By Shivakant Shukla Last Updated:
मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। 10 अगस्त 2022 को दिल का दौरा पड़ने के बाद राजू को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कॉमेडियन साउथ दिल्ली के एक जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए गिर पड़े थे। उन्हें उनके ट्रेनर द्वारा अस्पताल ले जाया गया और उन्हें सीपीआर दिया गया था और उसके बाद एंजियोप्लास्टी की गई थी।। उनके दोस्त लगातार उनके फैन्स को उनकी सेहत के बारे में जानकारी देते रहे हैं। कॉमेडियन सुनील पाल द्वारा साझा किए गए लेटेस्ट वीडियो के अनुसार, उन्होंने लोगों से कॉमेडियन के लिए प्रार्थना करने के लिए कहा, क्योंकि उनकी हालत गंभीर है।
कॉमेडियन सुनील पाल द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में वह भावुक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने साझा किया कि, राजू श्रीवास्तव की हालत गंभीर है। उन्होंने लोगों से उनके लिए प्रार्थना करने को कहा, क्योंकि डॉक्टर भी अब कुछ नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि, राजू के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है। उन्होंने प्रशंसकों से उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
(यह भी पढ़ें : सूरज पंचोली GF जिया खान पर करते थे अत्याचार, एक्ट्रेस की मां ने कोर्ट में किया खुलासा)
16 अगस्त 2022 को राजू के मैनेजर नयन सोनी ने कॉमेडियन के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की थी और बताया था कि, उनकी हालत में सुधार हो रहा है। 'पीटीआई' की एक रिपोर्ट में नयन ने बताया था कि, राजू की हालत धीरे-धीरे बेहतर हो रही है और वह इलाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया था कि, राजू अब अपने शरीर के अंगों को थोड़ा सा हिला सकते हैं। देश के चहेते कॉमेडियन के बारे में अधिक जानकारी साझा करते हुए नयन ने कहा था कि, राजू अभी भी आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं और डॉक्टरों ने उन्हें सूचित किया है कि, उन्हें होश में आने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।
13 अगस्त 2022 को राजू के परिवार ने उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर एक अपडेट देने के लिए एक बयान जारी किया था और कहा था कि, वह स्थिर हैं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया था।
(यह भी पढ़ें : अजय देवगन ने बेटी न्यासा के बॉलीवुड डेब्यू पर की बात, कहा- 'उसने अभी फैसला नहीं किया')
वर्क फ्रंट की बात करें, तो राजू श्रीवास्तव ने 'मैंने प्यार किया', 'बाजीगर', 'बॉम्बे टू गोवा' और 'आमदानी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है। वह 'फिल्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश' के अध्यक्ष भी हैं।
फिलहाल, हम उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करते हैं।