इस स्टोरी में हम आपको एक ऐसी दुल्हन से मिलवाने जा रहे हैं, जिसने अपनी शादी में भारी की जगह बहुत ही सिंपल और एलिगेंट लहंगा पहना था।
एक दुल्हन अपनी शादी के दिन सबसे ज्यादा एक्साइटेड अपने आउटफिट को लेकर होती है। दुल्हनें सुनिश्चित करती हैं कि, वो अपनी शादी में मॉडर्न लुक के साथ परंपराओं का भी पालन करें और इस बात का ख्याल रखना भारतीय दुल्हनों के फेवरेट फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी (Sabyasachi Mukherjee) अच्छे से जानते हैं, इसलिए उनके द्वारा डिजाइन किए गए वेडिंग आउटफिट्स को हर एक दुल्हन अपने खास दिन पर पहनने का सपना देखती है।
अक्सर दुल्हनों को शादी में भारी-भरकम जोड़ा पहनते हुए देखा गया है और इस बात में कोई शक नहीं है कि, वर्तमान समय में भी दुल्हनें अपनी शादी के दिन भारी कढ़ाई वाले लहंगे या फिर साड़ी पहनती हैं। लेकिन कुछ ऐसी भी दुल्हनें हैं, जो अपनी शादी में सिंपल और एलिगेंट वेडिंग आउटफिट को तवज्जो दे रही हैं। ऐसा ही हमारी एक दुल्हन ने भी अपनी शादी के दिन किया।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने अपनी शादी में भारी-भरकम लहंगे के बाद पहनी सुंदर सफेद ड्रेस, सेट किया नया ट्रेंड)
मिलिए हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ आकांक्षा से, जिन्होंने अपनी शादी के दिन सब्यसाची मुखर्जी के आउटफिट में दुल्हन बनने का फैसला लिया था। उन्होंने गहरे लाल रंग का लहंगा-चोली सेट पहना था, जिसे उन्होंने डबल दुपट्टे के साथ पेयर किया था। उनके लहंगे पर कोई कढ़ाई नहीं थी। हालांकि, उनके आउटफिट का बॉर्डर गोल्ड सीक्विन से सजाया गया था, जो उनके लहंगे को सिंपल और एलिगेंट बना रहा था।
आकांक्षा ने इसके साथ हाफ स्लीव का ब्लाउज पहना था और डबल दुपट्टे को ड्रेप करने का ट्रेंड फॉलो किया था। उन्होंने एक दुपट्टा अपने कंधे पर और दूसरा सिर पर बांध रखा था। इतने सिंपल आउटफिट में भी आकांक्षा बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
अपने ग्लैमर को बरकरार रखने के लिए दुल्हन ने अपने सिंपल लहंगे के साथ भारी ज्वेलरी कैरी की थी। उन्होंने दो भारी हार, एक पतली माथा-पट्टी, पन्ना बालियां और नथ पहनी थीं। इसके साथ, उन्होंने पारंपरिक दुल्हन चूड़ा और सुनहरे कलीरे के साथ चमकदार हाथ फूल पहना था। वो खूबसूरत के साथ यूनिक भी लग रही थीं।
वहीं, दूल्हे राजा ने अपनी दुल्हन को टक्कर देते हुए क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, जिस पर रेड कलर के धागों से महीन कढ़ाई की गई थी। इसके साथ ही उन्होंने मैरून पगड़ी और दोशाला पहन रखी थी। दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे के साथ जच रहे थे।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने अपनी शादी में लहंगे की बजाय पहना डिजाइनर अनारकली सूट, दिखीं सबसे अलग)
दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी के दिन न केवल अपने आउटफिट पर ध्यान दिया था, बल्कि ये भी सुनिश्चित किया कि, उनका अपना वेडिंग डेस्टिनेशन भी किसी फेयरीटेल की कहानी से कम न हो। उन्होंने अपनी ड्रीम वेडिंग उत्तराखंड के हिल स्टेशन मसूरी के होटल 'वेलकम' में की थी।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने अपनी भारतीय शादी में पहना 'फाल्गुनी एंड शेन पीकॉक' का खूबसूरत सफेद लहंगा)
फिलहाल, हमें तो आकांक्षा का लाइट वेटेड लहंगा काफी अच्छा लगा। वैसे, आपको कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।