इस स्टोरी में हम आपको एक ऐसी सिख दुल्हन से मिलवाने जा रहे हैं, जिसने अपनी शादी में पारंपरिक सलवार सूट पहनकर सभी को खुश कर दिया था।
भारत में शादी किसी त्योहार से कम नहीं होती है, लेकिन जब बात पंजाबी शादियों की आती है, तो हर किसी के चेहरे की चमक ही बदल जाती है। पंजाबी शादियों में लाजवाब खाने के साथ-साथ धूम-धड़ाका खूब देखने को मिलता है, जिसमें दूल्हा-दुल्हन के घरवालों के साथ-साथ दोस्तों का भी अपना एक अलग रोल देखने को मिलता है।। इन सबके बीच, पंजाबी दुल्हनें अपने वेडिंग ड्रेस में बड़ा बदलाव लेकर आ रही हैं। कुछ दुल्हनें अपना पारंपरिक परिधान छोड़कर लाल रंग का खूबसूरत लहंगा पहन रही हैं। लेकिन वह लहंगा शादी के बाद सिर्फ अलमारी में बंद होकर रह जाता है।
हालांकि, आज भी कुछ पंजाबी दुल्हनें ऐसी हैं, जो अपनी पुरानी परंपरा की ओर लौट रही हैं, जो अपनी जड़ों की ओर लौट रही हैं और अपने पारंपरिक आउटफिट से अपनी शादी के दिन को खास बना रही हैं। अब तक हमने नौवारी साड़ी पहनने वाली महाराष्ट्रियन दुल्हनों से लेकर राजपूताना पोशाक पहनने वाली राजपूत दुल्हनों तक, कई दुल्हनों को देखा है। हमारी नई सिख दुल्हन भी उन्हीं में से एक है, जिन्होंने लाल रंग के लहंगे को किनारे करते हुए अपने पारंपरिक सलवार सूट को पहनकर अपने लुक को खास बनाया था।
(ये भी पढ़ें: प्लस-साइज दुल्हन ने प्रियंका चोपड़ा के ब्राइडल लुक को किया था कॉपी, दूल्हे राजा संग किया डांस)
मिलिए हमारी ‘ब्राइडल ऑफ द वीक’ निम्रत संधू से, जिन्होंने अपनी शादी में सलवार-सूट पहनकर अपनी परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि, हर दुल्हन खूबसूरत लहंगे के अलावा, अपने पारंपरिक लिबास में भी काफी सुंदर दिखती है।
निम्रत संधू ने अपनी शादी पर अपने लिए हरे रंग का भारी सलवार-सूट चुना था, जिस पर खूबसूरत कढ़ाई का वर्क किया हुआ था। इसके साथ दुल्हन ने पिंक कलर का खूबसूरत दुपट्टा पेयर किया था, जिसके बॉर्डर पर सुंदर व मैचिंग लेस लगी हुई है। उन्होंने अपने इस लुक को चोकर नेकपीस, मैचिंग इयररिंग्स, पासा और मांग टीका से कंप्लीट किया था।
(ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने शादी में अपने एक्स बॉयफ्रेंड को किया था इनवाइट, मेहंदी रस्म में दिखी थी खास बॉन्डिंग)
इसके साथ निम्रत संधू ने मिनिमल मेकअप रखा था, जिसमें वह स्वर्ग की अप्सरा लग रही थीं। निम्रत संधू को उनकी शादी में मेकअप आर्टिस्ट तान्या कौर ने तैयार किया था और उन्होंने अपने इस काम को बखूबी पूरा भी किया था। तान्या ने निम्रत के लुक में सॉफ्ट आईशैडो, न्यूड शेड लिपस्टिक और बालों में एक खूबसूरत परांदी से चार-चांद लगा दिए थे।
वहीं, दूसरी तरफ निम्रत संधू के दूल्हे राजा की बात करें तो, वह अपने लुक से अपनी दुल्हनिया को टक्कर दे रहे थे। अपने खास दिन पर दूल्हे ने पठानी सूट पहना था, जिसके साथ उन्होंने एक स्लीवलेस फ्लोरल जैकेट पेयर की थी। उन्होंने अपने लुक को पिंक पगड़ी और नेकपीस से कंप्लीट किया था।
(ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने अपनी शादी में पहना था शैंपेन कलर का लहंगा, राजस्थानी गहनों में दिखीं राजकुमारी)
खैर, हमें सिख दुल्हन निम्रत संधू का ये वेडिंग आउटफिट और उनका पांरपरिक परांदा हेयर स्टाइल काफी सुंदर लगा। वैसे, आपको ये कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।