By Shivakant Shukla Last Updated:
शादी के बंधन में बंधना किसी भी महिला के लिए उसकी जिंदगी के सबसे खूबसूरत लम्हों में से एक होता है। हर दुल्हन अपनी शादी के फंक्शन के हर छोटे से छोटे लम्हे को अपनी यादों में संजोकर अपने साथ अपने ससुराल ले जाती है। पिछले कुछ वर्षों में शादियों में डिजाइनर से अपने आउटफिट डिजाइन कराने का ट्रेंड काफी बढ़ा है, लेकिन किसी भी दुल्हन के लिए अपनी शादी में अपने पारिवारिक गहनों को पहनने से ज्यादा अच्छा और क्या हो सकता है। यहां हम आपको ऐसी सात दुल्हनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने शादी में अपनी मां और दादी मां के गहने पहनकर सबका दिल जीत लिया था।
फैशन डिजाइनर तिशा सक्सेना, मार्च 2020 में एक भव्य समारोह में शादी के बंधन में बंधी थीं। तिशा ने अपनी शादी में लाल रंग का एक बहुत ही खूबसूरत लहंगा पहना था, जिस पर सुनहरे जरी का काफी काम भी कराया गया था। हालांकि उनके वेडिंग लुक की खास बात यह थी कि, उन्होंने अपनी परदादी का पासा बहुत ही शानदार अंदाज में पहना हुआ था। उन्होंने वह पासा, आम्रपाली की ज्वेलरी के साथ पहना था।
(ये भी पढ़ें- इन 10 सब्यसाची दुल्हनों ने अपनी शादी में मिनिमलिस्टिक लहंगा पहन खूबसूरती में लगाए चार-चांद)
खूबसूरत दुल्हन त्रिपत कांग ने अपने प्रेमी रहमत सिंह के साथ मनाली में शादी की थी। अपनी शादी के लिए त्रिपत ने हाउस ऑफ कोटवाड़ा से एक गुलाबी लहंगा पसंद किया था, जिसे विशेष रूप से उन्हीं के लिए तैयार कराया गया था। त्रिपत के लुक का बेस्ट पार्ट यह था कि, उन्होंने अपनी शादी में अपनी दादी का हल्की ज्वेलरी का एक सेट पहना हुआ था। उनकी दादी को यह ज्वेलरी सेट शादी के गिफ्ट के रूप में उनके ससुर सरदार बलदेव सिंह ने दिया था, जो भारत के पहले रक्षा मंत्री थे।
दुल्हन देविका नारायण ने अपने प्रेमी जोसेफ राधिक से साल 2017 में शादी की थी। उनकी शादी कई कारणों से सुपर स्पेशल थी। अपनी शादी में उन्होंने पारंपरिक दुल्हन के पहनावे को छोड़, पारिवारिक विरासत के गहने पहने थे। उन्होंने अपनी शादी पर अपनी दादी की बालियां और अपनी परदादी का एक बहुत ही खूबसूरत हार पहना था।
मेघा और उनके प्रेमी राहुल ने वर्ष 2020 में लॉकडाउन में शादी की थी। मेघा और राहुल की शादी बड़े ही अतरंगी अंदाज में उनके घर पर ही हुई थी। अपनी शादी पर मेघा ने अपनी मां की पीली रेशमी साड़ी पहनी थी, जिसके बॉर्डर पर बहुत ही खूबसूरती से काम किया गया था। इसके साथ उन्होंने अपनी मां का ही एक हार भी पहना था और उनकी साड़ी और हार का कॉम्बिनेशन बहुत शानदार लग रहा था।
(ये भी पढ़ें- 10 दुल्हनें जिन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्रियों के ब्राइडल लुक्स को अपनी शादी में किया रीक्रिएट)
चैताली की शादी भी साल 2020 में लॉकडाउन के कारण उनके घर पर ही हुई थी। उन्होंने अपनी शादी पर अपनी मां की एक खूबसूरत पिंक साड़ी पहनी थी, जिसे उनकी मां ने मीना बाजार से खरीदा था। उन्होंने अपनी शादी पर अपनी नानी का हार भी पहना था और इस खूबसूरत हार ने चैताली के वेडिंग लुक को और शानदार बना दिया था।
तारिनी मनचंदानी और उनके प्रेमी एक शानदार समारोह में शादी के बंधन में बंधे थे। अपनी शादी पर तारिनी ने लाल रंग की शिफॉन साड़ी पहनी थी। इस साड़ी का कपड़ा उनकी मां पेरिस से लगभग 10 साल पहले लाई थीं। अपनी शादी के लिए तारिनी ने इस साड़ी पर अपनी नानी की साड़ी का बॉर्डर भी जुड़वाया था। इसके अलावा तारिनी ने अपनी शादी पर अपनी नानी का हार, मांग टीका और अपनी मां की बालियां भी पहनी थीं।
नीना की शादी साल 2017 में हुई थी और आनंद-कारज समारोह के लिए उन्होंने मोतियों से जड़ा अपना गुलाबी रंग का लहंगा खुद डिडाइन किया था। लहंगे के साथ ही उन्होंने अपने गहने भी खुद ही डिजाइन किए थे। हालांकि, उनके गहनों में सबसे शानदार उनकी नथ लग रही थी, जो उन्हें उनके परिवार से विरासत में मिली थी। इस नथ ने उनके वेडिंग लुक में एक अलग ही खूबसूरती जोड़ दी थी।
(ये भी पढ़ें- पंजाबी दुल्हन ने अपनी शादी में पहना मनीष मल्होत्रा का पीला लहंगा, स्टेटमेंट ज्वेलरी ने बढ़ाई शोभा)
खैर, हमें इन दुल्हनों से काफी प्यार है, इन्होंने अपने परिवार के गहनों को कितनी खूबसूरती से पहनकर एक अलग ट्रेंड सेट किया है। तो क्या यह सबसे बड़े दिन पर अपने बड़ों के आशीर्वाद को शामिल करने का यह एक प्यारा तरीका नहीं है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।