इस आर्टिकल में हम आपको एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के अफेयर्स के बारे में बताएंगे।
पूर्व मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन (Sushmita Sen) को भला कौन नहीं जानता। सुष्मिता जितना अपनी खूबसूरती और अभिनय को लेकर मशहूर हैं, उससे कहीं ज्यादा वह अपने रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। 45 साल (2021) की सुष्मिता अब तक करीब 10 लोगों के साथ रिश्ते में रह चुकी हैं। लेकिन आज भी वह शादीशुदा नहीं हैं। तो चलिए आज हम आपको एक्ट्रेस के अफेयर से लेकर उनकी लाइफ से जुड़े हर एक पहलू से रूबरू कराते हैं।
19 नवंबर 1975 को हैदराबाद में जन्मी सुष्मिता सेन की माता का नाम शुभ्रा सेन है और पिता का नाम सुबीर सेन है। सुष्मिता के पिता पूर्व भारतीय वायुसेना विंग कमांडर थे और माता एक ज्वेलरी डिजाइनर हैं। सुष्मिता दो भाई बहन हैं, नीलम-राजीव। सुष्मिता ने शादी नहीं की है, लेकिन उन्होंने 25 साल की उम्र में दो बच्चियों को गोद लिया था, जिनका नाम रेनी और अलीशा सेन है। वहीं, एक्ट्रेस के भाई राजीव ने टीवी एक्ट्रेस चारु असोपा से शादी की है।
(ये भी पढ़ें: जॉनी लीवर से असरानी तक, बॉलीवुड के वो 5 कॉमेडियन जिनकी लव स्टोरी है बेहद दिलचस्प)
बतौर मॉडल अपने करियर की शुरुआत करने वाली सुष्मिता सेन ने साल 1994 में महज 18 साल की उम्र में मिस इंडिया और मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। मिस इंडिया प्रतियोगिता में इन्होंने ऐश्वर्या राय को हराया था। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में अपना परचम लहराया। सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में रिलीज हुई अपनी पहली फिल्म 'दस्तक' से की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 1997 में तमिल फिल्म 'रत्च्गन' की। इसके बाद वह कई हिंदी फिल्मों में नजर आईं, जिसमें कई हिट फिल्में भी शामिल हैं। जिनमें 'हिन्दुस्तान की कसम', 'ज़ोर', 'सिर्फ तुम', 'बीवी नंबर 1', 'नायक', 'बस इतना सा ख्वाब है', 'आंखें', 'तुमको ना भूल पायेंगे', 'फ़िलहाल', 'मैं हूं ना', 'पैसा वसूल', 'चिंगारी', 'मैंने प्यार क्यों किया?', 'बेवफा', 'किसना:द वारियर पोएट', 'जिंदगी रॉक्स', 'कर्मा और होली', 'दूल्हा मिल गया', 'नो प्रॉब्लम' जैसी कई फिल्में हैं।
वैसे तो एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के 10 से अधिक अफेयर रहे हैं, लेकिन इनके सभी रिश्ते बहुत दिन तक नहीं चल सके। तो आइए आपको बताते हैं एक्ट्रेस के अफेयर के बारे में।
सुष्मिता सेन के अफेयर वाली लिस्ट में सबसे पहला नाम फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट का है। विक्रम भट्ट और सुष्मिता की पहली मुलाकात फिल्म ‘दस्तक’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। उस समय विक्रम शादीशुदा भी थे। उन्होंने अपने बचपन की दोस्त अदिति से शादी की थी। दोनों ने शादी से पहले लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट भी किया था। इसके बाद ही अदिति और विक्रम ने शादी करने का फैसला लिया था। शादी के दो साल बाद इस कपल ने अपने घर में नन्ही परी का स्वागत किया था। विक्रम भट्ट और अदिति ने अपनी बेटी का नाम कृष्णा रखा, जो आज एक फिल्म डायरेक्टर बन गई हैं, लेकिन फिल्म ‘दस्तक’ की शूटिंग के दौरान विक्रम भट्ट और एक्ट्रेस सुष्मिता के बीच नजदीकियां शुरू हो गई थीं, जिसके बाद उनकी जिंदगी में सब कुछ बदल गया था। उस समय सुष्मिता सेन महज 20-21 साल की थीं और विक्रम भट्ट करीब 27 साल के थे।
