By Pooja Shripal Last Updated:
चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 11' के कंटेस्टेंट्स पुनीश शर्मा (Puneesh Sharma) और बंदगी कालरा (Bandgee Kallra) एक समय में टीवी के पॉपुलर कपल्स में से एक थे। बिग बॉस के घर में दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था और उन्होंने अपने रिश्ते से साबित कर दिया था कि बीबी हाउस में भी सच्चा प्यार हो सकता है। हालांकि, पांच साल से अधिक समय तक साथ रहने के बाद पुनीश और बंदगी ने ब्रेकअप की घोषणा करके फैंस को चौंका दिया है। अब, उन्होंने अपने ब्रेकअप के बारे में खुलकर बात की और इसके पीछे का कारण भी बताया।
'ईटाइम्स' के साथ अपने एक हालिया साक्षात्कार में पुनीश शर्मा ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड बंदगी कालरा के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की और उनके ब्रेकअप के पीछे के कारण का भी खुलासा किया। उसी के बारे में बात करते हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने साझा किया कि उनके अलग होने के पीछे कोई विशेष कारण नहीं है। पुनीश ने कहा कि वे दोनों अपनी जिंदगी में अलग-अलग चीजें चाहते हैं। यह बताते हुए कि बंदगी मुंबई में अपने करियर को लेकर सीरियस हैं और वह दिल्ली में रहते हैं, इसलिए दोनों के रिश्ते में तालमेल बैठाना मुश्किल हो रहा था।
पुनीश के शब्दों में, "बंदगी और मैं पांच साल तक साथ थे। रिश्ता खत्म करने का कोई खास कारण नहीं है। बंदगी मुंबई में अपने करियर को लेकर सीरियस हैं और मैं अपने बिजनेस के कारण ज्यादातर दिल्ली में रहता हूं। मेरे माता-पिता भी दिल्ली में हैं। वे बूढ़े हो रहे हैं और इसलिए मैंने उनके साथ दिल्ली में रहने का फैसला किया है।"
इसके अलावा, उसी साक्षात्कार में पुनीश ने साझा किया कि वह मुंबई और दिल्ली के बीच संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि उनके लिए मुंबई शिफ्ट होना संभव नहीं है। उन्होंने खुलासा किया कि वे और बंदगी अलग हो गए, क्योंकि लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप उनके लिए काम नहीं कर रहा था।
इसके बारे में विस्तार से बताते हुए पुनीश ने कहा, "मैं मुंबई और दिल्ली के बीच चक्कर काट रहा हूं, क्योंकि मैंने एक प्रोडक्शन हाउस खोला है। मेरे लिए मुंबई में रहना संभव नहीं है। हमने (पुनीश और बंदगी) फैसला किया कि लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप लंबे समय तक काम नहीं करेगा और इसीलिए हमने अलग-अलग रास्ते पर जाने का फैसला किया।"
बता दें कि अपने 5 साल के रिश्ते को खत्म करते हुए 22 जुलाई 2023 को पुनीश शर्मा और बंदगी कालरा ने अलग होने की घोषणा की थी। बंदगी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो नोट साझा किया था, जिसमें उन्होंने साझा किया था कि उन्होंने और पुनीश ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह पुनीश के साथ बिताए गए समय को हमेशा याद रखेंगी और जिंदगी में हमेशा उनका साथ देंगी। साथ ही उन्होंने फैंस से प्राइवेसी का सम्मान करने के लिए भी कहा था।
इससे पहले, 'टाइम्स ऑफ इंडिया' के साथ एक साक्षात्कार में बंदगी ने पुनीश शर्मा के साथ अपनी शादी की योजना के बारे में खुलासा किया था। इस बारे में बात करते हुए दिवा ने कहा था कि शादी करने की कोई ज़रूरत नहीं है, क्योंकि वे पहले से ही एक साथ रह रहे हैं। बंदगी ने कहा था, "शादी करने की क्या जरूरत है? शादी करके साथ ही रहना है। वो हम अब भी रह रहे हैं। मुझे सिर्फ रिश्ते पर मोहर लगाने के लिए शादी करने का कोई मतलब नहीं दिखता।" बिग बॉस के घर में इन सेलेब्स ने जमकर किया था रोमांस, लेकिन घर से बाहर आते ही हो गए अलग, जानने के लिए यहां क्लिक करें।
फिलहाल, पुनीश और बंदगी के ब्रेकअप पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।