यहां हम आपको एक ऐसी दुल्हन से मिलवाने जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी शादी में अपने खूबसूरत लहंगे से पूरी महफिल चुरा ली थी।
भारतीय शादियां हमेशा से एक आकर्षण का केंद्र रही हैं। शादी में रोशनी से भरी सजावट से लेकर शानदार फूड मेन्यू तक वेडिंग वेन्यू की खूबसूरत सजावट से लेकर स्टनिंग आउटफिट्स को फ्लॉन्ट करने तक, हर चीज का बखूबी ध्यान रखा जाता है। शादी भले ही दो आत्माओं का मेल होता है, लेकिन एक दुल्हन ये सुनिश्चित करती है कि, वो अपने वेडिंग लुक से लड़कियों को प्रेरित करे।
आज के समय में हम देखते हैं कि, लड़कियां अब अपने मन पसंद के ब्राइडल लुक्स का चुनाव करती हैं। पहले के समय में लड़कियों को उनके माता-पिता या फिर ससुराल वालों के द्वारा चुने गए आउटफिट्स को पहनने पड़ते थे, लेकिन अब वक्त बदल गया है। अब दुल्हनें न केवल अपनी पसंद की ड्रेसेस पहनती हैं, बल्कि यूनिक कलर्स को भी अपने ब्राइडल लुक्स में शामिल करती हैं। हाल ही में, हमें एक ऐसी ही दुल्हन मिलीं, जिन्होंने अपनी शादी में लाल रंग को छोड़ पीच कलर का एक सुंदर लहंगा पहनकर अपने वेडिंग लुक से लड़कियों को प्रेरित किया है।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने अपनी शादी में पहनी परदादी और नानी की साड़ी व जेवर, लगीं बेहद खूबसूरत)
मिलिए हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ शुभांगी लाडीवाला से, जिन्होंने हाल ही में अपने जीवन के प्यार सिद्धार्थ जैन के साथ शानदार अंदाज में शादी की थी। अपनी शादी में दुल्हन शुभांगी गहरे रंगों को छोड़कर न्यूड रंग के आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने पीच कलर का लहंगा पहना था, जिस पर फ्लोरल मोटिफ्स की कढ़ाई बारीकी के साथ की गई थी।
उन्होंने अपने लुक को हेम-बॉर्डर और हैवी मोटिफ स्प्रे वर्क वाले ब्लाउज और जरी बॉर्डर वाले डबल ऑर्गेंजा दुपट्टे के साथ पेयर किया था। एक दुपट्टे को उन्होंने अपने ब्लाउज के साथ पेयर किया था और एक को उन्होंने अपने सिर पर ओढ़ रखा था।
शुभांगी ने हरे रंग के ड्रोप्स वाले चोकर, मैचिंग इयररिंग्स, एक राजस्थानी मांग टीका और एक नथ के साथ अपने लुक को पूरा किया था। कुंदन चोकर नेकलेस सेट में चांदबाली ड्रॉप्स दुल्हन को रीगल लुक दे रही थीं। इसके साथ शुभांगी ने एक और टू-टियर नेकपीस और क्रिस्टल व मोतियों से डिज़ाइन किया गया हाथफूल पहना था, जिसमें वह राजकुमारी की तरह लग रही थीं।
हाई डिफाइन्ड आईब्रो के साथ सॉफ्ट और कम से कम मेकअप, बोल्ड और ग्लिटरी आई शैडो और न्यूड लिपस्टिक ने शुभांगी के ब्राइडल मेकअप को आकर्षक बना दिया था। बीच की मांग फाड़ते हुए उन्होंने अपने बालों में बन बनाया था और उसे खूबसूरत फूलों से सजा दिया था।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस दुल्हन ने पहना मैरून वेलवेट लहंगा, डबल दुपट्टे के स्टाइल ने खींचा ध्यान)
दूसरी ओर, उनके दूल्हे ने सफेद रंग की शाही शेरवानी को चुना था, जो दुल्हन शुभांगी के साथ एक दम परफेक्ट लुक दे रहा था। उन्होंने इसे पगड़ी और ब्रोच के साथ स्टाइल किया था। दूल्हे अपने ग्रूम लुक में हैंडसम लग रहे थे।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची दुल्हन अदिति मोहन ने पहना फिरोजी रंग का लहंगा, वेडिंग लुक ने खींचा ध्यान)
फिलहाल, हमें दुल्हन का पीच लहंगा बेहद खूबसूरत लगा। वैसे, आपको कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।