By Shivakant Shukla Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) जनवरी 2021 में पैरेंट्स बनने वाले हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने अगस्त 2020 में इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस को दी थी। इस खुशखबरी को देने के कुछ ही दिनों बाद विराट आईपीएल मैच खेलने के लिए यूएई चले गए थे, जहां उनके साथ उनकी पत्नी व बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी गई हुई थीं। यहां से फैंस को अक्सर अनुष्का द्वारा अपने पति विराट को चीयर करते हुए तस्वीरें देखने को मिलीं, लेकिन हाल ही में विराट कोहली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर फैंस हैरान हैं।
दरअसल, विराट और अनुष्का यूएई से वापस मुंबई लौट आए हैं। यहां वह एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे हैं, और सोशल मीडिया पर तस्वीरें व वीडियो भी शेयर कर रहे हैं। इसी कड़ी में 10 नवंबर 2020 को अनुष्का शर्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम की स्टोरी पर पति विराट कोहली की एक तस्वीर शेयर की। इस फोटो में विराट कोहली अपने पसंदीदा जूते पकड़कर उन्हें टूथब्रश से साफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान विराट ने एक ग्रे कलर की गंजी पहनी हुई है और उन्होंने चश्मा भी लगा रखा है। विराट का पूरा ध्यान देखभाल के साथ अपने जूतों की सफाई पर है। एक्ट्रेस ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "टूर से पहले पति को अपने स्पाइक्स को धोते हुए पकड़ा।" फैंस इस तस्वीर पर जमकर अपना प्यार लुटा रहे हैं।
ध्यान रहे कि आईपीएल के 13वें सीजन का फाइनल के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम यूएई से ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना होगी। इस दौरे पर टीम इंडिया को तीन वनडे इंटरनेशनल, तीन टी20 इंटरनेशनल और चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। टेस्ट सीरीज का पहला मैच एडिलेड में 17 से 21 दिसंबर के बीच खेला जाएगा, जो कि डे-नाइट टेस्ट होगा। इस बीच ही बीसीसीआई ने कप्तान विराट को पैटरनिटी लीव देने का फैसला लिया है। इसका मतलब विराट पहले टेस्ट मैच के बाद स्वदेश लौट आएंगे। विराट जनवरी 2021 में पिता बनने वाले हैं और इसी वजह से वह बाकी के तीन टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे।
बोर्ड के इस फैसले से किक्रेट प्रेमी बेहद नाराज हैं। गुस्साए फैंस अब सोशल मीडिया के जरिए अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। फैंस का कहना है कि साल की सबसे अहम सीरीज के दौरान कोहली का इस तरह वापस आना सही नहीं है। वहीं कुछ का कहना था कि कोहली अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। वहीं कुछ फैंस ने तो बोर्ड के इस फैसले की तुलना साल 2015 में कप्तान रह चुके महेंद्र सिंह धोनी की परिस्थितियों से की है।
फैंस का कहना है कि साल 2015 में महेंद्र सिंह धोनी के सामने भी ऐसी ही स्थिति थी लेकिन वह वापस नहीं गए। धोनी उस समय ऑस्ट्रेलिया में थे और उनकी पत्नी बेटी जीवा को जन्म देने वाली थी। उस समय धोनी वापस नहीं लौटे थे। धोनी की बेटी का जन्म छह फरवरी को हुआ था। इसके दो दिन बाद टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वॉर्म अप मैच खेलना था। धोनी से जब पूछा गया था कि क्या वह बेटी के जन्म के समय भारत में रहना मिस कर रहे हैं। तो धोनी ने कहा था, 'मैं नेशनल ड्यूटी पर हूं, बाकी चीजें इंतजार कर सकती हैं। वर्ल्ड कप काफी अहम है।'
फिलहाल, विराट कोहली अपने आस्ट्रेलिया दौरे के लिए तैयार हो रहे हैं। तो आपको अनुष्का द्वारा शेयर की गई ये फोटो कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।