स्टार कपल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने मुंबई के जुहू इलाके में 2.76 लाख रुपए प्रति माह के किराए पर एक अपार्टमेंट लिया है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
बी-टाउन और क्रिकेट की दुनिया के पावर कपल विराट कोहली (Virat Koli) व अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) कभी भी अपने फैंस को प्रभावित करने का मौका नहीं छोड़ते हैं। दोनों पहली बार एक कमर्शियल एड की शूटिंग के दौरान मिले थे और उन्हें प्यार हो गया था। काफी समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों साल 2017 में शादी के बंधन में बंध गए थे। फरवरी 2021 में बिंदास जोड़े ने अपनी लाडली बेटी का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने वामिका रखा है।
अपने निजी जीवन के अलावा, विराट और अनुष्का अक्सर अपनी प्रोफेशनल उपलब्धियों और शानदार खरीदारी के लिए भी सुर्खियां बटोरते हैं। कपल के पास कुछ बेहद महंगी शानदार संपत्तियां हैं। दो आलीशान घरों (एक मुंबई में और दूसरा गुड़गांव में) से लेकर कुछ अन्य शानदार संपत्तियों को खरीदने तक, विराट और अनुष्का शाही जिंदगी जीने में विश्वास रखते हैं।
लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने मुंबई के जुहू इलाके में एक अपार्टमेंट किराए पर लिया है। 'हाई टाइड' इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट के मालिक पूर्व क्रिकेटर समरजीत सिंह गायकवाड़ हैं, जो गुजरात में शाही वड़ोदरा परिवार के वंशज हैं। सी-फेसिंग अपार्टमेंट दो अंडरग्राउंड पार्किंग के साथ है। रिपोर्ट्स की मानें, तो ये फ्लैट 1650 स्क्वायर फीट का है, जहां से समंदर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इस नए फ्लैट का किराया करीब 2.76 लाख रुपए है और इस फ्लैट के लिए इस कपल ने लगभग साढ़े सात लाख रुपए डिपोजिट दिया है। हालांकि, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने जुहू में ये फ्लैट किराए पर क्यों लिया है? अभी तक इसका खुलासा नहीं हुआ है।
कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि विराट और अनुष्का ने अलीबाग में एक विला खरीदा है। भव्य संपत्तियों के अलावा, विराट कोहली रेस्ट्रो-बार 'वन8 कम्यून' की एक सीरीज के भी मालिक हैं। कुछ दिनों पहले यह बताया गया था कि क्रिकेटर ने अपना अगला रेस्तरां खोलने के लिए महान दिवंगत गायक किशोर कुमार के बंगले 'गौरी कुंज' के एक हिस्से को किराए पर लिया है। विराट द्वारा अपने रेस्तरां व्यवसाय का एक नया आउटलेट शुरू करने की खबरों के बीच 'वन8 कम्यून' के इंस्टाग्राम बायो को बदल दिया गया था। नए बायो में लिखा है, "जुहू, मुंबई #ComingSoon।" किशोर कुमार के बंगले में खुले नए रेस्तरां की झलकियां देखने के लिए यहां क्लिक करें।
फिलहाल, ये बात तो साफ है कि विराट और अनुष्का किंग साइज लाइफ जीने के आदर्श उदाहरण हैं। तो आपका इस बारे में क्या कहना है? हमें कमेंट में जरूर बताएं।