हाल ही में, दिग्गज एक्टर विक्रम गोखले की पत्नी वृषाली गोखले ने एक्टर के निधन की खबरों का खंडन किया है और बताया है कि वह कोमा में चले गए हैं। आइए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।
दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले (Vikram Gokhale) की तबीयत अभी गंभीर स्थिति में है। बताया जा रहा है कि वह कोमा में हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हालांकि, 23 नवंबर 2022 को आई उनके निधन की दुखद खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया था। अब उनकी पत्नी वृषाली गोखले ( Vrushali Gokhale) ने एक्टर के निधन के दावों का खंडन किया है। साथ ही बताया है कि उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है और वह कोमा में चले गए हैं।
अनुभवी अभिनेता विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में साल 1971 में आई फिल्म 'परवाना' से अपने करियर की शुरुआत की थी। 4 दशकों के अपने लंबे करियर में उन्होंने कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों में शानदार काम किया है। उनके कुछ सराहनीय कार्यों में 'अग्निपथ', 'हम दिल दे चुके सनम', 'मिशन मंगल', 'हिचकी', 'बैंग बैंग', 'दे दना दन' और 'भूल भुलैया' जैसी फिल्में शामिल हैं। विक्रम गोखले को आखिरी बार फिल्म 'निकम्मा' में देखा गया था, जिसमें शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और अभिमन्यु दासानी ने भी अभिनय किया था।
विक्रम गोखले के निधन की चौंकाने वाली खबर अभी भी चर्चा में है। हालांकि, 'ईटाइम्स' के साथ बातचीत में उनकी पत्नी वृषाली ने इन सभी अफवाहों को सिरे से नकार दिया और बताया कि अभी भी उनके पति का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, "वह कल दोपहर कोमा में चले गए और उसके बाद से उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वह वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टर अब यह तय करेंगे कि क्या करना है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि वह ठीक हो रहे हैं या नहीं, क्योंकि वह अभी रिएक्ट नहीं कर रहे हैं।''
वृषाली गोखले ने यह भी खुलासा किया कि विक्रम गोखले को 5 नवंबर 2022 को पुणे के 'दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल' में भर्ती कराया गया था और पिछले 14 दिनों से उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति की उम्र 82 साल नहीं है, जैसा कि मीडिया में बताया जा रहा है। इस बारे में उन्होंने कहा, "उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन फिर से वह गंभीर हालत में चले गए। उन्हें दिल और गुर्दे जैसी कई समस्याएं हैं। इस समय उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। साथ ही मेरे पति 77 वर्ष के हैं न कि 82 के, जैसा कि बताया जा रहा है।"
इस बीच, 'एएनआई' की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल' के डॉ धनंजय केलकर ने भी खुलासा किया कि विक्रम गोखले की मौत की अफवाहें सच नहीं हैं। पुणे में रहने वाली विक्रम की बेटी ने भी 'एएनआई' को बताया कि उनके पिता लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं और सभी से उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने को कहा। उन्होंने कहा, "वह अभी भी गंभीर स्थिति में हैं और वेंटिलेटर पर हैं। उनके लिए प्रार्थना करते रहें।"
फिलहाल, हम भी एक्टर के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं।