भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की लव लाइफ: पवन सिंह से ब्रेकअप के बाद एक्ट्रेस का हो गया था बुरा हाल

अक्षरा सिंह ने भोजपुरी जगत में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है। इस आर्टिकल में हम आपको अक्षरा की निजी जिंदगी से रूबरू कराएंगे। उनके बारे में वो सारी बातें बताएंगे, जिसे शायद बहुत ही कम लोग जानते होंगे।

img

By Shashwat Mishra Last Updated:

भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की लव लाइफ: पवन सिंह से ब्रेकअप के बाद एक्ट्रेस का हो गया था बुरा हाल

भोजपुरी फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस और अपनी अदाओं से लोगों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री 'अक्षरा सिंह' (Akshara Singh) ने खूब नाम और शोहरत कमाया है। इनकी ख्याति को इस तरह से आंका जा सकता है कि इनके गाने रिलीज़ होते ही सुपरहिट हो जाते हैं। यूपी-बिहार में लोग इनकी एक झलक पाने को लालायित रहते हैं। ये अकेले ही अपनी फिल्म को हिट कराने का दम रखती हैं। लेकिन, एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की निजी ज़िन्दगी काफी मुश्किलों में गुज़री। सिनेमा जगत की चकाचौंध का उन पर कोई ख़ास असर नहीं पड़ा, उनका स्वभाव बचपन से जैसा था वैसा आज भी है। अक्षरा सिंह ने भोजपुरी जगत में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है।

तो, इस आर्टिकल में हम आपको अक्षरा सिंह की निजी जिंदगी से रूबरू कराएंगे और उनके बारे में वो सारी बातें बताएंगे, जिसे शायद बहुत ही कम लोग जानते होंगे। 

शुरूआती ज़िन्दगी 

भोजपुरी फिल्मों की अदाकारा अक्षरा सिंह का जन्म 30 अगस्त 1993 को मुंबई के एक अस्पताल में हुआ था। इनके पिता मूल रूप से बिहार के पटना जिले के रहने वाले थे। अक्षरा को बचपन से ही डांसिंग व सिंगिंग का शौक था। वह बचपन से ही डांस क्लासेस लिया करती थीं। अक्षरा के पिता इंद्रजीत सिंह और माता नीलिमा सिंह दोनों भोजपुरी इंडस्ट्री से ही ताल्लुक रखते हैं। अक्षरा ने अपनी शुरूआती ज़िन्दगी के ज्यादातर समय को मुंबई में ही गुज़ारा है। अक्षरा मुंबई में अपने दादाजी के साथ रहती थीं। मुंबई के ही एक प्राइवेट स्कूल से उन्होंने अपनी शुरूआती पढाई-लिखाई की। जिसके बाद विज्ञान विषय में ग्रेजुएशन भी उन्होंने मुंबई के ही एक विश्वविद्यालय से किया। ग्रेजुएशन के दौरान ही अक्षरा को यह समझ में आ गया था कि उन्हें क्या करना है? अक्षरा ने धीरे-धीरे मनोरंजन जगत की तरफ पांव बढ़ाने शुरू कर दिए। मुंबई में वो कई टीवी शोज के लिए ऑडिशन देने भी जाने लगीं। (ये भी पढ़ें: आम्रपाली दुबे की लाइफ स्टोरी: अभी तक नहीं की है शादी, 'निरहुआ' के ही साथ क्यों जुड़ता है नाम?)

एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने शुरूआती जीवन के बारे में बात करते हुए कहा था, ''मुझे जो कुछ सीखने को मिला, वो मेरे मम्मी-पापा से सीखने को मिला। मुझे बचपन से ही डांसिंग, सिंगिंग और कविताएं लिखने का शौक रहा है।'' 

रवि किशन ने कराया भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू

एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा में साल 2010 में फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके अपोजिट भोजपुरी इंडस्ट्री को संजीवनी देने वाले ‘रवि किशन’ ने मुख्य भूमिका निभाई थी। कहा तो यह भी जाता है कि अक्षरा का डेब्यू रवि किशन ने ही भोजपुरी इंडस्ट्री में कराया था । दरअसल, कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा कहा गया है कि एक बार रवि किशन, अक्षरा के पिता इंद्रजीत सिंह से मिलने गए थे, वहां उनकी नज़र अक्षरा सिंह पर पड़ी और रवि किशन ने अक्षरा को अपनी आने वाली फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस कास्ट कर लिया। 

एक इंटरव्यू के दौरान अक्षरा सिंह ने अपने भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू के बारे में बताया, ''मेरा ऐसा कोई सपना नहीं था, न ही मैंने कभी सोचा था कि मैं फिल्म लाइन में आउंगी, पर पापा की चाहत थी कि मैं फिल्म लाइन में आऊं।'' 

कई टीवी सीरियल्स में आ चुकी हैं नज़र 

अपनी ख़ूबसूरत अदाओं से पूरा बिहार और यूपी हिलाने वाली भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। फिल्मों से अलग अक्षरा सिंह ने जी टीवी के शो ‘सर्विस वाली बहू’, ‘काला टीका’ और सोनी टीवी के शो 'पौरुष' जैसे टीवी सीरियल्स में काम किया हुआ है। (ये भी पढ़ें: आम्रपाली नहीं, ये हैं भोजपुरी एक्टर 'निरहुआ' की वाइफ, जानें इनकी लव लाइफ के बारे में)

ज़िन्दगी में हुई सुपरस्टार पवन सिंह की एंट्री 

भोजपुरी इंडस्ट्री में कुछ समय तक काम करने के बाद साल 2015 के करीब अक्षरा सिंह और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह के बीच नज़दीकियां बढ़ने लगीं। दोनों को अधिकतर साथ देखा जाने लगा। दोनों की फ़िल्में और गाने दर्शकों के बीच हिट होने लगे। भोजपुरी फिल्मों में इन दोनों की जोड़ी एक नए आयाम पर स्थापित हो गयी। सारे प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स इन दोनों को अपनी फिल्मों में कास्ट करने को लेकर आतुर होने लगे थे। जनता के बीच भी इन दोनों को काफी पसंद किये जाने लगा था। इन दोनों के साथ में आए गाने 'भर जाता ढोड़ी में पसीना', 'तनी फेरे दी करवटिया', 'हमऊ जवान बानी तुहु जवान', 'दैय्या रे दैय्या', और 'पातर छीतर छोटकी जहजिया' आज तक लोगों की जुबान पर छाए हुए हैं।

शराब के नशे में संभालती थी एयरपोर्ट पर 

एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने कई बार पवन सिंह को एयरपोर्ट पर संभाला। दरअसल, ऐसा कहा जाता है कि पवन सिंह शराब पीने के बाद अपना होश खो बैठते थे, ऐसे हाल में अक्षरा ही उन्हें सहारा देती थी। एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था, ''उनके शराब पीने के बाद मैं उन्हें संभालती थी। एक लड़की होने के बाद भी उनका बैग ढ़ोती थी और उनको गोद में लेकर एयरपोर्ट में भागती थी। मैं हर जगह एयरपोर्ट पर भीख मांगती थी, ताकि इन्हें फ्लाइट पर चढ़ने से रोका ना जाए।'' ये भी पढ़ें: पवन सिंह की पर्सनल लाइफ: पहली शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी ने कर ली थी आत्महत्या, ऐसी है स्टोरी)   

