By Shivakant Shukla Last Updated:
अभिनेता ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) और उनकी पत्नी सुज़ैन खान ने साल 2000 में शादी के बंधन में बंधने के बाद साल 2014 में तलाक ले लिया था। उनके तलाक के सालों बाद 28 जनवरी 2022 तक ऋतिक से संबंधित कोई लिंकअप की अफवाहें नहीं थीं, लेकिन जब उन्हें मुंबई के एक रेस्तरां के बाहर सिंगर व एक्ट्रेस सबा आज़ाद (Saba Azad) के साथ देखा गया, इसके बाद से ही उनके रिलेशनशिप की खबरें तेजी से चल रही हैं।
उन्हें अक्सर एक साथ देखा जाता है। यही नहीं, बीते दिनों सबा को ऋतिक की फैमिली डिनर में भी देखा गया था। अब चर्चा है कि, ऋतिक और उनकी कथित प्रेमिका सबा जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
(ये भी पढ़ें- ऋतिक रोशन और सबा आजाद की लव स्टोरी: 'ट्विटर' पर हुई थी दोनों की दोस्ती, रिपोर्ट में हुआ खुलासा)
20 फरवरी 2021 को ऋतिक रोशन के सबा आज़ाद के साथ डेटिंग की अफवाहों के बीच कथित जोड़े को अपने चाचा राजेश रोशन के घर पर कुछ पारिवारिक समय बिताते हुए देखा गया था। राजेश ने रोशन खानदान की लंच पर क्वालिटी टाइम बिताते हुए एक तस्वीर साझा की थी। एक तस्वीर में सबा को फैमिली के साथ स्पॉट किया गया था। उन्होंने एक व्हाइट स्लीवलेस टॉप पहना था और दूसरी तरफ ऋतिक एक व्हाइट टी-शर्ट और पैंट में हैंडसम लग रहे थे। राजेश ने तस्वीरों को कैप्शन दिया था, "खुशी हमेशा आसपास होती है.. खासकर रविवार को, खासकर दोपहर के भोजन के समय।"
ऋतिक रोशन 19 फरवरी 2022 को अपने BFF शिबानी दांडेकर और फरहान अख्तर की शादी में शामिल हुए थे। अब 'बॉलीवुड लाइफ' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतिक रोशन अपनी कथित गर्लफ्रेंड सबा को लेकर गंभीर हैं और उनके साथ शादी के बंधन में बंधने की योजना बना रहे हैं।
पोर्टल को सूत्र ने बताया कि, "ऋतिक सबा के लिए बहुत गंभीर हैं, और वह अपने रिश्ते को आगे ले जाना चाहते हैं। वह शादी करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, अभी तक कुछ भी तय नहीं किया गया है। दोनों इस स्पेस में बेहद खुश हैं और साथ में काफी क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। हाल ही में, दोस्त फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर की शादी में शामिल हुए ऋतिक बेहद खुश थे और ऐसा लगता है कि, सबा उनके लिए ही हैं।"
सूत्र ने आगे बताया कि, ऋतिक रोशन इन चीजों में जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं, लेकिन शादी निश्चित रूप से उनके दिमाग में है। जिस तरह से वह अपने रिश्ते को सीक्रेट रख रहे हैं, उसी तरह उनकी एक छोटी और अंतरंग शादी भी करने की योजना है। सूत्र ने कहा कि, "ऋतिक इसमें अचानक कूदना नहीं चाहते हैं और वह धीरे-धीरे अपने रिश्ते को दूसरे स्तर पर ले जाने के लिए समय लेंगे, लेकिन उनके मन में शादी निश्चित रूप से है। ऋतिक अपने रिश्ते पर मीडिया की चकाचौंध नहीं चाहते हैं और इसे लो लेवल में रखना चाहते हैं। भले ही सुपरस्टार शादी करने की योजना बना रहे हों, लेकिन यह एक भव्य कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि फरहान और शिबानी की तरह एक छोटा सा समारोह होगा। ”
'बॉम्बे टाइम्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, "वो पिछले 2-3 महीनों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि ये अफवाह थी कि, दोनों एक एलीट डेटिंग ऐप पर मिले थे, लेकिन ये सच नहीं है। दोनों की मुलाकात ट्विटर पर हुई थी। ये सब तब शुरू हुआ, जब ऋतिक ने ट्विटर पर सबा के एक वीडियो को लाइक और शेयर किया था। इसके बाद, सबा ने एक्टर को धन्यवाद दिया और इस तरह दोनों ने मैसेज के जरिए एक-दूसरे से बात करनी शुरू कर दी।"
फिलहाल, हम उम्मीद करते हैं कि, रिपोर्ट्स सच हों और हम जल्द ही ऋतिक रोशन को दूल्हे के रूप में देख सकें। वैसे, आपकी इस बारे में क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।