इस स्टोरी में हम आपको एक ऐसी दुल्हन से मिलवाने जा रहे हैं, जिसने अपनी डेस्टिनेशन वेडिंग में अपने अनोखे लहंगे से पूरी लाइमलाइट चुरा ली थी।
हमारे देश में महीनों पहले से ही शादियों की तैयारियां होने लगती हैं। त्योहार भले ही साधारण तरीके से सेलिब्रेट किए जाएं, लेकिन ये सुनिश्चित किया जाता है कि, शादी समारोह की भव्यता में कोई कमी न रह जाए। हालांकि, कोरोना महामारी ने एक भव्य शादी को प्राइवेट और साधारण कर दिया है, लेकिन अभी भी कुछ दुल्हनें ऐसी हैं, जो ग्रैंड वेडिंग में अपने दूल्हे के साथ सात फेरे ले रही हैं।
पिछले कई सालों से हम देख रहे हैं कि, दुल्हनें अपनी शादी को लेकर काफी एक्सपेरिमेंटल हो गई हैं। अपने वेडिंग वेन्यू से लेकर अपने सभी रस्मों के आउटफिट्स तक, दुल्हनें अब अपनी शादी की तैयारियां अपने हिसाब से करके इस खास पल को यादगार बना रही हैं और आज की दुल्हनों के वेडिंग आउटफिट्स तो इतने अनोखे होते हैं कि, उनसे हमारी नजरें ही नहीं हटती हैं। हाल ही में, हमें एक ऐसी ही दुल्हन मिली, जिनके यूनिक लहंगे ने सभी को दीवाना बना दिया था।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस दुल्हन ने पहना ग्रीन कलर का अनोखा लहंगा, रॉयल ज्वेलरी ने लुक में लगाया चार-चांद)
मिलिए हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ नूर दुग्गल से, जिन्होंने अपने सपनों के राजकुमार वंश टंडन के साथ मारवाड़ी स्टाइल में शादी की थी। दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी को रॉयल बनाने के लिए जयपुर के फेयरमोंट में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। रॉयल वेडिंग वेन्यू की तरह दूल्हा-दुल्हन भी शादी में शाही लग रहे थे। उनकी भव्य शादी किसी भी होने वाले दूल्हा-दुल्हन के लिए एक सपने की तरह है।
दुल्हन ने अपनी शादी के दिन मारवाड़ी लहंगा पहनकर अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरे थे। उनका खूबसूरत लहंगा ‘मारवाड़ काउचर’ के कलेक्शन से था। उनके इस अनोखे लहंगे को लाल, नारंगी और भूरे रंग के मिश्रण से बनाया गया था, जो उन्हें रॉयल लुक देने का काम कर रहा था। उन्होंने अपने आउटफिट को दो नेट दुपट्टे से स्टाइल किया था। जहां एक दुपट्टा बेरी शेड कलर में था, वहीं दूसरा फॉरेस्ट ग्रीन कलर था। इसके अलावा, उनके लहंगे में गोल्डन, रस्ट और समुद्री हरे रंग की कढ़ाई के पैच थे।
दुल्हन ने अपने डार्क शेड लहंगे की तरह अपनी ज्वेलरी भी मैचिंग रखी थी। उन्होंने ग्रीन ड्रॉप्स वाली ज्वेलरी के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया था, जिसमें भारी चोकर नेकपीस, झुमके, माथा पट्टी और हल्की नथ शामिल थी। स्मॉकी आईज और न्यूड लिपशेड के साथ अपने मिनिमल मेकअप में वो काफी सुंदर लग रही थीं।
वहीं, दूसरी ओर उनके दूल्हे राजा ने डिजाइनर रोहित बल के द्वारा डिजाइन की हुई क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, जिस पर जटिल कढ़ाई की गई थी। उन्होंने अपनी शेरवानी को मैचिंग दोशाला, पगड़ी, स्टेटमेंट नेकपीस के साथ स्टाइल किया था, जिसमें वो सुपर-एलिगेंट लग रहे थे। दूल्हा-दुल्हन की वेडिंग फोटोज कपल गोल्स देने के लिए काफी हैं।
शादी में एक और दिलचस्प बात ये थी कि, शादी के सभी फंक्शन में अद्भुत सजावट हुई थी। शादी के कार्ड्स से लेकर स्वादिष्ट मिठाइयों तक, उनके वेडिंग वेन्यू में हर जगह अनोखे और रचनात्मक तरीके से सजावट की गई थी। उनकी शादी की सजावट से लगता है कि, दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए काफी मेहनत की थी।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस बंगाली दुल्हन ने पहनी लाल रंग की 'बनारसी' साड़ी, गोल्ड ज्वेलरी में दिखीं बेहद खूबसूरत)
दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी ही नहीं, बल्कि अपनी रिंग सेरेमनी में भी खूब धमाल मचाया था। इसे एक लग्जरी रिंग सेरेमनी कहें, तो गलत नहीं होगा। उनकी सगाई को रॉकिंग बनाने के लिए पंजाबी रैपर 'रफ़्तार' समारोह में पहुंचे थे, जिनके लाइव प्रदर्शन ने स्टेज की पूरी लाइमलाइट चुरा ली थी। हालांकि, कार्यक्रम का आकर्षण दूल्हा-दुल्हन का डांस परफॉर्मेंस रहा।
नूर ने अपनी रिंग सेरेमनी में मशहूर डिजाइनर जोड़ी फाल्गुनी और शेन पीकॉक के कलेक्शन से मैटेलिक व्हाइट कलर का लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने फुल स्लीव्स के ब्लाउज के साथ पेयर किया था। उन्होंने अपने लुक को डायमंड चोकर नेकपीस और मैचिंग इयररिंग्स से कंप्लीट किया था। उनकी मेकअप आर्टिस्ट मीरा सखरानी ने उन्हें मिनिमल लुक दिया था। दूसरी ओर, दूल्हे वंश ने डिज़ाइनर्स रोहित गांधी और राहुल खन्ना के कलेक्शन से ब्लैक कलर का टक्सीडो पहना था, जिसमें वो काफी हैंडसम लग रहे थे।
कॉकटेल पार्टी के लिए दुल्हन ने डिजाइनर गौरव गुप्ता के कलेक्शन से एक एलिगेंट रेड कलर का एटायर चुना था। उनकी ड्रेस में मैटेलिक से पैटर्न बने हुए थे, इसके साथ उन्होंने स्टाइलिश ब्लाउज पेयर किया था। उन्होंने अपने लुक को स्टेटमेंट इयररिंग्स और स्मॉकी आईज के साथ मिनिमल रखते हुए कंप्लीट किया था। वो अपनी कॉकटेल पार्टी में काफी गॉर्जियस लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- इस मेकअप आर्टिस्ट दुल्हन ने अपनी शादी में पहना था यूनिक घरारा सेट, लग रही थीं बेहद खूबसूरत)
फिलहाल, दुल्हन ने वाकई अपनी सभी रस्मों के आउटफिट्स से फंक्शन में चार-चांद लगा दिए थे। वैसे, आपको दुल्हन का वेडिंग लहंगा कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।