एक्टर विद्युत जामवाल ने हाल ही में, एक इंटरव्यू में मंगेतर नंदिता महतानी संग अपने रिश्ते के बारे में बात की है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनेताओं में से एक विद्युत जामवाल (Vidyut Jammwal) इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों उन्होंने फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी (Nandita Mahtani) से सगाई की थी। हाल ही में, उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड बताया है कि, वह अपने रिश्ते की स्थिति को छिपाने में क्यों विश्वास नहीं करते हैं। आइए आपको बताते हैं एक्टर ने क्या कहा है।
पहले तो ये जान लीजिए कि, 13 सितंबर 2021 को विद्युत जामवाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरें शेयर करते हुए फैंस को अपनी सगाई की जानकारी दी थी। शेयर की गई पहली फोटो में वह नंदिता के साथ दीवार पर चढ़ते नजर आ रहे हैं और दूसरी फोटो ताज महल के सामने की है, जिसमें दोनों ताज की तरफ देखते हुए एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए देखे जा सकते हैं। इसे शेयर करते हुए विद्युत ने कैप्शन में लिखा था, ''कमांडो स्टाइल में किया। 💍 01/09/21।'' वहीं, नंदिता ने भी सोशल मीडिया पर इन्हीं दोनों तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा था, ''उन्हें अब और लटकाए नहीं रख सकती... आखिरकार हां कह दिया!! 1-9-21।''
अब आइए आपको एक्टर के लेटेस्ट इंटरव्यू के बारे में बताते हैं। दरअसल, 'बॉलीवुड बबल' से बात करते हुए विद्युत ने खुलासा किया कि, वह इस समय अपने जीवन के सबसे अच्छे दौर का आनंद ले रहे हैं। अभिनेता ने कहा कि, वह अपनी ओर जो कुछ भी आ रहा है उसे खुले हाथों से गले लगा रहे हैं। नंदिता से सगाई करने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, वह किसी को कमिट करना चाहते थे और वह इससे काफी खुश हैं।
(ये भी पढ़ें- जय भानुशाली ने पत्नी माही संग अचानक लास वेगास में की थी चर्च वेडिंग, एक्टर ने बताया मजेदार किस्सा)
विद्युत ने आगे विस्तार से बताया कि, वह उन लोगों में से नहीं हैं, जो अपने रिश्तों के बारे में बात नहीं करते हैं, वह 'जस्ट फ्रेंड्स' टैग के पीछे छिपना पसंद नहीं करते हैं। अभिनेता ने स्वीकार किया कि, वह नंदिता के बारे में बात करना पसंद करते हैं। उनके अनुसार मनुष्य को अपने हर कार्य पर गर्व करना चाहिए।
इसके पहले, 'इंडियन एक्सप्रेस' के साथ बातचीत में विद्युत जामवाल ने अपनी अनोखी शादी की प्लानिंग के बारे में बात की थी। विद्युत ने बताया था कि, वो शादी ‘शानदार रूप से अलग’ करने की सोच रहे हैं और शायद वो 100 मेहमानों के साथ स्काई डाइविंग कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “शादी बिल्कुल इसी तरह होने वाली है। यह सिर्फ रेगुलर नहीं हो सकती। मैं रेगुलर नहीं हूं। मैं ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहता, जो रेगुलर हो। अभी मेरी शादी की तारीख तय नहीं हुई है। मुझे नहीं पता कि, यह कब होने वाला है, लेकिन मेरे पास एक आइडिया है। यह बेहद अलग होगा। हो सकता है कि, हम 100 मेहमानों के साथ स्काई डाइविंग करने की कोशिश करें, वह सभी स्काई डाइविंग गियर में मेरे साथ कूदेंगे। यह बहुत अच्छा होगा।”
(ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण पहली मैरिज एनिवर्सरी पर क्यों गए थे दो मंदिर? एक्टर ने बताई दिलचस्प वजह
विद्युत ने यह भी खुलासा किया था कि, "मैं आज जो हूं, वह बनने की मैंने कभी योजना नहीं बनाई। मैं इसके लिए काम कर रहा था। इसी तरह, सगाई भी अचानक में हुई। मेरे पास लंबे समय के बाद दो दिन की छुट्टी थी, तो मैंने कहा, चलो सगाई करते हैं।"
वर्कफ्रंट की बात करें तो, विद्युत आने वाले दिनों में एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'सनक' में दिखाई देंगे। वैसे, आपको विद्युत जामवाल और नंदिता महतानी की जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।