By Manali Rastogi Last Updated:
शादी एक ऐसा पवित्र बंधन है, जिसमें बंधने के बाद दो जिस्म हमेशा के लिए एक हो जाते हैं। यही नहीं, इस दौरान वर-वधू जन्म-जन्मांतर तक एक-दूसरे के साथ जीने-मरने के वादे भी करते हैं। भारतीय संस्कृति में विवाह को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यही वजह है कि भारत में शादियां किसी त्यौहार से कम नहीं होती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा टेलीविज़न की मशहूर एक्ट्रेस काम्या पंजाबी (Kamya Panjabi) और शलभ दांग (Shalabh Dang) की शादी में भी देखने को मिला। मालूम हो, काम्या और शलभ बीती 10 फरवरी को शादी के पवित्र बंधन में बंध गए हैं। ऐसे में उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुई थीं।
आपको बता दें, ये काम्या और शलभ दोनों की दूसरी शादी है। काम्या ने शलभ से पहले बंटी नेगी से साल 2003 में शादी रचाई थी। हालांकि, 10 साल बाद यानि की 2013 में दोनों का तलाक हो गया था। काम्या को पहली शादी से एक प्यारी सी बेटी भी है, जिसका नाम आरा है। वहीं, काम्या पंजाबी और शलभ दांग की शादी की बात करें तो अपने इस ख़ास दिन के लिए काम्या ने लाल-नारंगी कलर का जोड़ा और हैवी ज्वैलरी पहनी थी। इस लिबास में काम्या हूबहू पंजाबी दुल्हन की तरह लग रही थीं। वहीं, उनके होने वाले दूल्हे राजा शलभ दांग भी गोल्डन कलर की शेरवानी में काफी हैंडसम लग रहे थे। (ये भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन ने लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले संग शेयर की अनदेखी तस्वीर, ट्वीट हुआ वायरल)
वैसे काम्या और शलभ की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है। दोनों करीब एक साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। संजोग की बात तो कुछ ऐसी है जनाब कि बीते साल फरवरी के महीने में ही दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थाम दो अनजान लोगों से एक हमराही बने थे। वहीं अब 10 फरवरी 2020 को दोनों ने हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे को कबूल लिया। वैसे अब सोशल मीडिया पर काम्या पंजाबी और शलभ दांग की वेडिंग रिसेप्शन से कुछ बेहतरीन तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से छाई हुई हैं। बीती रात हुई इस पार्टी में काम्या पंजाबी के परिवार और खास दोस्त शामिल हुए थे। (ये भी पढ़ें: तैमूर अली खान को पैर में चोट लगने के बाद ऐसे संभालते दिखे पापा सैफ अली खान, तस्वीरें वायरल)
बताते चलें, मुंबई में 11 फरवरी को दोनों के ग्रैंड रिसेप्शन का आयोजन किया गया था, जिसमें कई टीवी सेलेब्स ने भी शिरकत की थी। बिंदु दारा सिंह ने न्यूलीवेड कपल काम्या पंजाबी और शलभ दांग के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने इस नवविवाहित जोड़े को ढेर सारी बधाई भी दी। वहीं, अपने रिसेप्शन के मौके पर काम्या बला की खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने रिसेप्शन पार्टी के लिए डार्क ग्रीन और गोल्डन कलर का लहंगा पहना था। इसके साथ काम्या ने हैवी ज्वैलरी के साथ न्यूड मेकअप अपनाया था। यही नहीं, काम्या रिसेप्शन में हाथों में चूड़ा तो मांग में सिंदूर लगाए नजर आईं, जबकि अपने बालों को उन्होंने खुला छोड़ रखा था। दूसरी ओर काम्या के हसबैंड शलभ ब्लैक कलर के इंडो-वेस्टर्न ऑउटफिट में नजर आए।
वैसे काम्या पंजाबी की शादी, हल्दी, मेहंदी और संगीत सेरेमनी की तस्वीरें अभी तक सोशल मीडिया पर धमाल मचा रही हैं। फैंस की इन तस्वीरों से बिल्कुल भी नजर नहीं हट रही है। फिलहाल, अपने जीवन में कई उतार-चड़ाव देखने के बाद अब काम्या पंजाबी शलभ दांग के साथ अपनी नई जिंदगी में कदम रख चुकी हैं और अपनी मैरिड लाइफ को एन्जॉय कर रही हैं। उनकी शादी और रिसेप्शन से वायरल हुईं तस्वीरें इस बात की गवाह हैं कि अब वो कितनी खुश हैं। (ये भी पढ़ें: सारा अली खान ने अपनी शादी को लेकर किया बड़ा खुलासा, बताया कहां और कैसे रचाएंगी ब्याह)
वैसे फैंस के साथ हम भी काम्या पंजाबी और शलभ दांग के इस नए सफर के लिए काफी खुश हैं। उनके जीवन की इस नई पारी के लिए हम उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि उनका दांपत्य जीवन काफी सुखमय होगा। आपको काम्या पंजाबी और शलभ दांग की जोड़ी कैसी लगती है, हमें कमेंट करके जरूर बताएं। साथ ही हमारे लिए कोई सलाह है तो जरूर दें।