By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता बोनी कपूर और मोना शौरी कपूर के बेटे व एक्टर अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) ने फिल्म 'इशकजादे' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है। अर्जुन कपूर की मां भले ही अब इस दुनिया में नही हैं। लेकिन वह अक्सर अपनी मां मोना शौरी कपूर को सोशल मीडिया के जरिए याद करते रहते हैं। मदर्स डे के एक दिन बाद अभिनेता ने अपनी मां को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
पहले तो ये जान लीजिए कि, अर्जुन कपूर की मां मोना शौरी कपूर ने साल 1983 में फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की थी। शादी के बाद मोना को दो बच्चे हुए, जिनका नाम अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर है, लेकिन साल 1996 में मोना और बोनी कपूर हमेशा के लिए अलग हो गए और दोनों ने तलाक ले लिया था, जिसके बाद अर्जुन और अंशुला कपूर अपनी मां मोना के साथ रहने लगे और बोनी कपूर श्रीदेवी के साथ शादी करके अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। वहीं, 25 मार्च 2012 को अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर का निधन हो गया था। अर्जुन कपूर अपनी मां मोना शौरी कपूर के बेहद करीब थे। वह अपनी मां के निधन के बाद खुद को काफी अकेला महसूस करते रहते हैं और अक्सर अपनी मां को याद करते रहते हैं।
(ये भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना ने रूमर्ड BF विजय देवरकोंडा को विश किया बर्थडे, स्पेशल मोमेंट की फोटो की शेयर)
अब आइए आपको दिखाते हैं अर्जुन कपूर का लेटेस्ट पोस्ट। दरअसल, अर्जुन कपूर ने 10 मई 2021 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक थ्रोबैक तस्वीर पोस्ट की है। जिसमें वो अपनी मां के साथ दिखाई दे रहे हैं। ये फोटो तब की है, जब अर्जुन का वजन काफी बढ़ा हुआ था।
इसे शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''कल मदर्स डे था। मैं इससे हर तरह से नफरत करता हूं। कल (11 मई) मुझे अभिनेता के रूप में नौ साल हो जाएंगे, लेकिन मैं अभी भी मां आपके बिना खोया हुआ सा हूं। बस इस तस्वीर के साथ मैं उम्मीद करता हूं, आप मुझे देखने के साथ मुस्कुरा रही हैं और हमेशा मेरे पीछे खड़ी हैं।''
(ये भी पढ़ें: काजल अग्रवाल ने अपनी बिदाई सेरेमनी की फोटोज कीं शेयर, आंसू पोंछते दिखीं एक्ट्रेस की मां)
इसके पहले, एक्टर ने 25 मार्च 2021 को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी मां की एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें मोना कपूर के चेहरे पर प्यारी स्माइल साफ देखी जा सकती है। इसके साथ ही अर्जुन कपूर ने अपनी मां के लिए एक भावुक नोट भी लिखा था, जिसके जरिए उन्होंने बताया था कि वह अपनी मां को कितना मिस करते हैं। एक्टर ने अपने कैप्शन में लिखा था, ‘9 साल हो गए हैं, यह सही नहीं है। मुझे आपकी याद आती है। मां वापस आ जाओ ना प्लीज... मैं मिस करता हूं आपका मेरे लिए चिंता करना, मेरी फिक्र करना, मैं मिस करता हूं मेरे फोन पर आपका नाम देखना, जब आप मुझे कॉल करती थीं, मैं मिस करता हूं घर आना और आपको देखना... मां आपकी हंसी मिस करता हूं, मैं आपकी महक को मिस करता हूं, मैं आपका अर्जुन बुलाना मिस करता हूं, आपकी आवाज मेरे कानों में गूंजती है। मुझे सच में आपकी याद आती है मां। मुझे उम्मीद है कि आप जहां भी हैं, वहां ठीक हैं। मैं भी ठीक होने की कोशिश कर रहा हूं, ज्यादातर दिनों में मैं मैनेज करता हूं, लेकिन मुझे आपकी याद आती है। वापस आ जाओ ना...’
वहीं, 3 जनवरी 2021 को अपनी मां के जन्मदिन के मौके पर अर्जुन कपूर ने एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो के जरिए अर्जुन कपूर अपनी मां को बर्थडे विश करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में अर्जुन कपूर कहते हैं, ‘आज मेरी मां का जन्मदिन है और अगर आज वो होतीं, तो हमारे साथ इस दिन को सेलिब्रेट करते हुए बहुत खुश रहतीं। वो इस बात का ध्यान रखतीं कि हम सब साथ हैं और खुश हैं, लेकिन हम सब किस्मत के हाथों मजबूर हैं। मैं बस आप सभी से इतना कहना चाहता हूं कि अपने परिवार, माता-पिता और चाहने वाले लोगों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं। मैं हमेशा यह कहता रहता हूं। हमें नहीं पता कि जिंदगी ने हमारे लिए क्या तय कर रखा है।'
(ये भी पढ़ें: राहुल वोहरा की पत्नी ने अपने पति के लिए लगाई न्याय की गुहार, शेयर किया एक्टर का आखिरी वीडियो)
फिलहाल, अर्जुन कपूर के इस पोस्ट से साफ है कि, वह अपनी मां को काफी ज्यादा मिस करते हैं। तो एक्टर का अपनी मां के लिए लिखा गया ये पोस्ट आपको कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।