'वाघ बकरी चाय' समूह के कार्यकारी निदेशक पराग देसाई का 22 अक्टूबर 2023 को 49 साल की उम्र में ब्रेन हैमरेज की वजह से निधन हो गया। आइए आपको विस्तार से बताते हैं।
गुजरात की फेमस 'वाघ बकरी चाय' समूह के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और मालिक पराग देसाई (Parag Desai) का 22 अक्टूबर 2023 को निधन हो गया। वह सिर्फ 49 साल के थे। कथित तौर पर 15 अक्टूबर 2023 को जब पराग देसाई अहमदाबाद में अपने आवास के बाहर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तब उन पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया था। ऐसे में उनसे बचने की कोशिश में वह सड़क पर गिर गए थे। अब 7 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनका निधन हो गया।
सुरक्षा गार्ड द्वारा घटना के बारे में परिवार को जानकारी देने के बाद पराग को पास के 'शेल्बी अस्पताल' ले जाया गया था और बाद में उन्हें 'ज़ायडस अस्पताल' में ट्रांसफर किया गया था। रिपोर्ट की मानें, तो सड़क पर गिरने से उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया था, जो उनकी मृत्यु का कारण बना। वह करीब 7 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहे और आखिरकार, 22 अक्टूबर 2023 को उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका अंतिम संस्कार 23 अक्टूबर 2023 को थलतेज श्मशान में किया गया।
दुखद समाचार और पराग की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए गुजरात 'कांग्रेस' प्रमुख और राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल ने लिखा, “बहुत दुखद खबर आई है। वाघ बकरी टी के निदेशक और मालिक पराग देसाई का निधन हो गया। गिरने के बाद उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। उनकी आत्मा को शांति मिलें। पूरे भारत में संपूर्ण वाघ बकरी परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
पराग देसाई 'वाघ बकरी टी' के प्रबंध निदेशक रसेश देसाई के बेटे थे। 'लॉन्ग आइलैंड यूनिवर्सिटी' यूएसए से एमबीए करने के बाद पराग ने 1,500 करोड़ रुपए से अधिक के कारोबार के साथ कंपनी के सेल्स, मार्केटिंग और निर्यात विभागों का नेतृत्व किया। 30 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, पराग ने भारतीय उद्योग परिसंघ जैसे मंचों में भाग लिया था। उन्होंने समूह को 'टी लाउंज' और ई-कॉमर्स में भी बदल दिया।
पराग अपने ब्रांड के चौथी पीढ़ी के एंटरप्रेन्योर थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी विदिशा और बेटी परीशा हैं।