By Rinki Tiwari Last Updated:
मौनी रॉय, करिश्मा तन्ना, लव रंजन और फरहान अख्तर के बाद अब एक और सितारा है, जो जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाला है। ये कोई और नहीं बल्कि, टीवी इंडस्ट्री की खूबसूरत अभिनेत्री आस्था चौधरी (Aastha Chaudhary) हैं, जो जल्द ही अपने डॉक्टर बॉयफ्रेंड आदित्य बनर्जी संग शादी के बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं। हाल ही में, एक्ट्रेस ने अपनी शादी की तारीख की घोषणा की है। साथ ही अपना हनीमून प्लान भी बताया है। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
पहले ये जान लीजिए कि, ‘सात फेरे: सलोनी का सफर’, ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’ और ‘उतरन’ जैसे हिट टीवी सीरियल्स में काम कर चुकीं आस्था चौधरी ने 10 सितंबर 2021 को ‘गणेश चतुर्थी’ के मौके पर अपने बॉयफ्रेंड आदित्य बनर्जी के साथ सगाई की थी। आस्था ने 19 सितंबर 2021 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी सगाई सेरेमनी की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिसमें कपल एक-दूसरे के साथ ट्रेडिशनल आउटफिट में काफी खूबसूरत लग रहा था।
(ये भी पढ़ें- शेफाली जरीवाला ने पहली असफल शादी की ट्रोलिंग पर की बात, पराग त्यागी ने बताया हैप्पी मैरिज का राज)
सगाई के बाद 25 अप्रैल 2022 को आस्था और आदित्य शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। भगवान कान्हा की भक्त होने के चलते आस्था वृंदावन में आदित्य संग सात फेरे लेने वाली थीं, लेकिन आदित्य के पिता की तबीयत बिगड़ने के चलते वो प्रयागराज में शादी करेंगी। लगन, मेहंदी और हल्दी समेत प्री-वेडिंग फेस्टिविटीज के साथ ये शादी बेहद सिंपल तरीके से संपन्न होगी।
आस्था चौधरी ने ‘ई-टाइम्स’ संग बातचीत में अपनी शादी के बारे में बताया कि, भले ही वह वृंदावन में शादी नहीं कर पाएंगी, लेकिन वह होली के दौरान वहां जरूर जाएंगी। अभिनेत्री ने कहा, “अब जब हम वृंदावन में शादी नहीं कर सकते हैं, मैं और आदित्य होली के आसपास उस पवित्र स्थान पर भगवान कृष्ण के दर्शन के लिए जाएंगे। हम अपनी शादी का कार्ड और अंगूठियां भी पेश करेंगे। मैं चाहती हूं कि, कृष्ण हमें एक साथ हमारी नई यात्रा के लिए आशीर्वाद दें।”
(ये भी पढ़ें- सनाह की शादी में शाहिद कपूर-मीरा राजपूत ने पिता पंकज कपूर संग 'पंज तारा' गाने पर किया डांस)
कपल की शादी की रस्में 23 अप्रैल 2022 से शुरू होंगी। आस्था का कहना है कि, वह एक साधारण शादी में सात फेरे लेना चाहती थीं और ऐसा ही हो रहा है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा से एक साधारण वैदिक विवाह की कामना करती थी। मैं अपने बड़े दिन को भव्य बनाने के प्रयास में बहुत अधिक पैसा खर्च करने के लिए कभी भी उत्सुक नहीं रही हूं। हम बहुत अधिक काम नहीं कर रहे हैं और यहां तक कि, समारोह और अनुष्ठान भी न्यूनतम हैं, जो शादी से एक दिन पहले यानी 23 अप्रैल को होंगे।”
शादी के बाद कपल हनीमून जाने के लिए काफी एक्साइटेड रहता है, लेकिन आस्था को अपना हनीमून प्लान कैंसिल करना पड़ा। उन्होंने कहा, “हमने इटली जाने के बारे में सोचा था, लेकिन मैं महामारी के कारण लगे प्रतिबंधों की वजह से बहुत उत्सुक नहीं हूं। मैं प्रतिबंधों के बीच यात्रा न करने के विचार से ठीक हूं। हम अपने हनीमून के लिए जाएंगे, जब स्थिति बेहतर होगी और हम स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ सकते हैं।”
(ये भी पढ़ें- उर्मिला मातोंडकर ने स्वर्ण मंदिर यात्रा की फोटो शेयर कर पति मोहसिन अख्तर को विश की एनिवर्सरी)
फिलहाल, हमें आस्था और आदित्य की शादी का बेसब्री से इंतजार है। वैसे, आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।