By Shivakant Shukla Last Updated:
माता-पिता के लिए उनके बच्चों से बढ़कर कुछ भी नहीं होता है। वह अपने बच्चों की खुशी के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार रहते हैं। वैसे तो, हर माता-पिता अपने बच्चों को प्यार करते हैं, लेकिन कई बार, प्यार केवल विशेष अवसरों पर ही व्यक्त किया जाता है। ऐसा ही हाल बॉलीवुड सुपरस्टार्स का भी है, जो अपने बच्चों के जन्मदिन पर उन्हें बर्थडे विश करके बच्चों के प्रति अपने प्यार को जाहिर करते हैं। हाल ही में, अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgan) ने भी अपने बेटे युग (Yug Devgan) के बर्थडे पर अपना प्यार बरसाया है।
पहले आइए अजय देवगन की पर्सनल लाइफ पर एक नजर डाल लेते हैं। अजय ने एक्ट्रेस काजोल से शादी रचाई है। दोनों करीब 25 साल पहले 1995 में फिल्म 'हलचल' के सेट पर मिले थे। कहा जाता है कि, यहीं से अजय और काजोल के प्यार की शुरुआत हुई थी। कुछ समय तक चुपके-चुपके प्यार करने के बाद दोनों ने 1999 में महाराष्ट्रियन रीति-रिवाज से शादी कर ली थी। इस शादी को इतना गुपचुप रखा गया था कि, दोनों ने अजय की बिल्डिंग की छत पर सात फेरे ले लिए थे। खैर! मौजूदा समय में अजय और काजोल दो बच्चे ‘न्यासा’ और ‘युग’ के माता-पिता हैं। दोनों अपनी फैमिली के साथ बेहद खुश रहते हैं।
दरअसल, दिग्गज अभिनेता अजय देवगन के बेटे युग देवगन आज यानी 13 सितंबर 2021 को अपना 11वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर अजय देवगन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से बेटे युग की सोते हुए एक तस्वीर पोस्ट की है, इसमें युग नीले रंग के कुशन के ऊपर बेफिक्र होकर सो रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक्टर ने अपने कैप्शन में खुलासा किया कि, वह युग के जागने पर क्या करने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
अजय ने कैप्शन में लिखा है, "हैप्पी बर्थडे बॉय। हैप्पी टाइम का मतलब सिर्फ आपके आस-पास होना युग। आपके जागने और मोमबत्तियों को फूंकने का इंतजार करूंगा।"
इसके पहले, बेटे युग देवगन के दसवें बर्थडे के मौके पर उनकी मम्मी और एक्ट्रेस काजोल ने अपने इंस्टा हैंडल से बेटे युग का स्विमिंग पूल में नहाते हुए एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो को शेयर करते हुए काजोल ने लिखा था, "मुझे कुछ नहीं पता मुझे सब कुछ पता है- युग देवगन। मेरे छोटे बुद्ध को 10वां जन्मदिन मुबारक हो। मिस यू इससे ज्यादा मैं कह सकती हूं।''
वर्कफ्रंट की बात करें तो, अभिनेता डिस्कवरी के एडवेंचर शो 'इनटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' के अगले एपिसोड में नजर आएंगे। अजय जल्द ही बेयर ग्रिल्स के साथ मालदीव में इस एपिसोड की शूटिंग करेंगे। इससे पहले, पीएम नरेंद्र मोदी, रजनीकांत और अक्षय कुमार इस एडवेंचर आधारित शो की शोभा बढ़ा चुके हैं।
फिल्म की बात करें तो, अभिनेता को हाल ही में 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' में देखा गया था। इसके अलावा वह 'गंगूबाई काठियावाड़ी', 'आरआरआर', 'मैदान' और 'मेडे' में नजर आएंगे। वहीं, 'रुद्र: द एज ऑफ डार्कनेस' नामक वेब सीरीज के साथ अजय देवगन अपना डिजिटल डेब्यू करने के लिए भी तैयार हैं।
फिलहाल, हम भी अजय देवगन के बेटे युग को उनके जन्मदिन की ढेर सारी बधाई देते हैं। तो आपको एक्टर द्वारा अपने बेटे के लिए किया गया पोस्ट कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।