टीवी शो 'उड़ान' फेम एक्ट्रेस गिन्नी विर्दी ने अपने पति परमिंदर पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। साथ ही बताया है कि, वो जल्द ही तलाक की अर्जी देने वाली हैं। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं।
टीवी सीरियल 'उड़ान' से फेमस होने वाली एक्ट्रेस गिन्नी विर्दी (Ginnie Virdi) इन दिनों अपने जीवन के सबसे बुरे दौर से गुजर रही हैं। साल 2017 में वकील परमिंदर सिंह माल्ही (Parminder Singh Malhi) से शादी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी थी। साल 2020 में उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया था, लेकिन अब वो काफी दिनों से अपने पति से दूर रह रही हैं। एक लेटेस्ट इंटरव्यू में उन्होंने अपने पति पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।
कई टीवी सीरियल्स में काम कर चुकी गिन्नी को पॉपुलैरिटी टीवी शो 'उड़ान' से मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1 जनवरी 2017 को वकील परमिंदर सिंह माल्ही से शादी कर ली थी। शादी के करीब 3 साल बाद उन्होंने एक बेटी का स्वागत किया था, लेकिन अब एक्ट्रेस और उनके पति के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है और वो उनसे दूर रह रही हैं। इसी बीच उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, वो शराब के नशे में उन्हें मारते-पीटते थे, साथ ही उनकी बच्ची के साथ भी बुरा बर्ताव करते थे।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' को दिए इंटरव्यू में गिन्नी ने अपने रिश्ते को लेकर कई बड़े खुलासे किए। साथ ही ये भी बताया कि, उनके पति परमिंदर उनके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने कहा है, "वो मुझे मारते-पीटते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने मेरी बच्ची को फर्श पर पटक दिया था। इसके बाद मैंने जून 2021 में उनके खिलाफ चारकोप पुलिस स्टेशन में एक शिकायत भी दर्ज कराई थी। पहले भी, वो कई बार मेरे साथ मारपीट कर चुके थे। एक बार उन्होंने कनाडा में मेरी डिलीवरी के ठीक सात दिन बाद मुझे मारा था। पुलिस ने 5 अक्टूबर 2021 को एफआईआर दर्ज की थी।"
(ये भी पढ़ें- सिंगर बी प्राक की पत्नी ने सोशल मीडिया पर बयां किया बच्चा खोने का दर्द, लिखा इमोशनल नोट)
बता दें कि, गिन्नी ने शादी के बाद एक्टिंग से दूरी बना ली थी। अब पति का घर छोड़ने के बाद वो अपने माता-पिता के साथ उनके घर पर रह रही हैं। इस बारे में उन्होंने कहा है, "मैं अपनी बेटी के साथ अपने माता-पिता के घर पर हूं। पिछले एक साल से उनसे अलग रह रही हूं। मामला कोर्ट में है। मैं जल्द ही तलाक के लिए अर्जी दूंगी। मैंने शादी के बाद एक्टिंग छोड़ दी थी, जो मेरी सबसे बड़ी गलती थी। अब मैं फिर से काम पर जाना चाहती हूं। मेरे पास कमाई का कोई जरिया नहीं है। इस वक्त मैं अपने भाई और माता-पिता पर निर्भर हूं। मैं ऑडिशन दे रही हूं और सोच रही हूं कि, जल्द ही कुछ होगा।"
(ये भी पढ़ें- करीना कपूर ने लंदन ट्रिप से शेयर की पति सैफ की प्यारी तस्वीर, पूछा- 'मिस्टर खान क्या ये आप हैं?')
एक तरफ जहां, गिन्नी ने पति पर ये संगीन आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी तरफ, उनके पति परमिंदर ने ऐसे सभी आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा है, ''मैंने कभी गिन्नी पर हाथ नहीं उठाया था। अगर मैंने कनाडा में उन्हें मारा था, तो उन्होंने उस समय पुलिस को क्यों नहीं बुलाया था? उन्होंने जून 2021 में शिकायत क्यों दर्ज की? ये एक प्लानिंग थी, क्योंकि उनका भाई कथित घटना के 10 मिनट के भीतर पुलिस के साथ मेरे घर पर पहुंच गया था। साथ ही, पुलिस स्टेशन में मुझे पता चला कि, घरेलू हिंसा की शिकायत 15 दिन पहले दर्ज की गई थी।"
(ये भी पढ़ें- रैपर रफ्तार सिंह पत्नी कोमल वोहरा से जल्द लेने वाले हैं तलाक, कई सालों से अलग रह रहा था कपल)
फिलहाल, गिन्नी अपने पति से दूर अपने माता-पिता के घर रह रही हैं। तो एक्ट्रेस के आरोपों पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।