By Prakash Joshi Last Updated:
अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक हैं। उन्होंने बड़े पर्दे पर 'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'मनमर्जियां' 'ब्लेक फ्राइडे' जैसी कई हिट फिल्मों को डायरेक्ट किया, जिसके लिए वो चर्चा में रहे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अनुराग सिर्फ अपनी बेहतरीन फिल्मों के ही नहीं बल्कि, अपनी लव लाइफ के लिए भी चर्चा में रहते हैं। तो चलिए आपको उनकी लव लाइफ के बारे में बताते हैं।
अनुराग कश्यप ने फेमस फिल्म एडिटर आरती बजाज से पहली शादी की थी। दोनों की मुलाकात कॉलेज में हुई थी और शादी से पहले 9 साल तक दोनों ने एक-दूसरे को डेट किया था। हालांकि, शादी के बाद साल 2009 में दोनों तलाक लेकर अलग हो गए और इस जोड़े की एक 18 साल की बेटी 'आलिया' है।
आरती ने अनुराग के साथ अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। उन्होंने अनुराग की 'जब वी मेट', 'देव डी', 'गुलाल', 'रमन राघव 2.0' और 'मनमर्जिया' जैसी फिल्मों को एडिट किया है।
आरती से अलग होने के बाद अनुराग को अपने से 20 साल छोटी एक्ट्रेस कल्कि कोचलीन से प्यार हुआ था। दोनों की मुलाकात फिल्म 'देव-डी' की शूटिंग के दौरान हुई थी। दोनों काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे, जिसके बाद साल 2011 में दोनों ने शादी रचाई थी। लेकिन कुछ समय बाद ही उनके रिश्ते में अनबन शुरु हो गई थी और साल 2015 में अनुराग और कल्कि ने तलाक ले लिया। एक इंटरव्यू में कल्कि ने खुलासा किया था कि, उन्होंने कभी नहीं देखा था कि अनुराग के मन में उनके लिए क्या फीलिंग थी। उन्हें बाद में ये पता चला कि अनुराग उनके साथ प्यार का नाटक कर रहे थे।
हालांकि, तलाक के बाद भी अनुराग और कल्कि दोस्त बने रहे और एक दूसरे की बहुत प्रशंसा करते रहते हैं। अनुराग ने एक बार कहा था कि कल्कि को खोना उनके जीवन का सबसे बड़ा नुकसान है। जब अनुराग से पूछा गया कि क्या आप लोग एक-दूसरे के संपर्क में हैं? जिस पर उन्होंने कहा, "हां, हम संपर्क में हैं। हम अभी भी अच्छे दोस्त हैं। मैं उसके लिए बहुत खुश हूं।" (ये भी पढ़ें: पति के साथ इंटीमेट फोटो शेयर करने पर ट्रोल होने के बाद अब टीवी एक्ट्रेस चारू असोपा ने दिया ये जवाब)
कल्कि कोचलीन के साथ तलाक के बाद 'गैंग्स ऑफ वासेपुर (भाग-2)' की अभिनेत्री हुमा कुरैशी के साथ अनुराग के कथित रिलेशन की खबरें सामने आई थी। हालांकि, अनुराग ने इन अफवाहों का खंडन किया था और उन्हें निराधार बताया था। इस पर आईएएनएस के साथ एक इंटरव्यू में अनुराग ने कहा था, "लोग केवल एकतरफा कहानी चलाते हैं और ये बहुत परेशान करता है। ऐसी अफवाहें मुझे या कल्कि को प्रभावित नहीं कर रही हैं, लेकिन यह हुमा की छवि को प्रभावित कर रही हैं। हुमा को निशाना बनाया जा रहा है।" (ये भी पढ़ें: तो क्या टूट गई राजीव सेन और चारू असोपा की शादी? एक्ट्रेस ने दिया हिंट)
अनुराग और हुमा की एक साथ स्क्रीनिंग पर जाते समय तस्वीरें खींची गई थीं, जिसने दोनों के रिलेशन में होने की सभी अटकलों को जन्म दिया था। मीडिया से दूरी बनाए रखने को लेकर अनुराग ने कहा था कि वो हुमा को डेट करने की रिपोर्टों से बहुत परेशान थे। उन्होंने झूठी कहानियों को चलाने के लिए और हुमा की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए मीडिया को भी दोषी ठहराया था। अनुराग हुमा के बचाव के लिए भी आए थे और उन्होंने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा था, "जब हम स्क्रीनिंग के लिए गए थे, तो फोटोग्राफर हमें एक साथ क्लिक करना चाहते थे। मैंने कहा कि आप लोग हमारी तस्वीर को जानबूझकर क्लिक करेंगे और अपनी कहानी चलाएंगे और ठीक वैसा ही हुआ है।"
