काफी ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने सीरियल में काम करते हुए भी अपने जलवे रेड कार्पेट तक बिखेरे हैं। उन्हें टीवी इंडस्ट्री की स्ट्रॉन्गेस्ट एक्ट्रेस कहा जाता है, लेकिन पिता के निधन के बाद हिना खान बुरी तरह टूट गई थीं। हाल ही में, एक्ट्रेस के बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल ने एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि, कैसे हिना अपने पिता के निधन के बाद तहस-नहस हो गई थीं। आइए आपको बताते हैं रॉकी ने क्या कहा है।
पहले ये जान लीजिए कि, हिना खान के पिता का 20 अप्रैल 2021 को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उस वक्त हिना अपने म्यूजिक वीडियो के शूट के लिए कश्मीर में थीं। ऐसे में जब उन्हें पिता के बारे में पता चला, तो वो तुरंत मुंबई पहुंची थीं। पिता के निधन के 3 महीने बाद भी हिना खान अपने पिता के खोने के दर्द से नहीं उभरी हैं।
(ये भी पढ़ें- सपना चौधरी ने अपने बेटे के बारे में की बात, बताया कब शेयर करेंगी फोटो और बताएंगी नाम)
20 जुलाई 2021 को हिना खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ थ्रोबैक तस्वीरें शेयर की थीं, जिसमें वो अपने पिता के साथ हैप्पी मोमेंट बिताते हुए नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के साथ हिना खान ने भावुक होते हुए कैप्शन में लिखा था, ‘वह हमेशा कहा करते थे कि, तुम्हारी खुशी में ही मेरी खुशी है। मेरे लिए पूरे दिल से सबसे पहले ताली बजाने वाले। आपकी आंखों की चमक याद आती है पापा..। आज तीन महीने हो गए। 20 अप्रैल 2021। डैडीज स्ट्रांग गर्ल। आप हमेशा मुझे यही कहकर बुलाते थे। आपका नुकसान सहन करने के लिए, मैं इतनी मजबूत नहीं हूं, पिताजी।’
(ये भी पढ़ें- गीता बसरा ने बेटे का नाम जोवान रखने की बताई वजह, इंटरव्यू में कही ये बात)
अब आपको एक्ट्रेस के बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल के इंटरव्यू के बारे में बताते हैं। दरअसल, प्रोड्यूसर रॉकी जायसवाल ने ‘जूम डिजिटल’ संग बातचीत की है, जिसमें उन्होंने बताया कि, कैसे पिता के निधन के बाद हिना खान दुखद दौर से गुजरी हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे ये बताने के लिए पर्याप्त शब्द नहीं मिल रहे हैं कि, वह किस चीज से गुजरी हैं और ये बात बहुत से लोग जानते हैं। लेकिन मुझे पता है कि, वो तबाह हो गई थीं। वो अपने पिता के निधन से एक दम शॉक में आ गई थीं। हिना अपने पिता के बहुत करीब थीं।’
रॉकी ने अपनी जारी रखते हुए कहा, ‘उनके पिता हिना का सारा काम संभालते थे और उन्हें राजकुमारी की तरह ट्रीट करते थे। ऐसे में उन्हें इस तरह से जाते हुए देखना हिना के लिए दिल दहला देने वाला था। हिना की तरह उनकी मां भी काफी मजबूत हैं। धीरे-धीरे और दृढ़ता के साथ उन्होंने सभी दर्द को सहन किया।’ रॉकी ने अपने इंटरव्यू में आगे बताया कि, कैसे हिना को दुख में देखकर उन्हें बुरा महसूस होता था। उन्होंने कहा, ‘मैं इन सब चीजों से काफी प्रभावित हुआ था। मैं भी उनके पिता के काफी करीब था। हमने एक छत के नीचे कई सारी बातचीत की हैं। इसलिए ये पल काफी कठिन था। मैं उम्मीद करता हूं कि, जल्द ही हिना फिर से मजबूती के साथ सामान्य स्थिति में आ जाएंगी।’
(ये भी पढ़ें- गीता बसरा ने फेयरीटेल अंदाज में बेटी हिनाया को विश किया बर्थडे, लाडली के लिए लिखी ये बात)
फिलहाल, ये तो साफ है कि, रॉकी अपनी गर्लफ्रेंड हिना खान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। तो प्रोड्यूसर के इस इंटरव्यू पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।