By Pooja Shripal Last Updated:
अंबानी फैमिली पिछले काफी समय से अनंत अंबानी (Anant Ambani) की शादी के चलते सुर्खियों में बनी हुई है। ऐसे में अंबानी परिवार के सदस्यों के पुराने इंटरव्यूज और थ्रो-बैक वीडियोज भी काफी वायरल हो रहे हैं। इस बीच, हमें मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के तीनों बच्चों आकाश-ईशा और अनंत का एक वीडियो मिला है, जिसमें वे क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में हिस्सा लेते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए गए इस शो में अभिनेता ने तीनों भाई-बहनों से उनकी 'रिलायंस इंडस्ट्रीज' के बारे में सवाल पूछे और अनंत, ईशा और आकाश एक के बाद एक हर सवाल का जवाब देकर गेम में आगे बढ़ते गए। जबकि ईशा और आकाश को ज्यादा जवाब पता थे, लेकिन उन्होंने मदद के लिए दो बार अनंत का रुख किया। मदद के लिए उनकी दूसरी रिक्वेस्ट के दौरान आकाश ने कबूल किया कि अनंत परिवार के बारे में सब कुछ जानते हैं।
हम देख सकते हैं कि जब अमिताभ बच्चन ने आकाश और ईशा से जामनगर के बारे में सवाल किया, तो वे अनंत की ओर मुड़े। सवाल था- “रिलायंस की जामनगर साइट भारत में निम्नलिखित में से किसका सबसे बड़ा उत्पादक है: a. आम b. प्राकृतिक गैस c. पॉलिएस्टर d. तेल।" ईशा ने बिग बी को बताया कि अनंत ने जामनगर में सबसे ज़्यादा समय बिताया है, इसलिए वे इस सवाल का जवाब देने के लिए सबसे सही व्यक्ति होंगे। अनंत ने इसका जवाब देते हुए ऑप्शन 'ए' यानी 'आम' को चुना, जो सही जवाब था।
इसके बाद अमिताभ ने कंपनी के निर्यात के बारे में पूछा। बिग बी ने पूछा, "रिलायंस कितने देशों में अपने उत्पाद निर्यात करता है? a. 98 b.108 c. 127 d. 132।" तब आकाश और ईशा ने माना कि यह एक कठिन सवाल था। इसके बाद उन्होंने अनंत से बीच में आकर जवाब देने में उनकी मदद करने को कहा। जब अनंत ने सुझाव दिया कि जवाब 108 है, तो ईशा ने उसी जवाब के साथ जाने का फैसला किया। इस पर अमिताभ ने आकाश और ईशा से पूछा, "उन्हें (अनंत) सभी जवाब कैसे पता हैं और आपको नहीं पता?" इस पर आकाश ने जवाब दिया, "अब आपको पता चल गया है कि परिवार कैसे काम करता है।" उन्होंने कहा, "अनंत को सब पता है और हम उसे फॉलो करते हैं।"
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
बता दें कि अनंत अंबानी ने 12 जुलाई 2024 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड राधिका मर्चेंट संग शादी रचाई। फिलहाल, अनंत-आकाश और ईशा के इस पुराने वीडियो पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।