दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर अपने भतीजे रणबीर की शादी में शामिल होने के लिए गोवा से मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं। इस बीच उन्होंने शादी के बारे में बात की है। आइए आपको बताते हैं उन्होंने क्या कहा है।
बॉलीवुड के स्टार कपल रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। कपल की शादी से जुड़ी हर अपडेट हम आपको लगातार देते आ रहे हैं।
इस बीच रणबीर कपूर के पूरे परिवार को आज यानी 13 अप्रैल 2022 को उनके बांद्रा स्थित घर में जाते देखा गया। इनमें मां नीतू कपूर, बहन रिद्धिमा कपूर साहनी और बुआ रीमा जैन भी शामिल हैं। हालांकि, यहां रणबीर के ताऊजी रणधीर कपूर नहीं नजर आए। बताया जा रहा है कि, रणधीर कपूर गोवा गए थे और हाल ही में वह मुंबई के लिए रवाना हुए हैं।
(ये भी पढ़ें- रणबीर कपूर शादी में 'जूता चुराई' रस्म के लिए आलिया भट्ट की गर्ल गैंग को देंगे 1 लाख रुपए)
'पिंकविला' को दिए गए इंटरव्यू में रणधीर कपूर ने बताया, "रणबीर शादी करने वाले हैं, लेकिन आज नहीं, 15 तारीख के आस-पास, मैं उसके लिए बहुत खुश हूं।" वहीं रिसेप्शन के सवाल पर रणधीर ने जवाब दिया, "हम इस पर चर्चा कर रहे हैं। मैं रास्ते में हूं (मुंबई के लिए)। गोवा में था और मैं अब वापस आ रहा हूं। आज हम इस पर चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे।"
इसी बीच रणबीर और आलिया के दिन को खास बनाने के लिए उनके दोस्त और डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के गाने 'केसरिया' में कपल की एक छोटी झलक को रिलीज किया। इस वीडियो के साथ अयान ने कैप्शन में लिखा है, "यह रणबीर और आलिया के लिए! और... जल्द ही वे पवित्र यात्रा का आरंभ करने जा रहे हैं! रणबीर और आलिया… इस दुनिया में मेरे सबसे करीबी और प्यारे लोगों में से एक हैं… इन्होंने हमारी दुनिया में बहुत सारी खुशियां जोड़ी और पूरी तरह से और निस्वार्थ रूप से हमारी फिल्म के लिए काम किया…! हमें बस उनके मिलन का एक अंश साझा करना था, हमारी फिल्म से, हमारे गीत 'केसरिया' से, उन्हें मनाने के लिए ... उन्हें उपहार के रूप में, और सभी को !! कामना करते हैं कि, सभी ऊर्जा और आशीर्वाद, सारी खुशी और सभी पवित्रता, जीवन के एक अद्भुत नए अध्याय में प्रवेश करते हुए उन्हें घेर लें..जब वे हमेशा के लिए एक हो जाएं।”
(ये भी पढ़ें- रणबीर कपूर वेडिंग में आलिया भट्ट को देंगे खास गिफ्ट, एक्ट्रेस इला अरुण ने की शादी की पुष्टि)
एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो, आलिया और रणबीर की शादी 15 अप्रैल को पंजाबी रीति रिवाज से होगी और रात 2 बजे से 4 बजे के बीच यानी 16 अप्रैल की सुबह दोनो सात फेरे लेंगे। उनकी प्री-वेडिंग रस्में आज यानी 13 अप्रैल 2022 से ही शुरू हो चुकी हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो, रणबीर और आलिया की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ (Brahmastra) की शूटिंग का आखिरी शेड्यूल कम्पलीट कर लिया गया है। ये फिल्म 9 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘ब्रह्मास्त्र’ में रणबीर और आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), नागार्जुन (Nagarjuna) और मौनी रॉय (Mouni roy) भी नजर आएंगे। इसके अलावा आलिया, करण जौहर (Karan Johar) की फिल्म ‘तख्त’, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘डार्लिंग्स’ में भी लीड रोल में नजर आएंगी।
(ये भी पढ़ें- आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी: प्री-वेडिंग फंक्शन से वेडिंग आउटफिट्स तक जानें सब कुछ)
फिलहाल, हमें तो आलिया की दुल्हन लुक वाली फोटो का बेसब्री से इंतजार है। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।