हाल ही में, एक्टर सैफ अली खान और उनके लाडले बेटे तैमूर की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बाप-बेटे पिज्जा बनाते दिखाई दे रहे हैं। आइए आपको दिखाते हैं।
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान (Saif Ali Khan) अपने परिवार को लेकर शुरू से ही काफी केयरिंग रहे हैं। फिल्मों में एक्टिंग के साथ-साथ वह अपने बच्चों सारा अली खान, इब्राहिम अली खान, तैमूर अली खान और जेह अली खान के साथ भी समय बिताना पसंद करते हैं। इसके अलावा, सैफ को घूमने-फिरने का भी काफी शौक है। हाल ही में, सैफ अली खान और तैमूर की मालदीव से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जहां सैफ और उनके बेटे तैमूर मालदीव में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। हालांकि, इस दौरान सैफ की पत्नी व एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपने परिवार के साथ मौजूद नहीं हैं। दरअसल, करीना लंदन में हंसल मेहता की अगली फिल्म की शूटिंग कर रही हैं।
वायरल हो रही तस्वीरों में से एक में तैमूर अली खान को पिज्जा बनाते हुए देखा जा सकता है, बल्कि सैफ इस पल को कैमरे में कैद कर रहे हैं। फोटो में तैमूर शेफ कैप और एप्रन के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं, सफेद रंग की टी-शर्ट और शॉर्ट्स में हैंडसम लग रहे सैफ अपने लाडले बेटे तैमूर की निगरानी कर रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में सैफ और तैमूर अपने रिसॉर्ट में बीच की कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं और सामने समुद्र दिखाई दे रहा है। जहां सैफ व्हाइट कुर्ते और शॉर्ट्स में हैं, वहीं तैमूर व्हाइट पैंट और जूतों के साथ स्वेटशर्ट में काफी क्यूट लग रहे हैं। तस्वीर को देखकर ऐसा लगता है कि दोनों आपस में बातचीत कर रहे हैं।
हाल ही में, सैफ ने अपने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में अपने लाडले बेटे तैमूर अली खान की स्कूली शिक्षा और मीडिया अटेंशन पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था, ''मुझे और करीना को लगता है कि मीडिया का यह अटेंशन बिल्कुल अलग तरह का खेल है। हमारा परिवार कभी-कभी इस बात को लेकर चिढ़ जाता है और यही एक कारण है कि हम अपने परिवार के साथ निजी स्थानों पर यात्रा करने जाते हैं।'' यही कारण है कि सैफ अली खान अपने हॉलीडे प्लान्स को सीक्रेट रखना पसंद करते हैं।
बता दें कि सैफ और करीना साल 2012 में शादी के बंधन में बंधे थे और तब से इंडस्ट्री की ये रॉयल जोड़ी अपनी केमिस्ट्री से फैंस को दीवाना बना रही है। उनके दो बेटे तैमूर और जहांगीर उर्फ जेह अपने माता-पिता की ही तरह लाइमलाइट में रहते हैं। तैमूर और जहांगीर के अलावा सैफ के दो बच्चे और हैं, जिनका नाम सारा अली खान और इब्राहिम अली खान है। यह सैफ और उनकी पहली पत्नी अमृता सिंह के बच्चे हैं।
अमृता सिंह और सैफ अली खान की शादी साल 1991 में हुई थी। उस वक्त अपने से 12 साल बड़ी अमृता सिंह से शादी करना सैफ के लिए काफी साहसिक कदम था। हालांकि, चीजें ज्यादा दिनों तक ठीक नहीं रहीं और शादी के 13 साल बाद साल 2004 में दोनों का तलाक हो गया। सैफ और अमृता के तलाक की असली वजह जानने के लिए यहां क्लिक करें।
खैर, हमें तो सैफ और तैमूर की ये बॉन्डिंग बेहद प्यारी लगी। आपको नन्हे नवाब की तस्वीरें कैसी लगीं? हमें कमेंट में जरूर बताएं।