By Shivakant Shukla Last Updated:
भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) उर्फ 'काका' ने साल 1966 में आई फिल्म 'आखिरी खत' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 1969 से 1971 के बीच 15 हिट फिल्में देकर, राजेश खन्ना अपने जमाने में सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले अभिनेताओं में से एक थे। राजेश खन्ना जैसी सफलता आज तक किसी को नहीं हासिल हुई है। यही वजह है कि, आज भी उनके लाखों फैंस हैं।
राजेश खन्ना ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी थीं, जिनमें 'कटी पतंग', 'सच्चा झूठा', 'आन मिलो सजना', 'छोटी बहू' और 'आनंद' जैसी फिल्में शामिल हैं। अभिनेता ने वैसे तो, अपने समय की सभी प्रमुख अभिनेत्रियों के साथ एक अच्छा तालमेल साझा किया था, लेकिन अभिनेत्री मुमताज के साथ उनकी जोड़ी सबसे ज्यादा पसंद की गई थी। जब राजेश खन्ना ने अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया के साथ शादी की, तो मुमताज उनके फैसले से चौंक गई थीं।
(ये भी पढ़ें: राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की लव-हेट स्टोरी, कुछ ऐसी थी इस सुपरस्टार की लाइफ)
'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, एक साक्षात्कार में मुमताज ने खुलासा किया कि, वह राजेश खन्ना के डिंपल कपाड़िया से शादी करने के फैसले के बारे में जानकर हैरान क्यों थीं। इस बारे में बात करते हुए मुमताज ने कहा, "राजेश खन्ना के जीवन में 10 साल तक एक स्थिर महिला अंजू महेंद्रू (एक्ट्रेस) थीं। हम सभी ने सोचा था कि, वह उनसे शादी करेंगे, लेकिन एक अच्छी सुबह उन्होंने घोषणा की कि, वह डिंपी (डिंपल कपाड़िया) से शादी कर रहे हैं और उन्होंने अपने इस फैसले से सभी को चौंका दिया था।"
(ये भी पढ़ें: अंजू महेंद्रू की लव लाइफ: राजेश खन्ना संग थीं रिलेशनशिप में, जानें फिर क्यों 7 साल बाद हुआ ब्रेकअप)
डिंपल कपाड़िया से मिलने से पहले राजेश खन्ना, अंजू महेंद्रू को डेट कर रहे थे और दोनों सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी थे। दोनों के अलग होने के बाद 'काका', डिंपल से मिले थे और उनकी सुंदरता पर पूरी तरह से मोहित हो गए थे और उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। डिंपल, राजेश खन्ना की बहुत बड़ी फैन थीं और उन्होंने उनके प्रपोजल को स्वीकार करने से पहले एक बार भी नहीं सोचा था। डिंपल उस समय सिर्फ 16 साल की थीं, जब उनकी शादी राजेश से हुई थी, जो उनसे 15 साल बड़े थे।
राजेश खन्ना और मुमताज ने एक साथ दस फिल्मों में अभिनय किया है। राजेश की मृत्यु के बाद, मुमताज ने अपनी फिल्म 'रोटी' के एक सीन को याद किया था, जहां राजेश को बर्फ के रास्ते से चलकर उन्हें अपने कंधे पर ले जाना था। इस सीन को फिल्माने में आठ दिन लग गए थे। 'मुंबई मिरर' से बात करते हुए मुमताज ने कहा था, "जब हम मनमोहन देसाई की फिल्म 'रोटी' के क्लाइमेक्स की शूटिंग कर रहे थे, तो वह मुझे अपने कंधों पर उठाकर बर्फ़ में ले जाने वाले थे। हर सुबह जब हम शूटिंग शुरू करते, तो वह कहते , 'ऐ मोटी चल आजा।' और मैं उनके कंधों पर चढ़ जाती। हमने इसे आठ दिनों तक किया। मैं 5.7 फीट लंबी थी, और पतली भी नहीं थी, इस सीन को करने में उनके कंधे पर लाल पैच पड़ गया था। हम खूब हंसते थे।''
(ये भी पढ़ें: बेटी ट्विंकल को बेटा मानते थे राजेश खन्ना, बुलाते थे 'टीना बाबा', चार बॉयफ्रेंड रखने की दी थी सलाह)
मुमताज ने कहा था, 'राजेश के लिए बर्फ में मुझे उठाकर चलना काफी मुश्किल काम था। शूटिंग शुरू होते ही मैं हर दिन मजाक में कहती थी कि, चलो अब उठाओ अपने कंधे पर 100 किलो की बोरी, तो वह कहते कि, नहीं इतनी भारी भी नहीं हो, लेकिन मैं जानती थी कि, मैं स्लिम तो थी नहीं।' राजेश खन्ना और मुमताज ने 'दो रास्ते', 'प्रेम कहानी', 'अपना देश' और 'आप की कसम' जैसी हिट फिल्मों में अभिनय किया है।
राजेश खन्ना का 2012 में निधन हो गया था और उनकी मृत्यु के बाद, मुमताज ने खुलासा किया था कि, वह कैंसर से पीड़ित थे और उनकी कीमोथेरेपी भी हुई थी। वहीं, मुमताज भी ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर हैं। फिलहाल, राजेश खन्ना भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा निभाए गए किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। तो एक्ट्रेस के इस इंटरव्यू पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।