राजस्थान की 19 वर्षीय नंदिनी गुप्ता ने 'मिस इंडिया 2023' का खिताब अपने नाम कर लिया है। आइए आपको उनके बारे में सब कुछ बताते हैं।
राजस्थान के कोटा की रहने वाली नंदिनी गुप्ता (Nandini Gupta) ने 'फेमिना मिस इंडिया 2023' का ताज अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ वह देश की 59वीं मिस इंडिया बन गई हैं। इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट में दिल्ली की श्रेया पूंजा फर्स्ट रनर-अप रहीं। वहीं, मणिपुर की थुनाओजम स्ट्रेला लुवांग को दूसरी रनर-अप चुना गया। 'मिस इंडिया 2022' की विनर रहीं सिनी शेट्टी ने नंदिनी गुप्ता को ताज पहनाया।
मणिपुर के इंफाल में आयोजित हुए इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट में बॉलीवुड के हैंडसम हंक कार्तिक आर्यन, एक्ट्रेस नेहा धूपिया और अनन्या पांडे जैसे सितारे शामिल हुए, जिनकी मौजूदगी में नंदिनी गुप्ता को मिस इंडिया का ताज पहनाया गया। इस समय हर तरफ नंदिनी की चर्चा है, ऐसे में हर कोई उनके बारे में ज्यादा-से-ज्यादा जानना चाहता है। तो चलिए हम आपको उनके बारे में विस्तार से बताते हैं।
राजस्थान के कोटा में जन्मीं नंदिनी अभी 19 साल की हैं। सेंट पॉल सीनियर सेकेंड्री स्कूल और लाला लाजपत राय कॉलेज से अपनी पढ़ाई करने वाली नंदिनी एक मॉडल हैं, जिन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री भी हासिल की है। नंदिनी हमेशा से एक ब्रिलियंड स्टूडेंट रही हैं, जो अपने स्कूल-कॉलेज के दिनों से हर तरह के इवेंट्स में हिस्सा लेती आई हैं।
नंदिनी गुप्ता का कहना है कि वह एक्ट्रेस और 'मिस वर्ल्ड 2000' प्रियंका चोपड़ा से इंस्पायर्ड हैं और उन्हें अपना आदर्श मानती हैं। 'ईटाइम्स' संग बातचीत में नंदिनी ने कहा, "मिस वर्ल्ड 2000 प्रियंका चोपड़ा ने भारत को नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने एक अभिनेत्री के तौर पर तो शानदार प्रदर्शन किया ही है, साथ ही समाज के लिए भी काफी कुछ कर रही हैं। वह लोगों को प्रेरित करती हैं, उनमें एक महान भावना है।'' नंदिनी प्रियंका के सेंस ऑफ ह्यूमर और उनकी आगे बढ़ने वाली पर्सनैलिटी की फैन हैं।
'मिस इंडिया 2023' का सपना पूरा करने के बाद नंदिनी कोटा के कैथून की महिलाओं के लिए कुछ करना चाहती हैं। अपने इंटरव्यू में नंदिनी गुप्ता ने बताया कि कैथून का कोटा डोरिया फैब्रिक बहुत ही मशूहर है। इसे बनाने के लिए कैथून की महिलाओं के साथ-साथ उनका परिवार भी काम करता है। हालांकि, सारी जिंदगी इसी काम को करने के बावजूद उन्हें ज्यादा पैसा नहीं मिलता। ऐसे में नंदिनी का सपना है कि वह उन महिलाओं को सही प्लेटफॉर्म के साथ उनके काम को एक पहचान भी दिलाएं।
फिलहाल, हम भी नंदिनी गुप्ता को उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेर सारी बधाई देते हैं।