By Shalini Bajpai Last Updated:
जब हमें किसी शादी समारोह में जाना होता है, तो सबसे पहले दिमाग में यह सवाल उठता है कि, हम कौन सी ड्रेस पहनें, जिससे सबसे सुंदर दिखें। खासकर, लड़कियां अपनी ड्रेस का चुनाव करने से पहले बहुत सोच-विचार करती हैं। वैसे तो, लड़कियां शादी समारोह के लिए साड़ी या एथनिक वस्त्र ही चुनती हैं या चमकदार गाउन पहनती हैं। लेकिन, क्या आपने कभी रफल साड़ी पहनने के बारे में सोचा है? अगर नहीं, तो आप इन बॉलीवुड सेलेब्स को देखकर प्रेरणा ले सकती हैं और अपने लिए भी ऐसी ही रफल साड़ी का चुनाव कर भीड़ से अलग दिख सकती हैं। आइए आपको बताते हैं कि, इन अभिनेत्रियों ने रफल साड़ी में कैसे खुद को अलग लुक दिया और बेहद स्टाइलिश दिखीं।
दिल्ली की खूबसूरत एक्ट्रेस कृति सेनन अपने खूबसूरत लुक्स के कारण अक्सर चर्चा में रहती हैं। कृति सेनन ने लाल, काले और सफेद रंग के कॉम्बिनेशन की फ्लोरल प्रिंटेड रफ़ल साड़ी पहनी थी, जिसे उन्होंने मैचिंग के ब्लाउज़ के साथ पेयर किया था। उन्होंने अपने लुक को बड़े इयररिंग्स, एक स्टेटमेंट रिंग, लाल कजरारी आंखों और न्यूड लिप्स के साथ पूरा किया था। इसके साथ ही, उन्होंने अपने बालों को स्ट्रेट किया हुआ था।
आप भी वाणी कपूर की तरह चमकीले पीले रंग की रफ़ल साड़ी पहनकर एक अनोखा फैशन स्टेटमेंट बना सकती हैं। 'बेल बॉटम' फिल्म की अभिनेत्री वाणी ने कई लेयरों वाली पीली रफ़ल साड़ी पहनी थी। उन्होंने इसके साथ कढ़ाई किए हुए फुल आस्तीन के डिज़ाइनर ब्लाउज़ को पेयर किया था। चमकदार लिपस्टिक और काजल के साथ वाणी ने बहुत हल्का मेकअप किया था। उन्होंने सीधे खुले बालों के साथ अपने लुक को पूरा किया था।
शिल्पा शेट्टी सबसे फैशनेबल अभिनेत्रियों में से एक हैं। वह अक्सर अपनी फिटनेस और स्टाइलिश लुक के कारण सुर्खियों में रहती हैं। उन्हें एक डांस रियलिटी शो 'सुपर डांसर चैप्टर 3' में शैंपेन रंग की रफल साड़ी पहने हुए देखा गया था। शिल्पा ने अपनी मल्टी-लेयर्ड रफल साड़ी को मैचिंग कलर के ऑफ शोल्डर ब्लाउज और बेल्ट के साथ पेयर किया था। उन्होंने स्टेटमेंट नेकपीस, लाल लिपस्टिक, हल्के घुंघराले बालों और विंग्ड लाइनर से अपने लुक को पूरा किया था।
(ये भी पढ़ें- करीना कपूर से लेकर आलिया भट्ट तक, वो एक्ट्रेसेस जिन्होंने व्हाइट लहंगे में दिए फैशन गोल्स)
लाल एक ऐसा रंग है, जो आपको हमेशा अलग दिखने में मदद करता है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि, खूबसूरत एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को भी लाल रंग से बेदह प्यार है। उन्होंने एक बार लाल रंग की रफ़ल साड़ी पहनी हुई थी और इसे मैचिंग के स्लीवलेस ब्लाउज़ के साथ पेयर किया था। उन्होंने हल्के मेकअप के साथ अपने लुक को पूरा किया था। सोनाक्षी ने अपने लुक को बैलेंस करने के लिए उसी रंग के झुमके पहने थे। कॉकटेल नाइट के लिए आप भी लाल रंग की रफल साड़ी पहन सकती हैं।
