By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड से बेहद दुखद खबर सामने आई है। 'हम दिल दे चुके सनम', 'मिशन मंगल', 'हिचकी' जैसी फिल्मों में अपने किरदार से लोगों का दिल जीतने वाले दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले (Vikram Gokhale) अब इस दुनिया में नहीं रहे। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता का 77 वर्ष की उम्र में आज यानी 26 नवंबर 2022 को उनका निधन हो गया।
वह काफी दिनों से बीमार थे और कोमा में थे, उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। 23 नवंबर 2022 को भी खबर आई थी कि उनका निधन हो गया है। हालांकि, तब उनकी पत्नी वृषाली गोखले ने एक्टर के निधन के दावों का खंडन किया था। साथ ही बताया था कि उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है और वह कोमा में चले गए हैं। इसके बाद उनकी हालत में सुधार भी देखने को मिला था, लेकिन अब खबर है कि वह इस दुनिया को अलविदा कहकर चलकर गए हैं।
अनुभवी अभिनेता विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में साल 1971 में आई फिल्म 'परवाना' से अपने करियर की शुरुआत की थी। 4 दशकों के अपने लंबे करियर में उन्होंने कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों में शानदार काम किया है। विक्रम गोखले को आखिरी बार फिल्म 'निकम्मा' में देखा गया था, जिसमें शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और अभिमन्यु दासानी ने भी अभिनय किया था। विक्रम गोखले की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उनकी धर्मपत्नी का नाम वृषाली गोखले है। उनकी दो बेटी भी हैं।
फिलहाल, हम भी एक्टर को नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हैं।