By Pooja Shripal Last Updated:
फिल्म 'पुष्पा' से पूरी दुनिया में तहलका मचाने वाले एक्टर अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) इन दिनों अपने नेम-फेम को खूब एंजॉय कर रहे हैं। एक्टर ने 29 सितंबर 2022 को अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी (Sneha Reddy) का जन्मदिन पूरे जोश के साथ मनाया। अपनी पत्नी के इस खास दिन पर उन्होंने अमृतसर का दौरा किया और 'गोल्डन टेंपल' के दर्शन किए। इतना ही नहीं, बाद में वह 'वाघा बॉर्डर' भी गए, जहां उन्होंने बीएसएफ जवानों से मुलाकात की।
पहले ये जान लीजिए कि अल्लू अर्जुन एक बेहतरीन अभिनेता के साथ ही एक फैमिली मैन भी हैं। उन्होंने 6 मार्च 2011 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड स्नेहा रेड्डी से शादी रचाई थी। इसके बाद अप्रैल 2014 में अर्जुन ने अपने बेटे अल्लू अयान का वेलकम किया था। इसके दो साल बाद साल 2016 में उनकी बेटी अल्लू अरहा के जन्म के साथ उनका परिवार पूरा हुआ। स्नेहा और अर्जुन अक्सर अपने बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते हुए सोशल मीडिया पर फोटोज व वीडियोज शेयर करते रहते हैं, जो फैंस का दिल जीत लेते हैं।
हाल ही में, हमें इंस्टाग्राम अकाउंट पर अल्लू और स्नेहा की उनके दोनों बच्चों के साथ एक तस्वीर मिली, जिसमें वे अमृतसर के वर्ल्ड फेमस स्वर्ण मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इस दौरान जहां एक्टर नीले कुर्ते में सर पर रूमाल ढके हुए नजर आए, वहीं उनकी पत्नी भी नीले रंग के सूट में दिखाई दीं। हालांकि, जिस बात ने हमारा ध्यान खींचा, वह था उनका आम लोगों के साथ लाइन में खड़े होना। जी हां, अल्लू अर्जुन ने एक फेमस एक्टर होने के बावजूद बेहद आम तरीके से, आम लोगों की तरह लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और फिर आम लोगों की तरह प्रार्थना की। अल्लू अर्जुन के इस व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया है।
(ये भी पढ़ें- इनाया नौमी खेमू ने बटरफ्लाई थीम बर्थडे बैश में पहनी प्रिंसेस फ्रॉक, काटा हार्ट शेप का केक)
इसके बाद वे अपने परिवार संग वाघा बॉर्डर भी गए। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर बीएसएफ जवानों के साथ पोज देते हुए एक तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "बीएसएफ। क्या सम्मान है। धन्यवाद।" अपनी यात्रा की एक और झलक साझा करते हुए, उन्होंने इंस्टाग्राम कहानियों पर एक वीडियो भी पोस्ट किया। क्लिप में, हम अल्लू अर्जुन को जवानों के साथ एक भव्य एंट्री करते हुए देख सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने वाघा बॉर्डर पर मौजूद लोगों को बधाई भी दी। इस दौरान वह क्लासिक ब्लैक एंड व्हाइट लुक में डैपर लग रहे थे और उन्होंने अपने लंबे बालों को पोनीटेल में बांधा हुआ था।
(ये भी पढ़ें- Aishwarya Rai Bachchan Net Worth: आलीशान घर से लग्जरी कारों तक, अरबों की मालकिन हैं एक्ट्रेस)
वर्क फ्रंट की बात करें, तो वह अगली बार 'पुष्पा: द रूल' में अपने 'पुष्पा राज' अवतार से एक बार फिर फैंस को सरप्राइज करने के लिए तैयार हैं। सुकुमारन द्वारा निर्देशित इस प्रोजेक्ट में रश्मिका मंदाना और फहद फासिल भी शामिल होंगे, जो 'पुष्पा: द राइज' के ही कैरेक्टर में रहेंगे।
इसके अलावा, सूत्रों का यह भी दावा है कि अल्लू अर्जुन हॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए भी तैयार हैं। सूत्रों के अनुसार, "अल्लू अर्जुन को उद्योग के एक बड़े-शॉट निर्देशक-निर्माता द्वारा हॉलीवुड फिल्म की पेशकश की गई है। जब अभिनेता परेड के लिए न्यूयॉर्क में थे, तब उन्होंने एक सुपरहीरो के लिए सीक्रेट मीटिंग भी की थी।''
(ये भी पढ़ें- सैफ अली खान नहीं रखना चाहते थे अपने बेटों का नाम 'राम', वीडियो वायरल होते ही लोगों ने किया ट्रोल)
वैसे, अल्लू अर्जुन की हॉलीवुड डेब्यू की इस खबर में कितनी सच्चाई है, ये तो आने वाले वक्त में ही पता चलेगा। फिलहाल, फैंस इनकी 'पुष्पा' फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वैसे, आपको अल्लू अर्जुन की ये तस्वीरें कैसी लगीं? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।