पूजा हेगड़े डिजाइनर अर्पिता मेहता की नारंगी रंग की रफल साड़ी में कमाल की लग रही थीं। पूजा ने इसे सफेद सीक्विन की ब्रालेट के साथ पेयर किया था। उन्होंने अपने इस लुक को गोल्डन कड़ा, काजल, चमकदार लिपस्टिक और स्टेटमेंट इयररिंग्स के साथ पूरा किया था। इसके साथ ही, पूजा ने अपने बालों को हल्का सा कर्ल किया था। आप भी एक बार इस लुक को आजमा कर देख सकती हैं।
(ये भी पढ़ें- 8 पंजाबी दुल्हनें, जो अपनी 'आनंद कारज' शादी में लहंगे के बजाय यूनिक 'शरारा' में लगी थीं बेहद सुंदर)
'हजारों ख्वाहिशें ऐसी', 'देसी ब्वॉयज', 'इनकार' और 'ये साली जिंदगी' जैसी फिल्मों की अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह बॉलीवुड की स्टाइल आइकॉन मानी जाती हैं। वह सफेद रंग की रफल साड़ी में बेहद खूबसूरत दिख रही थीं। चित्रांगदा ने इसके साथ सफेद कसीदे की कढ़ाई वाले डीप नेक के ब्लाउज को पेयर किया था। उन्होंने अपने इस लुक को पन्ना के इयररिंग्स, मैरून लिपस्टिक और काजल के साथ पूरा किया था। इसके अलावा, उन्होंने अपने बालों को अलग लुक देने के लिए पोनीटेल बना रखी थी।
'धक-धक गर्ल' के नाम से पहचानी जाने वाली माधुरी दीक्षित ने रॉयल ब्लू कलर की तीन लेयरों की प्लीटेड रफल साड़ी पहनी हुई थी। इस साड़ी को अर्पिता मेहता ने डिजाइन किया था। अभिनेत्री ने इस साड़ी को कड़ा और स्टेटमेंट इयररिंग्स के साथ पेयर किया था। इस ड्रेस में वह बेहद ही आकर्षक लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की ये प्लस साइज दुल्हन लोगों को दे रहीं फैशन इंस्पिरेशन, मिनिमल लुक में दिखीं बेहद खूबसूरत)
अगर आप भी अपने आउटफिट में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती हैं और बहुत खूबसूरत दिखना चाहती हैं, तो आलिया भट्ट की प्रिंटेड सी ग्रीन और येलो कलर की रफल साड़ी को देखिए। आलिया ने अपने लुक को एक स्लीक पोनीटेल के साथ पूरा किया था। आप आसानी से इस लुक को अपनाकर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर सकती हैं।
खूबसूरत एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर भी हमेशा अलग लुक में नजर आती हैं। उन्होंने लाल रंग की रफल साड़ी के साथ मैचिंग कलर का स्लीव ब्लाउज पेयर किया था। इसके साथ उन्होंने सोने की ज्वेलरी पहनी थी, लेकिन उनकी कुंदनों से सजी बेल्ट सबसे ज्यादा खूबसूरत लग रही थी। भूमि ने अपने इस लुक को गुलाब से सजे हुए जूड़े, न्यूड लिप्स और विंग्ड आईज के साथ पूरा किया था। आप भी आसानी से इस लुक को रीक्रिएट कर सकती हैं।
अभिनेता शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में रहती हैं। उन्होंने ब्लू ऑर्गेंजा रफल साड़ी पहनी थी। मीरा ने इसे स्लीवलेस ब्लाउज के साथ पेयर किया था। उन्होंने अपने बालों को बिल्कुल स्ट्रेट रखा था और स्टेटमेंट इयररिंग्स के साथ हल्का मेकअप किया था। आप भी अपनी रफल साड़ी के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं, ताकि स्टार-वाइफ मीरा की तरह यूनिक स्टेटमेंट बना सकें।
तो ये बॉलीवुड की वे अभिनेत्रियां थीं, जिन्होंने रफल साड़ी में खुद को यूनिक लुक दिया था। आप हमें कमेंट करके बताएं कि, आपको किस अभिनेत्री की रफल साड़ी सबसे ज्यादा सुंदर लगी? और आप खुद को इनमें से किसके जैसा लुक देना चाहेंगी?