साल 2014 में ये अफवाह उड़ी थी कि अनुराग को फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' की असिस्टेंट डायरेक्टर सबरीना खान से प्यार हो गया है। दोनों एक पार्टी में मिले थे और एक-दूसरे को डेट करने लगे थे। यही नहीं कथित तौर पर दोनों यूरोप में छुट्टियां मनाने गए थे और पेरिस में कुछ दिन बिताए थे, इसको लेकर भी चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म था। बता दें कि सबरीना खान अनुराग से काफी छोटी हैं। वहीं इस रिलेशन पर अनुराग ने कहा था कि उनके लिए उम्र कभी मायने नहीं रखती थी। जब दोनों (अनुराग और सबरीना) बॉम्बे वेलवेट पर काम कर रहे थे, तब दोनों के बारे में अफवाहों का दौर शुरू हो गया था। ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों ने एक-दूसरे को डेट करने के एक साल के भीतर ही रास्ते बदल लिए।
कुछ समय पहले अफवाह थी कि अनुराग अपनी असिस्टेंट डायरेक्टर शुभ्रा शेट्टी को डेट कर रहे थे। उनकी लगातार एक साथ आई कई तस्वीरों ने इस रिलेशन की अफवाहों को जन्म दिया था और बाद में अनुराग ने खुद इस रिलेशन की खबरों को सही बताया था। उन्होंने शुभ्रा के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि करते हुए कहा था कि वो प्यार में हैं और शुभ्रा के साथ अपने रिश्ते को लेकर बहुत सकारात्मक हैं।
अनुराग अक्सर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी लेडी लव के साथ प्यारी तस्वीरें शेयर करते हुए देखे जाते हैं। इस जोड़ी ने साल 2015 में डेटिंग शुरू कर दी थी और साल 2018 में आधिकारिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। शुभ्रा अनुराग से 20 साल छोटी हैं। बीते साल एक इंटरव्यू के दौरान अनुराग ने अपने अफेयर के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था, "सभी को प्यार करने का अधिकार है। मैं प्यार की बहुत कद्र करता हूं फिर चाहे उम्र 90 साल की ही क्यों न हो। मैं टूटे दिल को लेकर समय बर्बाद नहीं करना चाहता।' (ये भी पढ़ें: तो क्या सचमुच टूटने वाली है राजीव सेन और चारू असोपा की शादी? जानें पूरा मामला)
अपने जीवन में महिलाओं के बारे में हमेशा खुला रहने वाले अनुराग ने कहा था कि उन्होंने कभी भी मीडिया के साथ अपने रिश्तों को छिपाने का प्रयास नहीं किया। यह कपल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और एक साथ बिताए अपने प्यार-भरे लम्हों को शेयर करता रहता है। अनुराग और शुभ्रा ने फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' के समय से ही एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था। अनुराग ने अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा था, "जब भी मुझे किसी बात पर यकीन नहीं हुआ है, मैं वहां से बाहर हो गया। मैंने हमेशा वही कहा है जो मैं कहना चाहता था। जब मेरा रिश्ता कल्कि के साथ टूट रहा था, तब भी मैंने इसके बारे में खुलकर बात की थी, लेकिन अटकलें बहुत सारी चीजों को खत्म कर देती हैं।"
शुभ्रा कभी भी अनुराग के साथ चल रहे अपने रिश्ते को सार्वजनिक करने से पीछे नहीं हटी। उन्होंने हमेशा अनुराग के लिए अपने प्यार का इज़हार किया। 25 साल की शुभ्रा का मानना है कि अनुराग के साथ उनके रिश्ते ने उन्हें स्थिरता दी है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वो एक ऐसे डायरेक्टर हैं, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं और उन्होंने उन्हें जमीन से जुड़ा होना सिखाया है।
फिलहाल, इस कोरोना काल में अनुराग घर पर ही टाइम स्पेंड कर रहे हैं। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके बताना न भूलें, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह है तो जरूर दें।