अलग-अलग राहों पर हैं आज-कल 

लगभग तीन साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद अक्षरा सिंह और पवन सिंह अलग हो गए। दोनों की राहें एक-दूसरे से जुदा हो गयीं। अक्षरा का आरोप था कि पवन सिंह ने बिना बताए रातों-रात शादी कर ली। जिसके बाद अक्षरा ने उनसे अलग होने का फैसला कर लिया। पत्रिका को दिए गए एक इंटरव्यू में जब उनसे ये सवाल पूछा गया था, तब उन्होंने जवाब दिया था, ''शादी के बाद मैं किसी की लाइफ में दखलंदाजी नहीं करना चाहती थी। ना ही मैं किसी की रखैल बनकर रहना चाहती थी। किसी और महिला की ज़िन्दगी भी बर्बाद नहीं करना चाहती थी।'' 

पवन सिंह के खिलाफ किया केस 

पवन सिंह की शादी के बाद अक्षरा सिंह ने उन पर धमकियां दिलवाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवा दिया था। अक्षरा सिंह का आरोप था कि जब से उन्होंने पवन सिंह के खिलाफ इंटरव्यू दिया है, तब से ही वह उन्हें धमकियां दिलवा रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था, ''वो मुझे फ़ोन करवा रहे हैं, गालियां दिलवा रहे हैं। सोशल साइट्स पर मेरा नाम बदनाम करने की कोशिश करवा रहे हैं। वे सोच रहे हैं कि इन सब से डरकर मैं भाग जाउंगी या सुसाइड कर लूंगी, लेकिन, मैं ऐसा नहीं करने वाली, मैं चुप नहीं रहने वाली।'' 

'मुझे काम नहीं करने दे रहे हैं'

पवन सिंह से अलग होने के बाद अक्षरा सिंह को भोजपुरी इंडस्ट्री में सिर्फ नाम मात्र का काम मिलने लगा। इसके पीछे अभिनेत्री ने पवन सिंह का ही हाथ बताया। एक्ट्रेस ने पवन सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वो मुझे काम न देने के लिए लोगों से कह रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस बात का खुलासा भी किया था, उन्होंने कहा था- ''पवन सिंह और उनके भाई मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा है। वे म्यूजिक कंपनी में कॉल करके रोक लगा रहे हैं और कह रहे हैं कि अक्षरा का गाना नहीं लेना है। अक्षरा ने कहा कि चीजें छिपती नहीं हैं। मैं भी इडस्ट्री से हूं तो मुझे पता चल ही जाता है, वे मुझे काम नहीं करने दे रहे हैं।'' 

एक फिल्म के लिए लेती हैं इतने रूपये 

इंडस्ट्री में अक्षरा सिंह को सबसे बेहतरीन डांसर भी माना जाता है। इनके गानों में इनका डांस लोगों को खूब पसंद आता है। अक्षरा सिंह को भोजपुरी इंडस्ट्री की महंगी एक्ट्रेस गिना जाता है। वो एक फिल्म के लिए करीब 10 से 15 लाख रूपये लेती हैं। हालांकि, इनसे ज़्यादा रूपये चार्ज करने वाली अभिनेत्रियों में रानी चटर्जी और आम्रपाली दुबे का नाम शामिल है। एक रिपोर्ट की मानें तो रानी चटर्जी हर फिल्म के लिए 15 लाख रूपये लेती हैं, वहीं आम्रपाली दुबे हर फिल्म के लिए 15-20 लाख रुपये चार्ज करती हैं। 

फिलहाल, पवन सिंह से अलग होने के बाद अक्षरा सिंह इन दिनों तन्हा ज़िन्दगी गुज़ार रहीं हैं। अब देखना ये होगा कि वो भविष्य में किसको अपना लाइफ पार्टनर बनाती हैं।  

अक्षरा सिंह ने बहुत ही कम समय में बड़ी-बड़ी चीजें हासिल कर ली हैं। अपना एक नाम बना लिया है। लेकिन, उनकी ज़िन्दगी में मुश्किलें भी बहुत रहीं हैं। इन मुश्किलों से लड़कर ही आज वो यहां तक पहुंची हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वो आगे भी इसी तरह अपने करियर को संवारते रहेंगी और अपने फैंस को एंटरटेन करती रहेंगी। 

फोटो क्रेडिट: (अक्षरा सिंह)
BollywoodShaadis