उन्हें सुष्मिता की खूबसूरती के साथ-साथ काम करने का स्टाइल काफी ज्यादा पसंद आया था। इसी वजह से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं, जिसके बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में सिर्फ विक्रम भट्ट और सुष्मिता सेन के अफेयर की चर्चाएं होने लगी थीं। इन खबरों ने अदिति को पूरी तरह तोड़ दिया था। इसी वजह से अदिति ने विक्रम भट्ट से 1998 में तलाक ले लिया था, जिसके बाद दोनों हमेशा के लिए अलग हो गए थे। कहा जाता है कि, विक्रम की फिल्म ‘अनकही’ उनकी सच्ची प्रेम कहानी पर अधारित है। हालांकि, कुछ दिनों तक एक-दूसरे के साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए थे।
विक्रम भट्ट ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में माना था कि, अपने असफल रिश्ते की असल वजह वह खुद हैं। उन्होंने कहा था कि, ‘मैं एक अच्छा पति और प्रेमी नहीं हूं।’ विक्रम ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि, ‘मुझे अपनी पत्नी और बच्ची को चोट पहुंचाने और उन्हें छोड़ने के लिए अफसोस है। मुझे उन्हें दिए गए दर्द का पछतावा है। मैं साहसी नहीं था। मैं कभी भी अदिति को ये बताने की हिम्मत नहीं कर पाया था कि मुझे कैसा महसूस हो रहा था और ये सब चीजें एक साथ हो रही थीं, जिस वजह से चीजें और ज्यादा बिगड़ गईं। मुझे उस कमजोरी पर अफसोस है। अगर उस दिन में कमजोर नहीं होता, तो आज स्थिति ऐसी नहीं होती। लेकिन मैं जब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो हर चीज मुझे कुछ सिखाती है।'
विक्रम भट्ट के साथ रिश्ता टूटने के बाद सुष्मिता होटल व्यवसायी संजय नारंग के साथ रिश्ते में रहीं। दोनों को पार्टीज और इवेंट्स में एंजॉय करते देखा गया था। सुष्मिता ने चालाकी से एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी प्रेम कहानी की घोषणा की थी। जिसमें उन्होंने लिखा था, "जब 'वह' आपको सबसे खूबसूरत चीजें बताता है और वास्तव में उनका मतलब है!!!! प्यार में होना एक बात है, प्यार होना ही सब कुछ है।" अफसोस की बात है कि, यह जोड़ी अब साथ नहीं है।
एक्ट्रेस सुष्मिता सेन और एक्टर रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda) के अफेयर की खबरें भी मीडिया में सामने आ चुकी हैं। दोनों के बीच फिल्म 'कर्मा और होली' के दौरान नजदीकियां बढ़ी थीं। उस दौरान दोनों को अक्सर साथ में स्पॉट किया जाता था। सुष्मिता ने उम्र में कई साल छोटे रणदीप के साथ करीब तीन साल तक डेट किया। हालांकि, ये रिश्ता भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया। बताया जाता है कि, ब्रेकअप के बाद भी दोनों के बीच आज तक दोस्ती का रिश्ता कायम है।
एक इंटरव्यू में हुड्डा ने कहा था कि, सुष्मिता सेन के साथ ब्रेकअप करना उनके लिए सबसे अच्छी बात थी। उन्होंने कहा था, “तीन वर्षों में उनके साथ मेरे रिश्ते का सबसे बड़ा हिस्सा उनकी बेटी रेनी के साथ मेरा रिश्ता था। मैंने अपने जीवन में केवल एक थिएटर रिहर्सल को याद किया, क्योंकि सुष्मिता चाहती थीं कि मैं नहीं जाऊं और यह मेरे हिसाब से गलत था। मैं प्रसिद्धि के करीब में था, हालांकि मैं एक स्टार नहीं था। ब्रेकअप मेरे लिए सबसे अच्छी बात थी और मुझे एहसास हुआ था कि मैंने उन्हें अपने जीवन में बहुत अधिक समय दिया। ”
(ये भी पढ़ें: ऐश्वर्या राय बच्चन से सुष्मिता सेन तक, ब्यूटी कॉन्टेस्ट की विनर से भी खूबसूरत हैं उनकी बेटियां)
सुष्मिता सेन और बॉलीवुड इंडस्ट्री के पॉपुलर सेलिब्रिटी मैनेजर बंटी सचदेव को कई बार साथ देखा गया। उस समय वह सुष्मिता के मैनेजर थे। ऐसे में उनके डेटिंग की खबरें सामने आने लगीं। अंत में सुष्मिता इन अफवाहों पर हंस पड़ी थीं। ऐसे में दोनों के रिश्ते को महज अफवाह तक ही समझा गया। बंटी का नाम दीया मिर्जा, बिपाशा बासु और सोनाक्षी सिन्हा संग भी जुड़ चुका है। बंटी सचदेव सलमान खान के भाई सोहेल खान की पत्नी के भाई हैं।
