दिवंगत सिंगर केके ने एक बार साझा किया था कि, उनकी पत्नी ज्योति ने उन्हें जीवन के कठिन दौर से बाहर निकलने में मदद की, जब उन्हें लगा था कि, वे 'मौत' के करीब पहुंच गए हैं। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
बॉलीवुड के महान गायक कृष्णकुमार कुनाथ (Krishnakumar Kunnath) उर्फ केके का 31 मई 2022 की रात कोलकाता में एक संगीत कार्यक्रम में प्रदर्शन करने के तुरंत बाद निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। बॉलीवुड से लेकर आम लोग तक सभी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सिंगर ने एक पुराने इंटरव्यू में साझा किया था कि, कैसे उनकी पत्नी ने उन्हें जीवन के कठिन दौर से उबरने में मदद की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि, उनके एक फैसले ने उनके करियर में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आइए आपको सिंगर के उस समय के बारे में बताते हैं।
साल 1994 में मुंबई में शिफ्ट होने के तुरंत बाद केके को 1999 में अपने पहले एल्बम 'पल' के साथ सफलता मिली। सलमान खान-ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में उनका गाना 'तड़प-तड़प' काफी हिट हुआ था और इससे उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान मिली थी।
(ये भी पढ़ें- सिद्धू मूसे वाला से जुड़ी अनसुनी बातें: विवादों से रहा है नाता, तय किया सिंगर से नेता बनने तक का सफर)
केके ने साल 2013 में दिए एक इंटरव्यू में उन कारणों के बारे में बात की थी, जिसने उन्हें दिल्ली से मुंबई में शिफ्ट करा दिया था। उन्होंने कहा था, "मैं बहुत ही सेफ साइड रहकर खेल रहा था। मैं जिंगल कर रहा था, जिंगल्स बना रहा था, विज्ञापन और इस तरह की बाकी सब चीजें कर रहा था। लेकिन मैं वहां रहकर बस इतना ही कर सकता था। मैं एक डेड एंड की तरफ बढ़ रहा था।"
'सोनी म्यूजिक इंडिया' के लिए वीडियो में आगे उन्होंने कहा था, "मैंने अभी शादी की थी। तीन साल पहले और मेरी पत्नी ज्योति मेरे लिए बॉम्बे जाने का कारण बनीं। उन्होंने मेरे लिए वह निर्णय लिया, जो मैं अपने दम पर नहीं लेता। उन्होंने मुझे एक निश्चित स्थिति से बाहर निकलने में मदद की, वह अब भी ऐसा करना जारी रखती हैं। इसने मेरे लिए अच्छा काम किया। मेरे घर बसाने से पहले मेरी शादी हो गई और उन्होंने घर बसाने में मेरी मदद की।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केके कोलकाता के नजरूल मंच में अपने प्रदर्शन के बाद अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। केके अपने होटल में गिर गए थे। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संगीत कार्यक्रम के तुरंत बाद गायक ने प्रदर्शन की तस्वीरें भी साझा की थीं।
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता पुलिस ने केके की मौत को लेकर 'असामान्य मौत' का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि, गायक के चेहरे और सिर में चोटें आई हैं। मौत की वजह का पता लगाने के लिए कोलकाता स्थित 'एसएसकेएम अस्पताल' में पोस्टमार्टम कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस भी होटल स्टाफ और कार्यक्रम के आयोजकों से पूछताछ कर रही है। केके के परिवार में अब उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। सभी का रो रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल, हम भी सिंगर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।