By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में से एक रहे ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) अब भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें उनके फैंस, दोस्त और परिवार कभी नहीं भूला सकते। ऋषि कपूर का आज यानी 4 सितंबर 2020 को 68वां जन्मदिन है। आज अगर इस खास मौके पर वह हमारे बीच होते तो कोई और ही बात होती। लेकिन उनके न होने के बाद भी उनके फैंस और परिवार के लोग उन्हें इस मौके पर याद कर रहे हैं।
इसी क्रम में उनकी लाडली बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी (Riddhima Kapoor Sahni) ने पापा के लिए इमोशनल पोस्ट लिखकर कुछ अनदेखी तस्वीरों को शेयर किया है। तो आइए आपको दिखाते हैं वो फोटोज।
दरअसल, ऋषि कपूर के 68वें जन्मदिन पर उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी एक बार फिर अपने पापा को याद कर भावुक हो गई हैं। इन्हीं यादों को लोगों के साथ साझा करने के लिए रिद्धिमा ने पापा की कुछ अनदेखी तस्वीरों को शेयर किया है। इन तस्वीरों में ऋषि कपूर अपनी पत्नी नीतू कपूर, बेटे रणबीर कपूर, बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी, दामाद के साथ दिखाई दे रहे हैं। (ये भी पढ़ें: जब रणबीर को पड़ा जोरदार थप्पड़, जानें आखिर क्यों पिता ऋषि कपूर को उठाना पड़ा था हाथ)
रिद्धिमा ने तस्वीरों के साथ अपने पापा को याद करते हुए कैप्शन में लिखा- ''पापा, वो कहते हैं कि जब आप किसी को खो देते हैं तो आप जिंदा नहीं रह सकते, आपका दिल हमेशा के लिए बुरी तरह टूट जाएगा! मुझे पता है कि आप हम सभी को देख रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि हम आपके द्वारा दिए गए मूल्य प्रणाली से जीते हैं।''
अपनी पोस्ट में रिद्धिमा ने आगे लिखा- ''पापा आपने मुझे करुणा का उपहार दिया, मुझे रिश्तों का मूल्य दिया और मुझे वह इंसान बना दिया जो मैं आज हूं। मैं आपको हर दिन याद करती हूं और हमेशा आपसे प्यार करती रहूंगी। आज और हमेशा, हैप्पी बर्थडे। इसके साथ उन्होंने एक हार्ट वाली इमोजी भी शेयर की है।'' (इसे भी पढ़ें: बॉलीवुड के 10 ऐसे सितारे, जिन्होंने किसी फेसम स्टार से नहीं की शादी, जानें इनके बारे में)
4 सितंबर 1952 को जन्मे ऋषि कपूर ने अपने फिल्मी करियर में एक से एक शानदार फिल्में की हैं। जिससे वह हमेशा ही लोगों के दिलों में राज करते रहेंगे। जीवन के अंतिम दो सालों में ऋषि कपूर ने कैंसर के साथ जंग किया। इस मुश्किल घड़ी में उनका परिवार पूरी तरह से उनके साथ था। उन्होंने न्यूयॉर्क में इलाज के लिए एक महत्वपूर्ण समय बिताया, जहां वे पत्नी नीतू कपूर के साथ लगभग एक साल तक रहे और इस दौरान वहां बेटी, बेटे और दामाद के साथ भी मिलते रहे। लेकिन, जब इलाज कराकर वह इंडिया लौटे तो कुछ ही महीने बाद इसी साल अप्रैल में में वो दुनिया को अलविदा कह गए।
अपने पापा की लाडली बेटी रिद्धिमा तब अपने पापा को कोराना वायरस के चलते लगे लॉकडाउन की वजह से आखिरी बार नहीं देख पाईं थीं, जिसका गम उन्हें शायद हमेशा ही रहेगा। रिद्धिमा अक्सर अपने पापा के साथ पुरानी तस्वीरों को शेयर कर पुरानी यादों को ताजा करती रहती हैं। (इसे भी पढ़ें: विनिता जोशी की लव लाइफ: एक्ट्रेस को ऐसे मिला जीवन का सच्चा प्यार और फिर कर ली दूसरी शादी)
बॉलीवुड के इस दिवंगत अभिनेता के जन्मदिन के खास मौके पर हम भी उन्हें याद करते हैं। तो आपको रिद्धिमा कपूर साहनी द्वारा शेयर की गई तस्वीरें कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।