By Pooja Shripal Last Updated:
'टाटा ग्रुप' के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा (Ratan Tata) को भला कौन नहीं जानता। 'टाटा ग्रुप' का नाम जब भी लिया जाता है, उसकी पहचान रतन टाटा से ही होती है। 'टाटा ग्रुप' को दुनियाभर में एक नए मुकाम तक ले जाने का श्रेय रतन टाटा को ही जाता है।
हालांकि, इनके परिवार के बारे में लोग कम ही जानते हैं। इसका एक मुख्य कारण ये है कि रतन टाटा का परिवार लाइमलाइट और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करता है। ऐसे में उनके बारे में खबरें भी कम ही सुनने को मिलती हैं, लेकिन यहां हम आपको रतन टाटा के परिवार के कुछ खास सदस्यों के बारे में बताने जा रहे हैं।
रतन टाटा के परिवार के बारे में जानने से पहले उनके बारे में जान लेते हैं। रतन टाटा का जन्म एक पारसी परिवार में 28 दिसंबर 1937 को गुजरात के सूरत में हुआ था। उनके पिता का नाम नवल टाटा और मां का नाम सोनू टाटा था। रतन टाटा के माता-पिता बचपन में ही अलग हो गए थे, जिस वजह से उनका बचपन अच्छा नहीं गुजरा। उनके पिता नवल की बात करें, तो उन्होंने अपनी पत्नी सोनू से अलग होने के बाद सिमोन टाटा से दूसरी शादी की थी। वह सर रतन जी टाटा के गोद लिए बेटे थे।
(ये भी पढ़ें- रतन टाटा की लव लाइफः इस वजह से आज तक कुवांरे हैं रतन टाटा, शादी को लेकर कही थी ये बात)
सिमोन टाटा, रतन टाटा के पिता नवल टाटा की दूसरी पत्नी और उनकी सौतेली मां हैं। वह एक स्विस मूल की भारतीय बिजनेसवुमेन हैं। सिमोन 1961 में 'लैक्मे लिमिटेड' के बोर्ड में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्हें साल 1964 में कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया। साल 1982 में वह बोर्ड की अध्यक्ष बनीं। उन्होंने 'ट्रेंट' की स्थापना की और 30 अक्टूबर 2006 तक इसकी गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम करती रहीं।
रतन टाटा के दो भाई जिमी टाटा और नोएल टाटा हैं। जिमी उनके सगे भाई, जबकि नोएल उनके सौतेले भाई हैं। जिमी की बात करें, तो वह रतन से सिर्फ दो साल छोटे हैं। वह टाटा ग्रुप की 'टाटा संस' जैसी कई कंपनियों में शेयर होल्डर हैं। जिमी 'सर रतन टाटा ट्रस्ट' के ट्रस्टी भी हैं। जिमी ने शादी नहीं की है, वह भी अपने बड़े भाई रतन की तरह अविवाहित हैं। वह मुंबई के कोलाबा में रहते हैं।
(ये भी पढ़ें- मुकेश अंबानी ने 592 करोड़ रुपए में खरीदा था यूरोप का स्टोक पार्क, देखें लग्जीरियस रिजॉर्ट की फोटोज)
नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई और नवल टाटा व सिमोन टाटा के बेटे हैं। नोएल को आयरिश नागरिकता मिली हुई है और वह इंडियन बिजनेसमैन के तौर पर जाने जाते हैं। नोएल अपनी मां सिमोन की कंपनी 'ट्रेंट' के भी चेयरमैन हैं। इसके साथ ही नोएल 'टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन' के चेयरमैन व 'टाटा इंटरनेशनल' के मैंनेजिंग डायरेक्टर हैं। आप शायद नहीं जानते होंगे, लेकिन वह फेमस रिस्ट वॉच कंपनी 'टाइटन' के वाइस प्रेसिडेंट भी हैं। उन्होंने आलू मिस्त्री से शादी की है। कपल के तीन बच्चे लिआ, माया और नेविल हैं।
रतन टाटा के परिवार के बारे में लोग कम ही जानते हैं, ऐसे में लिआ टाटा के बारे में जानकारी होना तो मानो असंभव सा है। लिआ, रतन टाटा की भतीजी और नोएल टाटा की बड़ी बेटी हैं। स्पेन के मैड्रिड में 'आईई बिजनेस स्कूल' से मार्केटिंग में मास्टर्स करने के बाद लिआ ने साल 2006 में 'ताज होटल रिसॉर्ट्स एंड पैलेस' में असिस्टेंट सेल्स एक्जीक्यूटिव के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।
रतन टाटा की भतीजी और नोएल टाटा की छोटी बेटी माया भी अपने पिता व परिवार की लेगेसी को बरकरार रखते हुए बिजनेस में रुचि रखती हैं। वह 'टाटा डिजिटल' में काम कर रही हैं। इससे पहले वह निवेशक संबंधों और पोर्टफोलियो मैंनेजमेंट के तौर पर 'टाटा ऑपर्च्युनिटीज फंड' में काम करती थीं। हालांकि, जब ये फर्म बंद हो गई, तो उन्होंने टाटा डिजिटल में काम करना शुरू किया।
रतन टाटा और जिमी टाटा ने तो अपने जीवन में शादी नहीं की, लेकिन उनके भाई नोएल के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटी और एक बेटा है। नोएल के बेटे का नाम नेविल टाटा है, जो रिटेल चेन 'ट्रेंट' के साथ काम करते हैं। 'ट्रेंट' उनकी दादी सिमोन टाटा द्वारा स्थापित की गई कंपनी है, जिससे उनके पिता नोएल भी जुड़े हुए हैं। नेविल ने वेस्टसाइड, स्टार बाजार और लैंडमार्क स्टोर्स के संचालक 'ट्रेंट' में हाइपरलोकल फूड का मैनेजमेंट किया। नेविल ने 'किर्लोस्कर टेक्नोलॉजीज' की डायरेक्टर मानसी किर्लोस्कर से शादी की है। उनका एक बेटा भी है।
(ये भी पढ़ें- ये हैं मुकेश अंबानी के गुरु रमेश भाई ओझा, हर बड़े काम से पहले इनकी सलाह लेता है अंबानी परिवार)
इतने प्रतिष्ठित परिवार से होने के बावजूद नेविल और उनकी बहन माया टाटा के बारे में इंटरनेट पर भी जानकारी न के बराबर है। दरअसल, दोनों अपनी प्रोफाइल को काफी सीक्रेट रखे हुए हैं, जिसकी वजह से दोनों की तस्वीरें तक देखने को नहीं मिलती है।
तो, रतन टाटा के परिवार के बारे में ये जानकारी आपको कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।