अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी व एक्ट्रेस सायरा बानो के स्वास्थ्य को लेकर कुछ अपडेट आया है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
मशहूर अभिनेत्री व दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो (Saira Banu) के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। एक्ट्रेस अब खतरे से बाहर हैं। करीब चार दिन पहले, उन्हें सांस फूलने की शिकायत और सीने में दर्द की शिकायत होने के बाद मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। आइए आपको इसके बारे में डीटेल से बताते हैं।
दरअसल, मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में सायरा बानो का इलाज कर रहे एक वरिष्ठ डॉक्टर ने 'ई-टाइम्स' को बताया है कि, अभिनेत्री खतरे से बाहर हैं और वह ठीक हैं। अभी के लिए वह सही हैं, लेकिन आगे उन्हें दोबारा चेकअप की आवश्यकता होगी। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ नितिन गोखले (उनके पिता डॉ श्रीकांत गोखले दिलीप कुमार और सायरा बानो के पारिवारिक चिकित्सक थे) जो सायरा बानो का इलाज कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि, "वह ठीक हैं, वह पूरी तरह से स्थिर हो गई हैं। हम उन्हें आज रात या कल आईसीयू से बाहर निकाल देंगे।" डॉ गोखले ने बताया कि, "उनका लेफ्ट वेंट्रिकुलर फेल हो गया है। इस वजह से उनकी एंजियोग्राफी होगी और फिर यह ठीक हो जाएगा।"
(ये भी पढ़ें: सायरा बानो ने 22 साल बड़े दिलीप कुमार से लगाया था दिल, बहुत रोचक है इनकी प्रेम कहानी)
उन्होंने कहा कि, 'एंजियोग्राफी निर्धारित समय पर की जाएगी, लेकिन इसके पहले हो सकता है कि, सायरा बानो को डिस्चार्ज किया जाएगा। उन्हें एंजियोग्राफी के लिए फिर से एडमिट होना पड़ेगा, लेकिन इसके लिए उनके डायबिटीज को कंट्रोल करना जरूरी है।’ वर्कफ्रंट की बात करें तो, सायरा बानो ने 1961 में फिल्म 'जंगली' के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। वह 1960-1970 के दशक में टॉप एक्ट्रेसेस में से एक थीं। सायरा ने अपने समय के सभी शीर्ष अभिनेताओं के साथ काम किया था।
सायरा बानो को एंजियोग्राफी की आवश्यकता है, लेकिन उनके परिवार ने अभी तक इस पर निर्णय नहीं लिया है। परिवार के एक करीबी सूत्र ने कहा कि, "हमें एंजियोग्राफी के लिए जाने की कोई जल्दी नहीं है। हम 4 या 5 दिनों में फैसला करेंगे।" उनके करीबी लोगों ने बताया कि, सायरा जी पति दिलीप कुमार के निधन से उबर नहीं पा रही हैं। बता दें कि, 7 जुलाई 2021 को अभिनेता दिलीप कुमार का निधन हो गया था। सायरा के जीवन का एक लंबा दौर उनके इर्द-गिर्द घूमता था, और अब दिलीप साहब की अनुपस्थिति में चीजें कठिन होती जा रही हैं। क्योंकि उन्होंने महज 22 साल की उम्र में अभिनेता दिलीप कुमार से शादी कर ली थी।
(ये भी पढ़ें: दिलीप कुमार के निधन के बाद ये थे सायरा बानो के पहले शब्द, कहा- 'जिंदगी जीने की वजह छीन ली')
कुछ दिनों पहले, सायरा बानो ने अभिनेता धर्मेंद्र को अपनी तबीयत के बारे में जानकारी दी थी। धर्मेंद्र ने 'ई-टाइम्स' को दिए इंटरव्यू में बताया था कि, सायरा बानो और उनकी करीब चार दिन पहले फोन पर छोटी सी बात हुई थी, जब सायरा बानो ने उनके मिस्ड कॉल पर वापस कॉल किया था। उन्होंने कहा था कि, "सायरा ने मुझे बताया था कि, उनकी तबीयत ठीक नहीं है।"
(ये भी पढ़ें: जब सायरा बानो ने कहा था- 'हमें बच्चे की जरूरत नहीं, दिलीप साहब तो खुद दिल से बच्चे हैं')
सायरा ने हाल ही में, अपने प्यारे पति व अनुभवी अभिनेता दिलीप कुमार को खो दिया था। 98 वर्षीय अभिनेता का 7 जुलाई 2021 को उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण निधन हुआ था। सायरा और दिलीप कुमार की शादी को 54 साल हो गए थे और उनकी प्रेम कहानी आज भी बॉलीवुड की सबसे रोचक स्टोरी है। सायरा जीवन भर दिलीप कुमार के लिए 'रीढ़ की हड्डी' की तरह रहीं। पिछले कुछ वर्षों में जब दिलीप कुमार की तबीयत खराब हो रही थी, तब सायरा ने उनके सबसे मजबूत सपोर्ट सिस्टम की तरह उनके साथ रहना सुनिश्चित किया था।
फिलहाल, हम भी सायरा बानो के स्वास्थ्य संकट में उनके साथ खड़े हैं और उनके पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।