बॉलीवुड की मशहूर गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
बॉलीवुड इंडस्ट्री से देश को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। स्वर कोकिला के नाम से मशहूर देश की जानी-मानी सिंगर लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। पिछले काफी दिनों से वह जिंदगी और मौत के बीच लड़ाई लड़ रही थीं और आखिरकार वह इस जंग को हार गईं।
दरअसल, लता मंगेशकर पिछले 27 दिनों से मुम्बई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट थीं। वह डॉक्टर्स की निगरानी में थीं। बीते दिन सिंगर की बहन आशा भोसले ने बताया था कि, लता दीदी की तबीयत में अब सुधार हो रहा है। आशा भोसले के इस बयान ने करोड़ों फैंस के दिल को सुकून मिला था, लेकिन कुछ घंटो बाद उनके निधन की खबर ने फैंस का दुखी कर दिया है। बीते दिनों, ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत सामदानी ने बताया था कि, लता मंगेशकर की हालत खराब हो गई है, वह अभी आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टर ने यह भी कहा था कि, लता मंगेशकर को अग्रेसिव थेरेपी दी जा रही है। हालांकि, अब लता जी इस दुनिया में नहीं हैं।
(ये भी पढ़ें- आशा भोसले ने 16 की उम्र में की थी पहली शादी, लेकिन दूसरी मैरिज ने कुछ ऐसे बदली जिंदगी)
27 जनवरी को लता मंगेशकर के परिवार ने उनके ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक बयान जारी किया था, इसमें लिखा गया था कि, 'लता दीदी ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में अभी भी हैं। दीदी का इलाज अभी भी चल रहा है। आज सुबह उन्हें वेंटिलेटर से हटाकर ट्रायल किया गया था। अभी उनकी हालत में सुधार देखा जा सकता है। लेकिन अभी भी वह डॉक्टर प्रतीत समदानी और उनकी टीम की निगरानी में रहेंगी। हम आप सभी की दुआओं के आभारी हैं।'
जानकारी के तौर पर बता दें कि, लता मंगेशकर एक ऐसी गायिका थीं, जिन्होंने न केवल अपने देश में बल्कि, विदेशों में भी अपनी जबरदस्त गायकी का परचम लहराया था। उनके गले में साक्षात सरस्वती का वास माना जाता था। लता जी ने काफी छोटी उम्र में ही फिल्मी दुनिया में कदम रखा था और अपने सुरों के जादू से सभी का मन मोह लिया था। उन्होंने इंडस्ट्री में रहने के दौरान, कई तरह के गाने गाए और लगभग हर छोटे-बड़े निर्माताओं के साथ काम किया था। उन्होंने अब तक करीब 5,000 गानों में अपनी आवाज देकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया था।
(ये भी पढ़ें- लता मंगेशकर की लव लाइफ: महाराजा राज सिंह संग अधूरी रह गई थी प्रेम कहानी, जिंदगी भर रहीं कुंवारी)
हम भी सिंगर लता मंगेशकर को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।