By Manali Rastogi Last Updated:
पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी के बेटे अंगद बेदी (Angad Bedi) आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। 6 फरवरी 1983 को पैदा हुए अंगद एक फेमस मॉडल और एक्टर हैं, जोकि अपनी लाइफस्टाइल को लेकर अक्सर ही सुर्खियां बटोरते हैं। मालूम हो, एक्ट्रेस नेहा धूपिया (Neha Dhupia) से पहले अंगद कई लड़कियों को डेट कर चुके हैं। अंगद बेदी कई बार ये बता चुके हैं कि नेहा से शादी करने से पहले वो 75 लड़कियों को डेट कर चुके हैं। जब ये बात नेहा ने सुनी थी तो वो काफी हैरान हो गई थीं।
वहीं, अंगद ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, ‘मैं एक अनुशासित परिवार से ताल्लुक रखता हूं, जिसकी वजह से किसी भी लड़की के साथ मेरा रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल पाया था।’ अपने रिलेशनशिप्स को लेकर अंगद ने ये भी कहा था कि वो शुरू से काफी शर्मीले मिजाज के रहे हैं। मगर जब वो घर से बाहर निकले और मुंबई आए, तब उनके कई नए दोस्त बने। यहां से चीजें बदलनी शुरू हुईं और वो इन्हें एंजॉय करने लगे। फिर सब कुछ समय के साथ होता गया। (ये भी पढ़ें: Bigg Boss 13: मधुरिमा तुली ने विशाल आदित्य सिंह को लेकर कही ये बड़ी बात, बताया क्यों खत्म किया रिश्ता)
अंगद बेदी ने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत साल 2004 में फिल्म 'काया तरण' से की थी। इसके ठीक सात साल बाद अंगद ने फिल्म 'फालतू' की थी। वैसे उनकी लव लाइफ प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा हिट और चर्चित रही है। नेहा और अंगद की सबसे पहली मुलाकात जिम में हुई थी, जब अंगद दिल्ली में अंडर 19 क्रिकेट खेलते थे। तब नेहा मिस इंडिया पेजेंट की तैयारी में जुटी हुई थीं। ऐसे में जब नेहा को अंगद ने पहली बार जिम में देखा था, तभी वो अपना दिल उन्हें दे बैठे थे। पहले तो दोनों की लव स्टोरी एकतरफा थी क्योंकि पहली नजर का प्यार अंगद को हुआ था, लेकिन समय के साथ नेहा भी अंगद के प्यार में दीवानी हो गईं।
एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट करने के बाद दोनों ने 10 मई 2018 को गुपचुप तरीके से गुरूद्वारे में शादी रचा ली। दरअसल नेहा शादी से पहले ही प्रेग्नेंट हो गई थीं, जिसकी वजह से उन दोनों को बड़ी ही जल्दबाजी में शादी करनी पड़ी। दोनों की शादी की खबर सुनकर फैंस भी काफी हैरान हो गए थे। वैसे जब नेहा के प्रेग्नेंट होने की बात दोनों ने अपने-अपने घर में बताई थी, तब अंगद और नेहा को काफी डांट भी पड़ी थी, लेकिन फिर दोनों की शादी करवा दी गई। (ये भी पढ़ें: अरमान जैन और अनीसा मल्होत्रा के रिसेप्शन में जब इन बीटाउन कपल्स ने की एंट्री, तो देखती रह गईं पब्लिक)
वैसे तो नेहा धूपिया अक्सर ही पति अंगद बेदी और बेटी मेहर धूपिया बेदी की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करती रहती हैं। मगर अंगद के जन्मदिन के मौके पर नेहा ने उन्हें बेहद खास अंदाज में बर्थडे विश किया है। नेहा ने अंगद के साथ एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो अंगद के गाल पर किस करती हुई नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक खूबसूरत सा कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा,‘ मेरे जिंदगी के प्यार को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। मुझे नहीं मालूम कि ये कैसे मुमकिन है कि मेरा प्यार तुम्हारे लिए हर दिन लगातार बढ़ता जा रहा है। मगर ऐसा हो रहा है।’ वहीं, फैंस दोनों के इस खास अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं और अंगद को लगातार जन्मदिन की ढेर सारी बधाई दे रहे हैं। (ये भी पढ़ें: जब अभिषेक बच्चन असली की बजाए नकली अंगूठी से ऐश्वर्या राय को कर बैठे थे प्रपोज, कई साल बाद हुआ खुलासा)
फिलहाल फैंस के साथ हम भी अंगद बेदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हैं। वैसे आपको अंगद बेदी और नेहा धूपिया की जोड़ी कैसी लगती है, हमें कमेंट करके बताना न भूलें। साथ ही हमारे लिए कोई सलाह है तो जरूर दें।