सुष्मिता सेन के रिश्ते की खबरें दिग्गज बिजनेसमैन इम्तियाज खत्री (Imtiaz Khatri) संग भी सामने आई थीं। सुष्मिता जब 36 साल की थीं, तब उन्हें 22 साल के बिजनेसमैन इम्तियाज खत्री से प्यार हो गया था। दोनों ने गोवा में रैंप वॉक किया, जिससे अच्छी दोस्ती हो गई। उन्हें अक्सर अपने दोस्तों के साथ एक-दूसरे की कंपनी एन्जॉय करते देखा जाता था। जहां सुष्मिता ने कभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की, वहीं इम्तियाज ने हमेशा कहा कि वे अच्छे दोस्त हैं। ये रिश्ता भी महज कुछ ही दिनों तक चला।
निर्देशक मुदस्सर अजीज (Mudassar Aziz) के साथ भी सुष्मिता का कुछ दिन तक अफेयर चला। फिल्म 'दूल्हा मिल गया' की शूटिंग के दौरान सुष्मिता सेन और अजीज के बीच लगाव बढ़ा था। ये फिल्म साल 2010 में आई थी। इस दौरान सुष्मिता और मुदस्सर तमाम पार्टी और इवेंट्स में साथ नजर आते थे। बताया जाता है कि, सुष्मिता मुदस्सर के प्यार में इस कदर डूब गई थीं कि उनके घर पर जाकर रहने लगी थीं, लेकिन कुछ दिनों बाद ही दोनों अलग हो गए थे। एक इंंटरव्यू में मुदस्सर ने कहा था, "वह एक प्यारी इंसान हैं और मैं उनके जीवन में लिए गए फैसलों के लिए उनकी पूजा और सम्मान करता हूं। उन्होंने अपनी शर्तों पर जीवन जिया है। बहुत से लोग ऐसा नहीं कर सकते। इसके अलावा, मेरे मन में उनके लिए सबसे ज्यादा सम्मान है। मैं उनकी फिल्मों का प्रशंसक रहा हूं।"
सुष्मिता सेन का नाम पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम (Waseem Akram) से भी जुड़ चुका है। एक टीवी शो को साथ-साथ होस्ट करने के बाद दोनों के रिश्तो को लेकर चर्चाओं का बाजार सालों तक गरम रहा। हालांकि, दोनों ने अपने अपने रिश्ते को मीडिया के सामने कभी भी एक्सेप्ट नहीं किया और कुछ दिनों बाद दोनों अलग हो गए।
(ये भी पढ़ें- जेठालाल से दयाबेन तक, एक एपिसोड के इतने रुपए लेते हैं 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के सितारे)
टॉप बिजनेसमैन की लिस्ट में शुमार अनिल अंबानी (Anil Ambani) के बीच सुष्मिता संग रिश्तों की खबर ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। बताया जाता है कि एक्ट्रेस टीना मुनीम संग शादी करने के बाद भी अनिल, सुष्मिता को डेट करने लगे थे। दोनों काफी करीब आ गए थे। हालांकि, इस बारे में कभी दोनों ने कुछ भी मीडिया के सामने नहीं बोला।
एक्ट्रेस सुष्मिता सेन का नाम बिजनेसमैन रितिक भसीन के साथ भी जुड़ा है। कहा जाता है दोनों का ही रिश्ता करीब 4 साल तक चला था। दोनों किसी कारण से अलग हो गए थे। आखिरी बार दोनों को क्रिकेटर जहीर खान और सागरिका घाटगे की शादी में देखा गया था। रितिक भसीन कई नाइटक्लब्स के मालिक हैं। उनकी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी भी है। बी-टाउन के कई सेलिब्रिटीज उनके दोस्त हैं।
बॉलीवुड की लाजवाब अभिनेत्री सुष्मिता सेन साल 2019 में रोहमन शॉल से इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए मिली थीं। यहीं से दोनों के बीच चैटिंग का सिलसिला शुरू हुआ और फिर दोनों एक-दूसरे से धीरे-धीरे प्यार करने लगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि, रोहमन सुष्मिता से 15 साल छोटे हैं। इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं और अपने प्यार की झलक अक्सर दोनों अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करते रहते हैं। रोहमन और सुष्मिता की जोड़ी को लोग खूब पसंद करते हैं। फैंस को अब सुष्मिता और रोहमन की शादी का इंतजार है।
सुष्मिता सेन का मुंबई के रिहायशी इलाके वर्सोवा में एक खूबसूरत घर है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुष्मिता सेन की कुल संपत्ति करीब 182 करोड़ है। एक्ट्रेस के पास महंगे कार कलेक्शन भी हैं, जिनमें Lexus LX (2 करोड़ से अधिक), BMW X6 (90 लाख से अधिक) और Audi Q7 (करीब 80 लाख) शामिल हैं।
फिलहाल, सुष्मिता सेन अपनी दोनों बेटियों और बॉयफ्रेंड रोहमन शॉल के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।