पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर ने हाल ही में, कप्तान के रूप में पद छोड़ने के विराट कोहली के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आइए आपको बताते हैं उन्होंने क्या कहा है।
दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने हाल ही में, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के पद को छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की थी। जहां फैंस ने क्रिकेट में उनके अकथनीय प्रयासों के लिए उनकी सराहना की और उन्हें 'किंग' के रूप में सम्मानित किया। वहीं, विराट की पत्नी व एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने भी एक प्यारे नोट के जरिए उनकी प्रशंसा की थी और कहा था कि, उन्होंने अच्छा काम किया है।
हालांकि, कप्तान के रूप में अपना पद छोड़ने पर उनके फैंस काफी उदास हैं। हाल ही में, इस बारे में पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, 'दैनिक जागरण' को दिए एक इंटरव्यू में पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने कप्तान के रूप में पद छोड़ने के विराट कोहली के फैसले पर हाल ही में अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान उन्होंने यहां तक दावा किया कि, अनुष्का शर्मा से उनकी शादी ने उनके करियर को नुकसान पहुंचाया है और उन्हें 'संघर्ष' करना पड़ा। शोएब ने कहा कि, 'विराट ने 6-7 साल कप्तानी की और मैं कभी उनकी कप्तानी के पक्ष में नहीं था, मैं बस यही चाहता था कि, वह 100-120 रन बनाते रहें और अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान रखें।'
उन्होंने आगे कहा, "अगर मैं उनकी जगह होता, तो शादी भी नहीं करता। क्रिकेट के जीवन में 10-12 साल अहम होता है और यह दोबारा नहीं आता।" शोएब ने आगे कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि शादी करना गलत है, लेकिन अगर आप भारत के लिए खेल रहे हैं, तो थोड़े समय का आनंद लीजिए।" उन्होंने यहां तक कहा कि, "प्रशंसक कोहली के दीवाने हैं और उन्हें वह प्यार बरकरार रखना था, जो उन्हें पिछले 20 सालों से मिल रहा है।"
उन्होंने एक क्रिकेटर के जीवन पर शादी के प्रभाव के बारे में बात की और कहा कि, आमतौर पर परिवार और बच्चों का दबाव होता है, जो मुख्य रूप से कप्तानी को प्रभावित करता है। शोएब अख्तर ने कहा, "पत्नी और बच्चों की अतिरिक्त जिम्मेदारी खिलाड़ी की मानसिकता को प्रभावित करती है। जैसे-जैसे जिम्मेदारी बढ़ती है, वैसे-वैसे दबाव भी बढ़ता जाता है। क्रिकेटरों का करियर 14-15 साल का छोटा होता है, जिसमें आप पांच-छह साल तक टॉप पर रहते हैं। विराट के वो साल बीत चुके हैं, अब उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है।"
जानकारी के लिए बता दें कि, विराट कोहली पिछले कई वर्षों से क्रिकेट में जलवा बिखेर रहे हैं। विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद उन्हें वनडे की कप्तानी से भी हटा दिया गया था। और बीते दिनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज हारने के बाद उन्होंने टेस्ट टीम की कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था। अब वह एक क्रिकेटर के तौर पर ही खेलेंगे।
फिलहाल, शोएब अख्तर के इस इंटरव्यू के बारे में आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।