पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने फादर्स-डे के मौके पर सोशल मीडिया पर अपने बेटे की पहली झलक शेयर की है, इसके साथ ही उन्होंने अपने लाडले का नाम भी बताया है। आइए आपको बताते हैं।
दुनियाभर में आज यानी 19 जून 2022 को फादर्स-डे सेलिब्रेट किया जा रहा है। सब अपने-अपने अंदाज में सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपने पिता को फादर्स-डे की बधाई दे रहे हैं। अब इस मौके पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने भी फादर्स-डे विश करते हुए सोशल मीडिया पर अपने बेटे की पहली झलक शेयर की है।
(ये भी पढ़ें- सोनम कपूर ने बचपन की अनदेखी तस्वीरें कीं शेयर, फादर्स-डे पर पिता अनिल कपूर पर लुटाया प्यार)
बता दें कि, 40 वर्षीय युवराज ने 25 जनवरी 2022 को ट्वीट कर अपने फैंस को ये जानकारी दी थी कि, वो एक बेटे के पिता बन गए हैं। इस ट्वीट के साथ उन्होंने सभी से अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने की भी गुजारिश की थी। युवराज ने ट्वीट में लिखा था, "हमारे सभी फैंस, परिवार और दोस्तों के लिए, हमें ये बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि, आज भगवान ने हमें एक बच्चे का आशीर्वाद दिया है। हम इस आशीर्वाद के लिए भगवान को धन्यवाद देते हुए अपने बच्चे का दुनिया में स्वागत करते हैं और चाहते हैं कि, आप हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें।"
(ये भी पढ़ें- सनी-बॉबी-ईशा देओल ने धर्मेंद्र को खास अंदाज में विश किया फादर्स-डे, बोले- 'आप हमारी दुनिया हो')
पूर्व क्रिकेटर युवराज ने उस वक्त ट्वीट कर बेटे के जन्म के बारे मे तो बता दिया था, लेकिन उन्होंने बच्चे का चेहरा नहीं दिखाया था। अब उन्होंने फादर्स-डे के मौके पर अपने बेटे की झलक दिखाई है। युवराज ने आज यानी 19 जून 2022 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दो फोटोज शेयर की हैं, जिनमें वो अपनी पत्नी हेजल कीच और बेटे के साथ नजर आ रहे हैं। फोटोज को शेयर करते हुए युवराज ने प्यारा सा कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा है, ''दुनिया में आपका स्वागत है Orion Keech Singh। मम्मी और डैडी को अपने छोटे "पुत्तर" से प्यार है। हर मुस्कान के साथ आपकी आंखें टिमटिमाती हैं, जैसे सितारों के बीच आपका नाम लिखा होता है।'' इसके साथ उन्होंने #हैप्पीफादर्सडे भी लिखा है। युवराज ने इस पोस्ट के जरिए अपने बेटे का चेहरा भी दिखाया है, साथ ही उसके नाम की भी घोषणा की है।
(ये भी पढ़ें- माधुरी दीक्षित ने फैमिली फोटो की शेयर, पति श्रीराम नेने को बताया- 'दुनिया का सबसे अच्छा पिता')
फिलहाल, हमें युवराज के बेटे की पहली झलक पाकर बहुत खुशी हुई है। वैसे, पूर्व क्रिकेटर के बेटे का नाम आपको कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।