एक्टर वरुण सूद 'खतरों के खिलाड़ी 11' की शूटिंग खत्म कर मुंबई लौट आए हैं। इस मौके पर एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल ने अपने बॉयफ्रेंड का रोमांटिक अंदाज में स्वागत किया है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
टीवी का पॉपुलर स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 11 की शूटिंग बीते काफी समय से दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में चल रही थी, जो अब खत्म हो गई है। इस शो से जुड़े सभी सितारे अपनी शूटिंग पूरी करके मुंबई लौट आए हैं, जिसमें टीवी पर्सनैलिटी वरुण सूद (Varun Sood) भी शामिल हैं। वरुण सूद का उनकी गर्लफ्रेंड व एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल (Divya Agarwal) ने मुंबई एयरपोर्ट पर रोमांटिक अंदाज में वेलकम किया। कपल के इस स्पेशल मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दिव्या और वरुण एक-दूसरे के लिए अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं। आइए आपको दिखाते हैं वो वीडियो।
पहले आप ये जान लीजिए कि, 'खतरों के खिलाड़ी 11' की शूटिंग के लिए शो से जुड़े सभी सेलिब्रिटीज बतौर कंटेस्टेंट्स 6 मई 2021 को केपटाउन के लिए रवाना हुए थे। वहां 42 दिनों की शूटिंग के बाद अब अर्जुन बिजलानी, राहुल वैद्य, श्वेता तिवारी, विशाल आदित्य सिंह, दिव्यांका त्रिपाठी, निक्की तंबोली, वरुण सूद समेत सभी सेलिब्रिटी मुंबई लौट आए हैं। इन 42 दिनों में सभी सेलिब्रिटीज ने केपटाउन में खूब मस्ती की है, जिसकी झलक उनके द्वारा शेयर किए गए तस्वीरों व वीडियोज में देखने को मिले।
(ये भी पढ़ें: 'पांड्या स्टोर' फेम शाइनी दोशी ने BF लवेश खैरजानी संग एक साल पहले की थी सगाई, अब दी गुड न्यूज)
आइए अब आपको वरुण और दिव्या का वो वीडियो दिखाते हैं। दरअसल, मशहूर सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने 23 जून 2021 को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिव्या अपने बॉयफ्रेंड का वेलकम करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि, दिव्या मुंबई एयरपोर्ट पर खड़ी हैं। इस दौरान उन्होंने हाथ में एक बोर्ड लिया हुआ है, जिस पर लिखा है, ‘आप मेरे बूस्टर हैं।’ इसके बाद वीडियो में दिव्या और वरुण के कुछ स्पेशल मोमेंट को दिखाया गया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे को हग कर रहे है। इस दौरान कपल एक-दूसरे को किस भी करता है। वरुण और दिव्या ने बेशक कोरोना की वजह से चेहरे पर मास्क लगाया हुआ है, लेकिन दोनों की एक-दूसरे से लंबे समय बाद मिलने वाली खुशी को साफ देखा जा सकता है।
(ये भी पढ़ें: मिनिषा लांबा को एक एक्टर ने डेटिंग के दौरान दिया था धोखा, इंटरव्यू में रिलेशनशिप पर खुलकर की बात)
जानकारी के लिए बता दें कि, ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग के दौरान वरुण सूद के हाथ में चोट लग गई थी। लगभग 10 दिन पहले, उनके अंगूठे का लिगामेंट टूट गया था, जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया था। इस मौके पर डॉक्टर ने एक्टर ने शूटिंग को रोकने और आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन वरुण आराम करने के बाद फिर से स्टंट करने के लिए शो के सेट पर पहुंच गए थे, जिसकी जानकारी एक्टर की गर्लफ्रेंड दिव्या ने अपने इंटरव्यू में दी थी। दिव्या अग्रवाल ने ‘ई-टाइम्स’ संग बातचीत में कहा था कि, ‘यह एक टास्क के दौरान हुआ है और उन्हें टास्क को करते समय चोट लगने पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। वह इसे एक चुनौती के रूप में लेते हैं और फिर चोट के साथ स्टंट करने के लिए उत्साहित हो जाते हैं।’
(ये भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी फैमिली संग पहाड़ों पर ले रहे छुट्टियों के मजे, देखें खूबसूरत तस्वीरें व वीडियोज)
वरुण सूद ने अपने दम पर ग्लैमर की दुनिया में नाम कमाया है। वह 'एमटीवी स्प्लिट्सविला सीज़न 9' के पहले रनर-अप रहे थे। हालांकि, वरुण का नाम कई हसीनाओं के साथ जुड़ चुका है। लेकिन विकास गुप्ता के रियलिटी शो ‘ऐस ऑफ स्पेस’ के दौरान वह दिव्या अग्रवाल से मिले थे और इसी शो के दौरान उन्हें दिव्या से प्यार हो गया था, जिसके बाद से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं। हालांकि, कपल की शादी की खबर अक्सर लाइमलाइट में आती रहती है, लेकिन बीते दिनों एक इंटरव्यू में दोनों ने बताया था कि, वह कोरोना वायरस की इस स्थिति में शादी की कोई प्लानिंग नहीं करना चाहते हैं।
फिलहाल, इस वीडियो से साफ है कि, वरुण और दिव्या इतने समय बाद एक-दूसरे से मिलकर काफी ज्यादा खुश हैं। तो कपल का ये वीडियो आपको कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।