By Ruchi Upadhyay Last Updated:
राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) एक ऐसे सुपरस्टार थे, जिनकी एक झलक पाने के लिए लड़कियां घंटों इंतजार किया करती थीं। वह आज भले ही हमारे बीच न हों, लेकिन उनका शानदार काम और उन्होंने बॉलीवुड को जो फिल्में दी वह हमेशा याद की जाएंगी। राजेश खन्ना ने 1969 से 1971 के बीच लगातार 17 ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं, जिसके बाद वे हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहलाए और उनका ये रिकॉर्ड आज भी कोई नहीं तोड़ पाया है। राजेश खन्ना ने अपने दौर में ऐसा स्टारडम देखा है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। ऐसे में आज एक्टर के जन्मदिन पर हर कोई नम आंखों से उन्हें याद कर रहा है। इस खास मौके पर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड व दिग्गज एक्ट्रेस अंजू महेंद्रू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनकी एक अनदेखी तस्वीर शेयर कर उन्हें याद किया है।
दरअसल, 29 दिसंबर 2022 को राजेश खन्ना की जयंती पर अंजू महेंद्रू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक अनदेखी तस्वीर शेयर की। थ्रोबैक कैंडिड तस्वीर में अंजू बैठी हैं और राजेश खन्ना उन्हें देख रहे हैं। वहीं, फोटो में राजेश खन्ना हमेशा की तरह काफी हैंडसम लग रहे हैं। अनमोल तस्वीर के साथ अंजू ने एक दिल को छू लेने वाला नोट भी लिखा है। उन्होंने लिखा, “हैप्पी बर्थडे काकाजी। लव यू एन मिस यू लोट !! शांति हमेशा।''
राजेश खन्ना का जन्म 1942 को अमृतसर (पंजाब) में हुआ था और उनका असली नाम जतिन खन्ना था। उनके एक अंकल के.के तलवार ने फिल्मों में आने से पहले उनका नाम जतिन से बदलकर राजेश रख दिया था। हालांकि, इंडस्ट्री में प्यार से लोग राजेश खन्ना को ‘काका’ के नाम से बुलाते थे। 24 साल की उम्र में फिल्म 'आखिरी खत' से राजेश खन्ना ने अपने अभिनय की शुरुआत की थी और साल 1971 फिल्म 'हाथी मेरे साथी' से वह लाखों लोगों की जान बन गाए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 1966 में पहली बार राजेश खन्ना की मुलाकात अंजू महेंद्रू से हुई थी, कहते हैं कि पहली नज़र में ही राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। राजेश खन्ना तब इंडस्ट्री के सुपरस्टार थे। वहीं, अंजू तब अपने करियर के शुरुआती फेज में थीं। ख़बरों की मानें, तो राजेश खन्ना बेहद पजेसिव नेचर के थे और वह नहीं चाहते थे कि अंजू महेंद्रू फिल्मों में काम करें। राजेश खन्ना चाहते थे कि अंजू उनसे शादी करके सैटल हो जाएं। हालांकि, अंजू इस बात से सहमत नहीं थीं और इसी कारण से दोनों एक-दूसरे से अलग हो गए।
राजेश खन्ना, अंजू महेंद्रू से अलग होने के बाद डिंपल कपाड़िया से मिले और उन्हें डिंपल से प्यार हो गया। वहीं, डिंपल भी राजेश खन्ना की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं और उनके प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले एक बार भी नहीं सोचा। डिंपल महज 16 साल की थीं, जब उन्होंने अपने से 15 साल बड़े राजेश से शादी कर ली थी।
खैर, आपको अंजू द्वारा शेयर की गई तस्वीर कैसी लगी? हमें कमेंट में जरूर बताएं।