By Shivakant Shukla Last Updated:
देश की जानी-मानी सिंगर लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) इस वक्त मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में ICU में भर्ती हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए देश भर से दुआओं का दौर जारी है। हाल ही में, उनकी हेल्थ को लेकर अपडेट सामने आई है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
दरअसल, 11 जनवरी 2022 को लता मंगेशकर कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं। इसके साथ ही उन्हें निमोनिया भी हो गया है। हॉस्पिटल से डॉक्टरों ने सिंगर की हेल्थ को लेकर नया अपडेट जारी किया है। डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि, 'लता मंगेशकर अभी भी आईसीयू वॉर्ड में हैं, लेकिन उनके स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार हुआ है।'
(ये भी पढ़ें- लता मंगेशकर की लव लाइफ: महाराजा राज सिंह संग अधूरी रह गई थी प्रेम कहानी, जिंदगी भर रहीं कुंवारी)
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो सुरक्षा की दृष्टि से 10-12 दिनों तक आईसीयू में ही रहेंगी, जहां उनका कोरोना और निमोनिया इंफेक्शन का ट्रीटमेंट चल रहा है। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं है।
लता मंगेशकर की बहन व गायिका उषा मंगेशकर ने 'बॉम्बे टाइम्स' के साथ बातचीत में अपनी बहन की हेल्थ के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि, “वह अब बहुत बेहतर कर रही हैं। उन पर कोरोना का कोई असर नहीं है। उन्हें थोड़ा सा निमोनिया, कंजेशन है, जो मुझे लगता है कि, जल्द रिकवर हो जाएगा। वह अब ठीक हैं और एक या दो दिनों के भीतर उन्हें छुट्टी मिल जानी चाहिए।" लता मंगेशकर की भतीजी रचना ने 'एएनआई' को लता जी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी थी और लोगों से अपील करते हुए कहा था, 'प्लीज हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और 'दीदी' को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।'
(ये भी पढ़ें- आशा भोसले ने 16 की उम्र में की थी पहली शादी, लेकिन दूसरी मैरिज ने कुछ ऐसे बदली जिंदगी)
जानकारी के तौर पर बता दें कि, लता मंगेशकर एक ऐसी गायिका हैं, जिन्होंने न केवल अपने देश में बल्कि, विदेशों में भी अपनी जबरदस्त गायकी का परचम लहराया है। उनके गले में साक्षात सरस्वती का वास माना जाता है। लता जी ने काफी छोटी उम्र में ही फिल्मी दुनिया में कदम रखा था और अपने सुरों के जादू से सभी का मन मोह लिया था। उन्होंने इंडस्ट्री में रहने के दौरान, कई तरह के गाने गाए और लगभग हर छोटे-बड़े निर्माताओं के साथ काम किया है। उन्होंने अब तक करीब 5,000 गानों में अपनी आवाज देकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया है।
फिलहाल, हम भी सिंगर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।